Gangotri Dham Kapat Band: गंगोत्री धाम के कपाट आज दोपहर 12 बजकर 05 मिनट पर शीतकाल के लिए पूरी तरह बंद कर दिए गए हैं. अन्नकूट के पावन पर्व पर आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान के साथ ही मां गंगा की उत्सव डोली अपने शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना हो चुकी है. अब अगले 6 महीनों तक मां गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना उनके मायके यानी मुखवा (मुखी मठ) में ही संपन्न की जाएगी.
ADVERTISEMENT
ढोल-नगाड़ों और जयकारों के साथ मायके रवाना हुईं मां गंगा
कपाट बंद होने के बाद मां गंगा की उत्सव डोली को पूरे उत्साह और उमंग के साथ मुखवा के लिए ले जाया जा रहा है. सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु नाचते-गाते और मां गंगा के जयकारे लगाते हुए पैदल यात्रा कर रहे हैं. रास्ते में चारों ओर देवदार के ऊंचे वृक्ष और बर्फ से ढकी पहाड़ियां इस पल को बेहद मनमोहक बना रही हैं. माहौल देखकर ऐसा लग रहा है मानो कोई बेटी खुशी-खुशी अपने मायके जा रही हो.
मार्कंडेय पूरी में रात्रि विश्राम, भैया दूज को मुखवा में होगा आगमन
तीर्थ पुरोहितों के अनुसार, मां गंगा की उत्सव डोली आज रात मार्कंडेय पूरी स्थित देवी मंदिर में विश्राम करेगी. इसके बाद कल भैया दूज के पावन अवसर पर डोली अपने मुख्य शीतकालीन प्रवास मुखवा पहुंचेगी. वहां डोली के स्थापित होते ही अगले 6 माह के लिए भक्तों को मां गंगा के दर्शन और पूजा का अवसर मुखवा में ही मिलेगा.
जानिए क्यों मुखवा को कहा जाता है मां गंगा का मायका
तीर्थ पुरोहित सुरेश सेमवाल ने इस परंपरा से जुड़ी एक प्राचीन धार्मिक मान्यता के बारे में बताया. पौराणिक कथा के अनुसार, प्राचीन काल में महर्षि मातंग ने हिमालय की इस पवित्र भूमि पर सालों तक बिना अन्न और जल के बेहद कठोर तपस्या की थी. उनकी इस कठिन साधना से प्रसन्न होकर मां गंगा ने उन्हें दर्शन दिए और वरदान मांगने को कहा.
मातंग ऋषि की तपस्या और मां गंगा का वरदान
ऋषि मातंग ने मां गंगा से प्रार्थना की थी कि जब शीतकाल में गंगोत्री क्षेत्र पूरी तरह बर्फ से ढक जाए और श्रद्धालुओं का वहां पहुंचना कठिन हो जाए, तब मां गंगा इस स्थान पर निवास करें. मां गंगा ने ऋषि की इस विनती को स्वीकार कर लिया. इसी लोकमान्यता के कारण मुखवा को मां गंगा का मायका और शीतकालीन निवास माना जाता है.
यह भी पढ़ें: दीपावली पर गेंदे और चमेली के फूलों से सजा बदरीनाथ धाम, तस्वीरों में देखिए मंदिर का खूबसूरत नजारा
ADVERTISEMENT


