मसूरी: खाई की तरफ लुढ़की कार, पेड़ पर अटकी, अंदर फंसे युवक रातभर करते रहे मदद का इंतजार, फिर सुबह ऐसे बची जान

सागर शर्मा

24 Aug 2026 (अपडेटेड: Aug 24 2026 2:38 PM)

Mussoorie Car Accident: दूधली मार्ग पर राह भटकने की वजह से देहरादून के दो युवक हादसे का शिकार हो गए. बारिश के चलते कार सड़क से फिसलकर गहरी खाई में समाने ही वाली थी कि एक पेड़ के सहारे रुक गई. पूरी रात युवक कार में फंसे रहे, जिसके बाद सुबह स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया.

मसूरी टला बड़ा हादसा
मसूरी टला बड़ा हादसा
Google CTA

Mussoorie News: पहाड़ों की रानी मसूरी के करीब दूधली मार्ग पर देर रात एक बड़ा हादसा होने से बच गया. यहां दिल्ली नंबर की एक प्राईवेट कार अचानक बेकाबू होकर खाई की तरफगिर गई. हालांकि, राहत की बात यह रही कि कार खाई के मुहाने पर बने एक पेड़ से टकराकर अटक गई, जिससे कार में सवार दो युवकों की जान बाल-बाल बच गई. इस हादसे का घायल हुए दो युवक देहरादून के रहने वाले बताए जा रहे हैं.

Read more!

रास्ता भटकने से हुआ हादसा, ढलान पर बिगड़ा संतुलन

दूधली गांव के स्थानीय निवासियों के मुताबिक, दोनों युवक रात के समय रास्ता भटक गए थे और गलती से दूधली मार्ग की तरफ निकल आए. क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश की वजह से सड़क पर काफी फिसलन बनी हुई थी. ढलान भरे रास्ते पर कार से अचानक नियंत्रण खो गया और गाड़ी सीधे सड़क छोड़कर नीचे की तरफ लुढ़क गई.

पूरी रात मौके पर तड़पते रहे घायल, सुबह मिला रेस्क्यू

दुर्घटना इतनी सुनसान जगह पर हुई कि रात के वक्त किसी को भी इसकी भनक तक नहीं लग सकी. कार सवार दोनों घायल युवक पूरी रात दुर्घटनास्थल पर ही मदद का इंतजार करते रहे. सुबह जब गांव के लोगों की नजर उस अटकी हुई गाड़ी पर पड़ी, तब जाकर घटना का खुलासा हुआ. ग्रामीणों ने बिना देर किए तुरंत पुलिस को इस बात की जानकारी दी.

पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, जांच में जुटी टीम

सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया. पुलिसकर्मियों ने ग्रामीणों की सहायता से घायलों को बाहर निकाला और तुरंत 108 एंबुलेंस के जरिए उप जिला चिकित्सालय भिजवाया. फिलहाल दोनों घायल युवकों का इलाज चल रहा है. वहीं पुलिस इस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.

खतरनाक रास्ते पर सुरक्षा रेलिंग लगाने की उठी मांग

इस हादसे के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में काफी गुस्सा और चिंता है. ग्रामीणों का कहना है कि दूधली मार्ग बहुत ज्यादा ढालदार है और कई संकरे मोड़ पर कोई सुरक्षा रेलिंग नहीं लगी है. बरसात के मौसम में यह सड़क किसी खतरे से कम नहीं होती. गांव के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि अति संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा रेलिंग जल्द लगाई जाए और सड़क की मरम्मत कराई जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके.

यह भी पढ़ें: प्रेमनगर: सड़क पर बवाल मचाने वालों पर दून पुलिस का एक्शन, 3 लोग गिरफ्तार, पुलिस को आरोपियों के पास से मिला ये सब