कोटद्वार में मोहम्मद दीपक नाम बताकर बुजुर्ग को बचाने वाले जिम मालिक का अब हो गया ये हाल!

Kotdwar Deepak Latest News: उत्तराखंड के कोटद्वार में एक मुस्लिम बुजुर्ग की दुकान बचाने वाले दीपक कुमार अब बड़ी मुश्किल में हैं. वायरल वीडियो के बाद हुए हंगामे ने उनके जिम कारोबार को ठप कर दिया है. दीपक ने एक ताजा इंटरव्यू में अपनी आपबीती सुनाते हुए परिवार की सुरक्षा और सोशल मीडिया पर मिल रही धमकियों का जिक्र किया है.

Kotdwar News
दीपक कुमार

विकास वर्मा

follow google news

कोटद्वार के पटेल मार्ग पर एक बुजुर्ग की दुकान बचाने वाले दीपक कुमार का नया बयान सामने आया है. दीपक ने बताया कि 31 जनवरी की घटना के बाद से उनके जिम में आने वाले बच्चों और युवाओं की संख्या में भारी गिरावट आई है. जिस जिम में पहले सुबह से शाम तक लगभग 150 बच्चे एक्सरसाइज करने आते थे, वहां अब मुश्किल से 12 से 15 बच्चे ही पहुंच रहे हैं. दीपक का कहना है कि उस दिन जो हंगामा हुआ, उससे बच्चों के मन में डर बैठ गया है और उनके घरवाले भी उन्हें जिम भेजने से कतरा रहे हैं.

Read more!

जिम में उस दिन क्या हुआ था

दीपक के अनुसार 31 जनवरी को करीब 150 से 200 लोग जिम के पास पहुंचे थे. उस समय जिम के अंदर 6-7 महिलाएं और कुछ लड़के एक्सरसाइज कर रहे थे. प्रदर्शनकारियों को देखकर जिम में मौजूद लोग डर गए और नीचे की तरफ भागे. दीपक का कहना है कि इसी घटना की वजह से लोगों के दिलो-दिमाग में खौफ बैठ गया है. हालांकि कुछ लोग मदद के लिए फोन कर रहे हैं, लेकिन दीपक ने फिलहाल किसी भी तरह की आर्थिक सहायता लेने से मना कर दिया है. उन्हें उम्मीद है कि हालात सामान्य होने पर बच्चे दोबारा जिम आना शुरू कर देंगे.

सोशल मीडिया पर धमकियां और पुलिस का एक्शन

विवाद के बाद दीपक को सोशल मीडिया के जरिए लगातार धमकियां मिल रही हैं. उन्होंने बताया कि कुछ लोग उन्हें मारने के बदले इनाम देने तक की बात कर रहे हैं. इस मामले की जानकारी जब पुलिस प्रशासन को मिली, तो उन्होंने तुरंत कड़ा एक्शन लिया. पुलिस ने धमकी देने वाले व्यक्ति को पकड़कर उससे माफी मंगवाई है. दीपक ने पुलिस की इस सख्त कार्यवाही पर खुशी जताई है. फिलहाल दीपक का परिवार भी इस पूरे घटनाक्रम के बाद से काफी डरा हुआ था, जिससे उनकी और उनके परिवार की तबीयत भी खराब हो गई थी.

यहां देखें इंटरव्यू

पूरा विवाद और दर्ज हुई एफआईआर

इस पूरे मामले की शुरुआत 26 जनवरी को हुई थी, जब बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने एक बुजुर्ग की दुकान के बोर्ड पर लिखे शब्द पर आपत्ति जताई थी. बीच-बचाव करने पहुंचे दीपक ने अपना नाम 'मोहम्मद दीपक' बताया था, जिसका वीडियो वायरल हो गया. इसके बाद 31 जनवरी को देहरादून से आए कार्यकर्ताओं ने कोटद्वार में जमकर हंगामा किया. पौड़ी पुलिस ने अब इस मामले में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. साथ ही दुकानदार के बेटे वकील अहमद और कमल पाल की शिकायतों पर भी अलग-अलग धाराओं में मुकदमे दर्ज किए गए हैं.

यह खबर भी पढ़ें: 'दीपक से नहीं, मोहम्मद दीपक दिक्कत'...धमकी देने वाले उत्कर्ष सिंह ने कहा-जेल जाएंगे तो कोर्ट में लड़ेंगे केस, देखें पूरा इंटरव्यू

    follow google news