मुस्लिम समुदाय के लिए उनका सबसे पवित्र रमजान का महीना शुरु हो गया है और इस दौरान वे अपने खुदा के इबादत के लिए नमाज अदा करते है. लेकिन उत्तराखंड से एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति को नमाज पढ़ना भारी पड़ गया है. मिली जानकारी के मुताबिक एक मुस्लिम युवक मंदिर के पास नमाज पढ़ रहा था, जो कि मंदिर के प्रबंधक को नागवार गुजरी. फिर मंदिर प्रबंधक ने युवक की जमकर पिटाई कर दी जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वहीं पीड़ित युवक ने थाने में जाकर मामला दर्ज कराया है. आइए विस्तार से जानते है क्या है पूरा मामला और वायरल वीडियो की इनसाइड स्टोरी.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
यह मामला उधम सिंह नगर के रुद्रपुर से सामने आया है. यहां अटरिया मंदिर के पास किसी व्यक्ति का घर बन रहा है, जहां पर राजमिस्त्री से लेकर मजदूर काम कर रहे है. इन्हीं में से एक व्यक्ति जो कि मुस्लिम है और राजमिस्त्री का काम करता है, वहां मंदिर के बगल वाले परिसर में नमाज पढ़ने चला गया. शख्स रमजान के इस पवित्र महीने में खुले मैदान में अपने खुदा की इबादत करने लगा. लेकिन तभी वहां मंदिर के प्रबंधक अरविंद शर्मा पहुंच गए और उन्होंने शख्स कि पिटाई शुरू कर दी.
वायरल वीडियो में क्या-कुछ?
सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है उसमें साफ दिख रहा है कि, मुस्लिम शख्स एक मैदान में बैठकर नमाज पढ़ रहा है. तभी वहां अरविंद शर्मा पहुंचते है और उन्हें धकेल कर नीचे गिरा देते है. फिर अरविंद उन्हें लात से मारना शुरु कर देते है. इस दौरान पीड़ित शख्स पूछता है कि क्या हुआ लेकिन अरविंद नहीं रुकते और ताबड़तोड़ हाथ चलाते रहते है. फिर एक शख्स जिसने शायद वीडियो बनाया है वह अरविंद को एक डंडा लाकर देता है और फिर वे उससे मारने लगते है. इस दौरान अरविंद मुस्लिम युवक को भद्दी-भद्दी गालियां भी दे रहे है.
अरविंद शर्मा ने रखा अपना पक्ष
इस मामले में आरोपी अरविंद शर्मा ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहानी बताई. अरविंद शर्मा ने कहा कि अटरिया मंदिर के आसपास के क्षेत्र में किसी तरह की कोई मस्जिद, मजार या ईदगाह नहीं है. साथ ही यह व्यक्ति इसी जगह पर 3 दिनों से लगातार नमाज पढ़ रहा था. उन्होंने आगे कहा कि, पहले दिन इसी शख्स को मना किया गया लेकिन वह नहीं माना, दूसरे दिन मेरे एक कर्मी ने उसे मना किया तो वह गाली-गलौज करने लगा. फिर तीसरे दिन जब मैं उसे मना करने गया तो वह नहीं माना और फिर यह कार्रवाई की गई.
अरविंद शर्मा ने कहा है कि हर चीज करने के लिए छूट है और उसके लिए उचित जगह है. नमाज पढ़ने के लिए छूट है और मंदिर में घंटी बजाने की छूट है लेकिन क्या मैं मस्जिद में जाकर घंटी बजाऊंगा तो क्या आप मुझे घंटी बजाने देंगे? उन्होंने आगे कहा कि वह पुलिस की कार्रवाई में पूरी तरह सहयोग करेंगे.
पीड़ित युवक ने की कार्रवाई की मांग
वहीं इस मामले में पीड़ित ने बताया कि वह नमाज पढ़ रहे थे कि तभी एक व्यक्ति आकर गाली-गलौज करने लगा. साथ ही उसने मारपीट भी की. पीड़ित शख्स का कहना है कि मंदिर इस जगह से लगभग 5 मिनट की दूरी पर है लेकिन फिर भी उनके साथ मारपीट हुई और उनसे जबरदस्ती जय श्री राम के नारे लगवाए गए. पीड़ित ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है.
वहीं इस मामले में एसपी क्राइम जितेंद्र चौधरी ने कहा है कि मामले में FIR दर्ज कर ली गई है और आगे की कार्रवाई जारी है.
यह खबर भी पढ़ें: देहरादून के कोरोनेशन अस्पताल में रोती युवती के आरोपों का सच क्या? रियलिटी चेक में सामने आई ये हकीकत
ADVERTISEMENT

