महानंदा एक्सप्रेस ट्रेन से लापता हुई प्रज्ञा सिंह इसलिए पहुंच गई थी बिहार, उनके भाई ने बताया क्या है यहां से कनेक्शन

Pragya Singh Missing Case: केदारनाथ धाम से लौटते समय महानंदा एक्सप्रेस में अचानक गायब हुई प्रज्ञा सिंह का मामला अब सुलझ गया है. हरिद्वार पुलिस ने सर्विलांस की मदद से उन्हें बिहार के बेगूसराय से बरामद कर लिया. इस बीच अब प्रज्ञा के भाई उनके बेगूसराय कनेक्शन के बारे में जानकारी दी है.

Pragya Singh Missing Case
Pragya Singh Missing Case

न्यूज तक डेस्क

follow google news

Pragya Singh Train Missing Case: बाबा केदारनाथ के दर्शन कर महानंदा एक्सप्रेस से गायब हुई प्रज्ञा सिंह का पता चल गया है. हरिद्वार पुलिस ने सर्विलांस की मदद से प्रज्ञा को रविवार को बिहार के बेगूसराय से बरामद कर लिया है. इस मामले का खुलासा खुद हरिद्वार जिले के एसपी (देहात) शेखर सिंह सुयाल ने किया. इस बीच अब प्रज्ञा सिंह के भाई सामने आए हैं. उन्होंने इस मामले में प्रज्ञा के बेगूसराय वाले कनेक्शन के बारे में बताया है. इसके साथ ही भाई ने यह भी खुलासा किया है कि उन्हें अपनी बहन की जानकारी कैसे मिली.

Read more!

सबसे पहले जानिए हरिद्वार पुलिस ने क्या कहा?

हरिद्वार जिले के एसपी (देहात) शेखर सिंह सुयाल ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद सर्विलांस की मदद से प्रज्ञा को 10 मई की शाम बिहार के बेगूसराय से बरामद कर लिया गया. उन्होंने बताया कि शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि केदारनाथ यात्रा पूरी करने के बाद घर वापस लौटते समय प्रज्ञा और उनके पति मनीष अग्रहरि के बीच किसी बात पर अनबन हो गई थी. इस वजह से प्रज्ञा सफर के दौरान बीच रास्ते में ही ट्रेन से उतरकर अकेले निकल गई थी. लेकिन इसके बाद आखिरकार उसे ट्रैक कर बरामद कर लिया गया.

भाई ने बताया बेगूसराय वाला कनेक्शन

इस मामले में जानकारी देते हुए प्रज्ञा के भाई ने बताया कि बेगूसराय में उसकी मौसी रहती है. भाई के अनुसार, प्रज्ञा ने उसे खुद फोन कर अपने बेगूसराय में होने की जानकारी दी. आपको बता दें कि उत्तराखंड police की कई टीमें प्रज्ञा की तलाश में जुटी हुई थीं. अब फिलहाल पुलिस ने प्रज्ञा को अपनी कस्टडी में ले लिया है. वहीं, दिल्ली में रहने वाले उसके परिजन आज लक्सर कोतवाली पहुंचकर उसे अपने साथ वापस लेकर जाएंगे.

अब जानिए क्या था पूरा मामला?

दरअसल, 5 मई की शाम कानपुर निवासी मनीष अग्रहरि अपनी पत्नी प्रज्ञा सिंह के साथ बाबा केदारनाथ के दर्शन के बाद वापस घर लौट रहे थे. इसके लिए दोनों ने देहरादून से महानंदा एक्सप्रेस ट्रेन पकड़ी. सफर में हुई थकान के कारण ट्रेन में मनीष को नींद आ गई. इसके बाद जब मुजफ्फरनगर के पास उनकी नींद खुली तो उनकी पत्नी अपनी सीट पर नहीं थी. उसका सारा सामान और पर्स ट्रेन की बर्थ पर ही रखा था, लेकिन वह अपना मोबाइल साथ लेकर गई थी.

उन्होंने प्रज्ञा को खूब इधर-उधर ढूंढा, लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चला. इसके बाद मनीष ने मामले में लक्सर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई. इसके बाद पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस और तकनीकी टीम की मदद से प्रज्ञा को ढूंढ निकाला. इस बीच अब पुलिस प्रज्ञा का ज्यूडिशियल स्टेटमेंट दर्ज करने के बाद मामले में आगे की जांच करेगी.

इनपुट: चांदनी क़ुरैशी 

यह भी पढ़ें: महानंदा एक्सप्रेस में पति के बगल वाली बर्थ से गायब हुई प्रज्ञा सिंह बेगुसराय में मिली, फिर पता चली ये कहानी

    follow google news