दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे खुलते ही घटा बस किराया, अब AC में सफर के लिए देने होंगे इतने रुपये, जानें पूरी डिटेल

अंकित शर्मा

• 05:16 PM • 18 Apr 2026

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे शुरू होते ही उत्तराखंड रोडवेज ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है. वॉल्वो, एसी और साधारण बसों के किराए में भारी कटौती की गई है. अब देहरादून से दिल्ली का सफर न केवल सस्ता होगा, बल्कि समय की भी भारी बचत होगी. जानिए अब कितना लगेगा किराया.

दिल्ली-देहरादून के बीच घटा बसों का किराया (सांकेतिक तस्वीर)
दिल्ली-देहरादून के बीच घटा बसों का किराया (सांकेतिक तस्वीर)
Google CTA

Delhi Dehradun Expressway Bus Fare: दिल्ली और देहरादून के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक राहत भरी खबर है. दरअसल,  दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे शुरू होने के बाद उत्तराखंड परिवहन निगम ने किराए में भारी कटौती करने का फैसला लिया है. यात्रा के दौरान सफर में लगने वाले समय में की  बचत तो होगी ही, साथ ही यात्रियों को पैसे भी कम खर्च करने होंगे.

Read more!

इस एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के बादअब दिल्ली से देहरादून की सड़क से दूरी 260 किलोमीटर से घटकर 216 किलोमीटर रह गई है. ऐसे में अब इसका सीधा फायदा यात्रियों की जेब को मिला है. उत्तराखंड रोडवेज के सहायक महा प्रबंधक प्रतीक जैन के मुताबिक, एक्सप्रेसवे पर ट्रायल सफल रहने के बाद किराए की नई दरें लागू कर दी गई हैं.

वॉल्वो से लेकर साधारण बस तक के नए रेट

किराए में हुई कटौती के बाद अब वॉल्वो बस का सफर काफी किफायती हो गया है. पहले वॉल्वो का किराया 945 रुपये था जो अब घटकर 709 रुपये रह गया है. इसी तरह एसी बस का किराया 704 रुपये की जगह 557 रुपये और साधारण बस का किराया 420 रुपये से कम होकर 355 रुपये कर दिया गया है. इस फैसले से हर वर्ग के यात्रियों को बड़ी राहत मिली है.

बस का प्रकार  पुराना किराया (₹) नया किराया (₹) कमी (₹)
वॉल्वो बस 945  709  236
एसी बस 704  557  147
साधारण बस 420  355  65

एक्सप्रेसवे पर नॉन-स्टॉप बसों का संचालन शुरू

रोडवेज ने इस नए रूट पर बसों का संचालन भी शुरू कर दिया है. वर्तमान में एक्सप्रेसवे पर 8 वॉल्वो, 6 एसी और 2 साधारण बसें नॉन-स्टॉप चल रही हैं. यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए आने वाले समय में बसों के फेरे बढ़ाने की भी योजना है.

ट्रांसपोर्टर्स को भी फायदा लेकिन टोल की चिंता

एक्सप्रेसवे शुरू होने से सिर्फ बस यात्री ही नहीं, बल्कि ट्रक और ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े लोग भी खुश हैं. ट्रकों का सफर अब 7-8 घंटे के बजाय करीब 4 घंटे में पूरा हो सकेगा, जिससे डीजल की बड़ी बचत होगी. हालांकि, ट्रांसपोर्टर्स ने टोल की ऊंची दरों को लेकर चिंता जताई है. उनका मानना है कि ईंधन बचने से राहत तो मिलेगी, लेकिन टोल का ज्यादा बोझ व्यापार पर असर डाल सकता है.

ऑनलाइन और ऑफलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा

यात्री अपनी यात्रा के लिए देहरादून  के ISBT के काउंटर से ऑफलाइन टिकट खरीद सकते हैं. इसके अलावा परिवहन निगम की वेबसाइट https://utconline.uk.gov.in/home.aspx और पथिक मोबाइल ऐप के जरिए भी ऑनलाइन टिकट बुक करने की सुविधा उपलब्ध है.