50 से ज्यादा केस, 20 हत्या के आरोप...कौन था झारखंड का हिस्ट्रीशीटर विक्रम शर्मा, जिसकी सिल्वर सिटी मॉल के पास की गई हत्या

Dehradun Muder Case: देहरादून में सिल्वर सिटी मॉल के बाहर जिम से निकलते ही युवक की हत्या ने शहर को हिला दिया. पुलिस जांच में हिस्ट्रीशीटर बैकग्राउंड, हरिद्वार लिंक और गैंगवार की आशंका सामने आई है. लगातार हो रही हत्याओं के बीच कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं.

Dehradun Silver City Muder Case
Dehradun Silver City Muder Case

सागर शर्मा

follow google news

Dehradun Silver City Muder Case: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून शुक्रवार को एक बार फिर गोलियों की गूंज से दहल उठी है. यहां राजपुर रोड पर सिल्वर सिटी मॉल के बाहर शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे बदमाशों ने गोली मारकर एक युवक की हत्या कर दी. मृतक की पहचान  झारखंड के रहने वाले विक्रम शर्मा के रूप में हुई है.  वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर सीसीटीवी कैमरे में भागते हुए कैद गए. पुलिस अब उनकी तलाश कर रही है. आपको बता दें कि बीते 15 दिनों के अंदर देहरादून में ये पांचवीं हत्या है और 48 घंटे में दूसरी. लगातार हो घटनाओं ने शहर की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Read more!

जिम से निकलते ही शूटरों ने घेरा

पुलिस के मुताबिक, विक्रम शर्मा देहरादून में फ्लैट लेकर रहता था और रोज की तरह शनिवार को भी सिल्वर सिटी मॉल स्थित जिम में वर्कआउट करने आया था. जैसे ही विक्रम जिम से बाहर निकलकर नीचे उतरा, पहले से घात लगाए बैठे दो हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. एक अन्य साथी बाइक लेकर कुछ दूरी पर तैयार खड़ा था. घायल विक्रम को अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.

कौन था हिस्ट्रीशीटर विक्रम शर्मा?

इस हत्याकांड का शिकार बना विक्रम शर्मा झारखंड का एक बड़ा हिस्ट्रीशीटर था. उसने देहरादून में एक फ्लैट लिया हुआ था. वो यहां अक्सर आताअ जाता रहता था. पुलिस के अनुसार, झारखंड पुलिस से मिली जानकारी में सामने आया है कि विक्रम शर्मा के खिलाफ हत्या, लूट और रंगदारी जैसे करीब 52 आपराधिक मुकदमे दर्ज थे. इनमें से लगभग 20 मामले सिर्फ हत्या के थे. वो लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त था और आशंका जताई जा रही है कि ये हत्या पुरानी रंजिश या वर्चस्व की जंग का परिणाम हो सकती है.

हत्याकांड का हरिद्वार कनेक्शन आया सामने

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि शूटर हरिद्वार में रुके थे. उन्होंने वारदात को अंजाम देने के लिए हरिद्वार से ही एक बाइक और एक स्कूटी किराए पर ली थी. इन्हीं गाड़ियों से वे देहरादून पहुंचे और विक्रम शर्मा की हत्या की. हैरान करने वाली बात ये है कि हत्या के बाद बदमाश वापस हरिद्वार गए. इसके बाद उन्होंने वहां रेंटल गाड़ियां वापस कीं और फिर फरार हो गए.

पुलिस की कार्रवाई और सीसीटीवी फुटेज

शुक्रवार को एसएसपी देहरादून अजय सिंह और एसटीएफ एसपी नवनीत भुल्लर ने हरिद्वार पहुंचकर उन जगहों की जांच की है जहां से गाड़ियां ली गई थीं. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्य जुटा लिए हैं. अजय सिंह का कहना है कि हमलावरों की पहचान लगभग हो चुकी है और झारखंड पुलिस के साथ इनपुट साझा किए जा रहे हैं. पुलिस को शक है कि इस हत्या की साजिश जेल के भीतर से भी रची जा सकती है क्योंकि विक्रम एक बड़े गैंग का हिस्सा था और वहां गैंगवार की स्थिति बनी रहती थी.

विपक्ष ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल

देहरादून में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं को लेकर राजनीति भी गरमा गई है. कांग्रेस नेता सूर्यकांत धस्माना ने मौके पर पहुंचकर सरकार और पुलिस प्रशासन को घेरा. उन्होंने कहा कि राजधानी के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में अगर सरेआम गोलियां चल रही हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का क्या होगा.

इनपुट :मुदित कुमार अग्रवाल

यह भी पढ़ें: देहरादून: 14 करोड़ की डील और कोर्ट में स्टे...मां ने शूटरों से चलवाई थी बेटे पर गोली, जानें तिब्बती मार्केट के पास हुए मर्डर की पूरी कहानी

    follow google news