चमोली: बद्रीनाथ जा रहा हेलीकॉप्टर जोशीमठ के पास लापता, पायलट समेत 6 लोग थे सवार, तलाश में जुटे 2 हेलीकॉप्टर

अंकित शर्मा

30 Oct 2026 (अपडेटेड: Oct 30 2026 4:59 PM)

Joshimath Helicopter Missing: उत्तराखंड में बदरीनाथ से देहरादून जा रहा हेलीकॉप्टर जोशीमठ घाटी के ऊपर हादसे का शिकार हो गया. इसमें पायलट समेत छह लोग सवार थे. मुख्यमंत्री धामी ने चाई गांव के पास क्रैश की सूचना दी है. सेना और SDRF की टीमें रेस्क्यू में जुटी हैं.

Joshimath Helicopter Missing:
Joshimath Helicopter Missing:
Google CTA

Joshimath Helicopter Missing: उत्तराखंड के बदरीनाथ धाम से देहरादून के लिए उड़ान भरने वाला एक हेलीकॉप्टर शुक्रवार दोपहर लापता हो गया. हेलीकॉप्टर में पायलट समेत 6 लोग सवार थे. बताया जा रहा है कि उड़ान के दौरान जोशीमठ घाटी के ऊपर अचानक हेलीकॉप्टर से संपर्क टूट गया था. इसके बाद उसकी लोकेशन भी ट्रैकिंग सिस्टम से मिलनी बंद हो गई. फिलहाल हेलीकॉप्टर की स्थिति अज्ञात बनी हुई है. वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि प्रशासन और SDRF की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई हैं. 

Read more!

बदरीनाथ से देहरादून जा रहा था हेलीकॉप्टर

उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (UCADA) की ओर से 30 अक्टूबर को जारी प्रेस नोट के मुताबिक, ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का हेलीकॉप्टर शुक्रवार दोपहर करीब 1:14 बजे बदरीनाथ से सहस्रधारा, देहरादून के लिए रवाना हुआ था. हेलीकॉप्टर का कॉल साइन VT-HCX बताया गया है. उड़ान के दौरान जब हेलीकॉप्टर जोशीमठ घाटी के ऊपर था, तभी उसका संपर्क टूट गया. इसी समय ट्रैकिंग सिस्टम पर भी उसकी लोकेशन मिलनी बंद हो गई. इसके बाद से हेलीकॉप्टर की सटीक स्थिति का पता नहीं चल पाया.

सेना, SDRF और जिला प्रशासन ने संभाला मोर्चा

हेलीकॉप्टर से संपर्क टूटने की जानकारी मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया. भारतीय सेना, चमोली जिला प्रशासन और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमों को खोज एवं बचाव अभियान के लिए रवाना किया गया. सभी टीमें मिलकर हेलीकॉप्टर और उसमें सवार लोगों की तलाश में जुटी हैं. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखने की बात कही है.

पायलट समेत छह लोग थे हेलीकॉप्टर में सवार

हेलीकॉप्टर में कुल छह लोग सवार थे. इनमें एक पायलट और पांच यात्री शामिल थे. UCADA के प्रेस नोट में सभी के नाम की जानकारी दी गई है.

  • कैप्टन हिमांशु सभरवाल, उम्र 48 वर्ष, निवासी दिल्ली
  • प्रतापा, उम्र 41 वर्ष, (पुरुष) निवासी कर्नाटक
  • अरुण सालुंके, उम्र 44 वर्ष, (पुरुष) निवासी कर्नाटक
  • वी.बी. शंकर गौड़ा, उम्र 39 वर्ष, (पुरुष) निवासी कर्नाटक
  • सुधीर के., उम्र 50 वर्ष, (पुरुष) निवासी कर्नाटक
  • एच.एस. नटराजा, उम्र 51 वर्ष, (पुरुष) निवासी कर्नाटक

एहतियातन ट्रांस भारत एविएशन के पूरे बेड़े को किया गया ग्राउंड

हेलीकॉप्टर हादसे की सूचना के बाद उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण ने एहतियाती कदम उठाया है. ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के पूरे हेलीकॉप्टर बेड़े को फिलहाल ग्राउंड कर दिया गया है. यानी कंपनी के हेलीकॉप्टरों की उड़ान पर अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई है.

CM पुष्कर सिंह धामी ने क्या कहा?

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया पर घटना को लेकर जानकारी साझा की. उन्होंने चाई गांव, जोशीमठ के नजदीक हेलीकॉप्टर क्रैश होने की दुर्भाग्यपूर्ण सूचना मिलने की बात कही. सीएम ने बताया कि जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और SDRF की टीमें मिलकर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं. उन्होंने कहा कि वह खुद भी पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी कर रहे हैं. मुख्यमंत्री ने गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एयरलिफ्ट कर बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने यात्रियों के सकुशल होने की कामना भी की.

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का बयान आया सामने

उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी इस घटना पर दुख जताया है. उन्होंने कहा कि मृतकों के परिवारों के प्रति सभी की संवेदनाएं हैं. उनके मुताबिक, राज्य में आने वाले अतिथियों को सुरक्षित यात्रा उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है. हरीश रावत ने कहा कि हवाई यात्राओं में इस तरह की घटनाएं होना चिंताजनक है. सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से काम करने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि इस समय सबसे बड़ी जिम्मेदारी प्रभावित लोगों की तलाश करना और उनके परिवारों के साथ खड़ा होना है. उन्होंने 'अतिथि देवो भव:' का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में आने वाले मेहमानों की सुरक्षा राज्य का कर्तव्य है. फिलहाल हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की स्थिति और हादसे से जुड़ी पूरी जानकारी का इंतजार है.

यह भी पढें: पौड़ी: पीठ पर बच्ची, सामने टूटा पुल और नीचे बहता पानी...10 साल से इंतजार कर रहे ग्रामीण, वायरल वीडियो ने खोली विकास की पोल