राहुल गांधी ने कहा ‘बब्बर शेर’, ओवैसी ने बताया एकता का प्रतीक, जानें कौन हैं बुजुर्ग दुकानदार का साथ देने वाले जिम मालिक दीपक?

कोटद्वार में एक बुजुर्ग दुकानदार के समर्थन में आवाज उठाकर जिम मालिक दीपक कुमार चर्चा में आ गए हैं. उनके इस कदम की राहुल गांधी और असदुद्दीन ओवैसी ने सराहना की है जबकि मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

दीपक कुमार
दीपक कुमार

कीर्ति राजोरा

follow google news

उत्तराखंड के कोटद्वार से हाल ही में एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने पूरे देश में इंसानियत, साहस और सामाजिक एकता को लेकर चर्चा छेड़ दी है. इस मामले के केंद्र में हैं दीपक कुमार, जिन्हें लोग अब “मोहम्मद दीपक” के नाम से भी पहचान रहे हैं. एक बुजुर्ग दुकानदार के हक में आवाज उठाने के बाद वे अचानक सुर्खियों में आ गए हैं और सोशल मीडिया पर उनकी जमकर तारीफ हो रही है.

Read more!

क्या है पूरा मामला?

कोटद्वार में “बाबा स्कूल ड्रेस एंड मैचिंग सेंटर” नाम की दुकान पिछले करीब 30 साल से चल रही है. इसके मालिक 70 वर्षीय वकील अहमद हैं. बताया जाता है कि कुछ संगठनों से जुड़े युवकों ने दुकान के नाम में लिखे “बाबा” शब्द पर आपत्ति जताई और इसे बदलने की मांग की. उनका तर्क था कि “बाबा” शब्द एक खास धार्मिक आस्था से जुड़ा है.

इसी दौरान वहां मौजूद दीपक कुमार ने बुजुर्ग दुकानदार का समर्थन किया और कहा कि किसी को भी अपनी मेहनत से खड़ी की गई दुकान का नाम बदलने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए. जब माहौल गरमाने लगा तो दीपक ने आगे बढ़कर बात संभालने की कोशिश की और समझाने का प्रयास किया.

मैं मोहम्मद दीपक हूं... वीडियो हुआ वायरल

घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया, जिसमें दीपक कहते सुनाई देते हैं, “तू कौन है? … मैं मोहम्मद दीपक.” दरअसल, उन्होंने यह बात माहौल शांत कराने और यह संदेश देने के लिए कही कि इंसान की पहचान सिर्फ उसके धर्म से नहीं होती. इस बयान ने लोगों का ध्यान खींचा और उन्हें एकता का प्रतीक बताया जाने लगा.

बड़े नेताओं ने भी की सराहना

दीपक के इस कदम की राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा हुई. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर उन्हें “भारत का हीरो” बताया और लिखा कि वे संविधान और इंसानियत के लिए खड़े हैं. उन्होंने दीपक को “बब्बर शेर” कहते हुए हौसला बनाए रखने की बात कही.

वहीं AIMIM अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने भी दीपक की तारीफ करते हुए उन्हें सामाजिक सद्भाव की मिसाल बताया.

समर्थन के साथ बढ़ीं मुश्किलें

दीपक का कहना है कि बुजुर्ग दुकानदार के पक्ष में खड़े होने के बाद से उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में लोग उनके घर के बाहर जमा होकर नारेबाजी कर रहे हैं और परिवार को लेकर चिंता बढ़ गई है. दूसरी तरफ पुलिस भी मामले की जांच के तहत उनके घर और जिम के आसपास पहुंच रही है.

कौन हैं दीपक कुमार?

करीब 46 साल के दीपक कोटद्वार में एक जिम चलाते हैं और फिटनेस से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते रहते हैं. उनके पुराने पोस्ट से पता चलता है कि वे धार्मिक आस्था रखते हुए भी सभी धर्मों के सम्मान की बात करते हैं. यही वजह है कि उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर अलग-अलग समुदाय के लोग उनका समर्थन कर रहे हैं.

इस घटना के बाद उनके फॉलोअर्स तेजी से बढ़े हैं और लोग उनके पुराने पोस्ट पर जाकर भी इस कदम की तारीफ कर रहे हैं.

एक संदेश जो लोगों को जोड़ रहा है

दीपक लगातार सोशल मीडिया के जरिए लोगों से शांति और एकता बनाए रखने की अपील कर रहे हैं. कई लोग उन्हें साहसी बता रहे हैं और कह रहे हैं कि ऐसे उदाहरण समाज में भरोसा मजबूत करते हैं.

कोटद्वार की यह घटना अब सिर्फ एक स्थानीय विवाद नहीं रह गई है, बल्कि यह इस बात की याद दिला रही है कि मुश्किल हालात में भी इंसानियत के साथ खड़े होने वाले लोग समाज को जोड़ने की ताकत रखते हैं.

 

ये भी पढ़ें: कोटद्वार : राेज मिल रही धमकियां, परिवार की सुरक्षा का डर...जिम संचालक दीपक ने बताया घटना के बाद उनके साथ क्या क्या

    follow google news