काशीपुर: सरकारी अस्पताल में मोमबत्ती की रोशनी हो रहा था इलाज? जानिए अस्पताल प्रशासन ने इस पर क्या दी सफाई

रमेश चंद्रा

• 08:17 PM • 09 Sep 2026

Kashipur Government Hospital Candle Light Treatment: ऊधम सिंह नगर के काशीपुर सरकारी अस्पताल में बिजली गुल होने पर मोमबत्ती की रोशनी में मरीजों का इलाज करने का वीडियो वायरल हुआ है. इस घटना ने स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खोल दी है, वहीं मामले में अब अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजीव दीक्षित का बयान भी सामने आया है.

काशीपुर सरकारी अस्पताल में मोमबत्ती की रोशनी में इलाज का वीडियो वायरल
काशीपुर सरकारी अस्पताल में मोमबत्ती की रोशनी में इलाज का वीडियो वायरल
Google CTA

Kashipur L.D. Bhatt Government Hospital Viral Video: सरकारी दावों के बीच ऊधम सिंह नगर के काशीपुर स्थित एल डी भट्ट राजकीय चिकित्सालय से एक हैरान करने वाली तस्वीर सामने आई है. अस्पताल परिसर में बिजली न होने के कारण डॉक्टरों को मजबूरी में मोमबत्ती जलाकर मरीजों का इलाज और ओपीडी सेवाएं देनी पड़ीं. इस पूरे वाकये का एक वीडियो सोशल मीडिया पर बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है. इसके बाद से पूरे प्रदेश में यह मामला अब चर्चा का केंद्र बना हुआ है. इस बीच अब मामले में अस्पताल के सीएमएस का बयान भी सामने आया हैं. 

Read more!

बैकअप व्यवस्था पर अस्पताल प्रशासन का जवाब

वीडियो के सामने आने के बाद स्वास्थ्य महकमे में खलबली मच गई और प्रशासन की तरफ से बयान जारी किया गया. अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजीव दीक्षित ने इस पर अपनी स्थिति स्पष्ट की है. उन्होंने बताया कि अस्पताल परिसर में बिजली कटौती से निपटने के लिए दो जनरेटर और पर्याप्त इनवर्टर की सुविधा मौजूद है. यह बैकअप सिस्टम आपातकालीन स्थितियों में अस्पताल की जरूरतों के हिसाब से काम करता है.

दस मिनट के अंतराल में बना वीडियो

अस्पताल के सीएमएस के अनुसार, सोशल मीडिया पर दिख रहा दृश्य ओपीडी का है. यह वीडियो उस वक्त बनाया गया जब अचानक बिजली चली गई थी और वैकल्पिक व्यवस्था को सुचारू करने में लगभग 10 मिनट का समय लग गया. उन्होंने आगे जानकारी दी कि भविष्य में मरीजों और डॉक्टरों को ऐसी किसी भी असुविधा से बचाने के लिए अस्पताल में जल्द ही ऑनलाइन यूपीएस की नई व्यवस्था स्थापित की जाएगी.

जिला प्रशासन ने दिए जांच के निर्देश

इस पूरे मामले पर प्रशासनिक स्तर से भी प्रतिक्रिया आई है. ऊधम सिंह नगर के एडीएम पंकज उपाध्याय ने कहा कि यह विषय अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है. वह जल्द ही एल डी भट्ट राजकीय चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक से बात करके पूरी रिपोर्ट मांगेंगे. एडीएम ने साफ किया कि अगर जांच के दौरान किसी भी तरह की गंभीर लापरवाही या त्रुटि पाई जाती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.

यह भी पढ़ें: उत्तराखंड: खौफनाक सफर! बारिश और गहरी खाई के बीच कंधों पर जिंदगी, चमोली की इस तस्वीर ने पूरे राज्य को झकझोरा