Pragya Singh Train Missing Case: पति मनीष अग्रहरि के साथ बाबा केदार के दर्शन कर महानंदा एक्सप्रेस से सफर के दौरान अचानक गायब हुई प्रज्ञा सिंह के मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है. हरिद्वार पुलिस ने सर्विलांस की मदद से प्रज्ञा सिंह को 10 मई की शाम बिहार के बेगूसराय से सुरक्षित बरामद कर लिया है. एसपी देहात हरिद्वार, शेखर सिंह सुयाल ने मामले की जानकारी देते हुए चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. उन्होंने इस बात का भी खुलासा किया है कि आखिर प्रज्ञा अचानक ट्रेन से कैसे लापता हो गई थी.
ADVERTISEMENT
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में यह बात सामने आई है कि केदारनाथ यात्रा से लौटते समय प्रज्ञा और उनके पति मनीष अग्रहरि के बीच किसी बात को लेकर अनबन हुई थी. इसी नाराजगी के कारण वो चुपचाप ट्रेन से उतरकर अकेले चलीं गई थी. उनका मोबाइल लोकेशन लक्सर रेलवे ट्रैक के पास मिला था, इसलिए पुलिस और परिवार किसी अनहोनी की आशंका से डरे हुए थे. अब प्रज्ञा के ज्यूडिशियल स्टेटमेंट दर्ज होने के बाद पुलिस इस मामले में आगे की जांच करेगी.
भाई ने बताया बेगूसराय वाला कनेक्शन
प्रज्ञा के भाई के अनुसार बेगूसराय में प्रज्ञा की मौसी रहती है. भाई की माने तो प्रज्ञा ने खुद फोन करके बताया था कि वो बेगूसराय में है. बता दें कि प्रज्ञा की तलाश में उत्तराखंड से लेकर बिहार तक पुलिस की कई टीमें जुटी थीं. पुलिस ने प्रज्ञा को अपनी कस्टडी में ले लिया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है. उसके परिजन कल दिल्ली में थे वे आज लक्सर कोतवाली पहुंचे है और आज प्रज्ञा को अपने साथ वापस लेकर जाएंगे.
जानिए क्या था पूरा मामला?
आपको बात दें कि 5 मई की शाम कानपुर के रहने वाले मनीष अग्रहरि अपनी पत्नी प्रज्ञा सिंह के साथ केदारनाथ धाम के दर्शन कर लौट रहे थे. दोनों ने देहरादून से महानंदा एक्सप्रेस ट्रेन में बैठे थे. इस बीच सफर में हुई थकान की वजह से मनीष की आंख लग गई. इसके बाद जब मुजफ्फरनगर के पास उनकी नींद खुली तो उनकी पत्नी अपनी सीट से गायब थी. लेकिन प्रज्ञा का सारा सामान और पर्स ट्रेन की बर्थ पर ही रखा था. वो सिर्फ अपना मोबाइल साथ ले गई थी. इससे मामला और उलझ गया.
सीसीटीवी और सर्विलांस ने की मदद
ट्रेन में काफी खोजबीन के बाद भी जब प्रज्ञा का कुछ पता नहीं चला तो मनीष ने मामले की रिपोर्ट लक्सर थाने में दर्ज करा दी. वहीं, जांच के दौरान रुड़की और लक्सर के कई सीसीटीवी कैमरे खराब थे. ऐसे में पुलिस के लिए ये मामला और भी चुनौतीपूर्ण हो गया. हालांकि, पुलिस ने मोबाइल सर्विलांस और तकनीकी टीम की मदद से प्रज्ञा काे ढूंढ निकाला. इस बीच अब पुलिस प्रज्ञा को हरिद्वार लाकर कोर्ट में बयान दर्ज कराने की तैयारी कर रही है.
इनपुट: चांदनी क़ुरैशी
ADVERTISEMENT


