उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले से एक अत्यंत दुखद खबर सामने आई है. यहां चंबा ब्लॉक के अंतर्गत चंबा-कोटी नैल मार्ग पर एक यूटिलिटी पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर लगभग 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरा. इस दुर्घटना में अब तक 8 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है. घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और राहत बचाव दल मौके पर पहुंच गए हैं. विस्तार से जानिए पूरी कहानी.
ADVERTISEMENT
डायल 112 के जरिए मिली सूचना
दरअसल डायल 112 के माध्यम से पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि थाना चंबा क्षेत्र के नैल-कोटी कॉलोनी मार्ग पर एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया है. सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस, SDRF और फायर सर्विस की टीमों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया. मौके पर पहुंची टीमों ने युद्धस्तर पर रेस्क्यू अभियान शुरू किया. बताया जा रहा है कि वाहन में करीब 9 से 10 लोग सवार थे, जिनमें से रेस्क्यू टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को खाई से बाहर निकाला.
8 लोगों की मौत, घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में 8 लोगों की जान चली गई है. जिला प्रशासन ने पुष्टि की है कि घायलों को तत्काल जिला अस्पताल बौराड़ी पहुंचाया गया है. डॉक्टरों के अनुसार, घायलों का समुचित उपचार किया जा रहा है और फिलहाल उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है. रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान शुरुआत में 02 व्यक्तियों को सुरक्षित निकाला गया था, लेकिन वाहन के काफी गहराई में गिरने के कारण जनहानि अधिक हुई है.
मौके पर मौजूद रहे आला अधिकारी और विधायक
दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी नीतिका खंडेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्वेता चौबे और टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय स्वयं मौके पर उपस्थित रहे. अधिकारियों ने राहत एवं बचाव कार्यों की कमान संभाली और स्थिति की सतत निगरानी की. जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया गहरा शोक
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस सड़क दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है. उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट की हैं और ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने की प्रार्थना की है. मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार उनके साथ खड़ी है. साथ ही, उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की है.
प्रशासन को त्वरित उपचार और निगरानी के निर्देश
मुख्यमंत्री ने टिहरी जिला प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि दुर्घटना में घायल हुए लोगों को त्वरित और बेहतरीन चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई जाए. उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर कमी नहीं आनी चाहिए. सीएम ने अधिकारियों को पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने और पीड़ित परिवारों को आवश्यक सहायता सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं.
ADVERTISEMENT


