हल्द्वानी: रामलीला मैदान के कथित शुद्धिकरण पर बवाल, कांग्रेस ने SSP को दिया 3 दिन का अल्टीमेटम, जानें क्या है मांग

लीला सिंह बिष्ट

• 07:46 PM • 01 Sep 2026

हल्द्वानी में रामलीला मैदान कथित शुद्धिकरण विवाद लगातार तूल पकड़ता जा रहा है. विधायक सुमित हृदयेश के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी से मुलाकात की. कांग्रेस ने फर्जी वीडियो बनाने वालों पर एफआईआर की मांग करते हुए पुलिस को 3 दिन का समय दिया है, वरना आंदोलन की चेतावनी दी है.

हल्द्वानी रामलीला मैदान के कथित शुद्धिकरण पर बवाल
हल्द्वानी रामलीला मैदान के कथित शुद्धिकरण पर बवाल
Google CTA

Haldwani Ramlila Maidan controversy: हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस की रैली के बाद हुए कथित शुद्धिकरण के मामले को लेकर विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है. इस मुद्दे को लेकर देशभर की राजनीति से लेकर स्थानीय स्तर और पुलिस महकमे तक हलचल बढ़ गई है. इसी सिलसिले में मंगलवार को विधायक सुमित हृदयेश की अगुवाई में कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी से मिलने पहुंचा. इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मामले में शामिल लोगों के खिलाफ जल्द कार्रवाई करने की मांग की.

Read more!

नकली वीडियो और शुद्धिकरण करने वालों पर कार्रवाई की मांग

कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने पुलिस प्रशासन को तहरीर सौंपते हुए सख्त रुख अपनाया है. विधायक सुमित हृदयेश और कार्यकर्ताओं का कहना है कि रामलीला मैदान का शुद्धिकरण करने वालों और 'अल्लाह हू अकबर' के नाम से फर्जी वीडियो तैयार करने वालों पर कार्रवाई हो. उन्होंने मांग कि ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ तुरंत FIR दर्ज हो.

पुलिस ने दिया कानूनी जांच का आश्वासन

एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने बताया कि कांग्रेस नेताओं ने अलग-अलग जगह दिए गए आवेदनों और तहरीर की स्थिति की जानकारी ली है. उन्होंने बताया कि पुलिस को जो भी आवेदन मिले हैं, उन पर कानूनी राय ली जा रही है. जांच की प्रक्रिया जारी है और लीगल एग्जामिनेशन पूरा होते ही आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.

3 दिन में FIR नहीं तो उग्र आंदोलन की चेतावनी

विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि पुलिस कप्तान ने उन्हें दो से तीन दिन के भीतर कार्रवाई पूरी करने का भरोसा दिया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर तय समय में मामला दर्ज नहीं होता है, तो कांग्रेस पार्टी चुप नहीं बैठेगी. परसों के बाद कार्यकर्ता एसएसपी दफ्तर के बाहर धरने पर बैठकर बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे.

भारी बारिश के बीच पुलिस बल तैनात, गेट किए गए बंद

क्षेत्र में कांग्रेस के संभावित प्रदर्शन और घेराव की खबर मिलते ही प्रशासन सतर्क हो गया. भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता कोतवाली का घेराव करने पहुंचे. सुरक्षा के लिहाज से एसएसपी ऑफिस और कोतवाली के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और एहतियात के तौर पर मुख्य द्वारों को बंद कर दिया गया.

यह भी पढ़ें: राहुल गांधी पर हल्द्वानी में दर्ज हुई FIR, जानिए क्या-क्या लगाए गए हैं आरोप!