Udham Singh Nagar Police viral video: उत्तराखंड के उधम सिंह नगर से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों की पुलिस हिरासत के दौरान जमकर धुनाई कर दी गई. सरेबाजार हुई इस पिटाई का वीडियो मौके पर मौजूद पत्रकारों के कैमरे में कैद हो गया, जो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस की कार्रवाई पर भी कई सवाल उठने लगे हैं.
ADVERTISEMENT
पहले जानें क्या है पूरा मामला?
दरअसल, मामला बीते शनिवार की देर रात का है. उधम सिंह नगर में तीन युवकों ने तमंचे के बल पर एक युवती का अपहरण कर लिया था. इसके बाद आरोपियों द्वारा युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की बात सामने आई. घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशों पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में लगी गोली
गिरफ्तारी की प्रक्रिया के दौरान पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई. इस दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया. घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहीं, अन्य दो आरोपियों को पुलिस अपनी अभिरक्षा में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुट गई.
साक्ष्य जुटाने के दौरान सड़क पर हुआ भारी हंगामा
पुलिस टीम पकड़े गए दोनों आरोपियों को काशीपुर बाईपास रुद्रपुर रोड पर घटनास्थल के पास साक्ष्य संकलन के लिए ले जा रही थी. उसी दौरान सड़क पर अचानक ऐसा हंगामा हुआ कि स्थिति बेकाबू हो गई. वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि पुलिस पहले आरोपियों की धुनाई कर रही है और उसके बाद वहां मौजूद भीड़ ने भी आरोपियों पर जमकर हाथ साफ किया.
भागने के प्रयास के बाद बिगड़े हालात: एसएसपी
इस पूरे घटनाक्रम पर उधम सिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति का आधिकारिक बयान सामने आया है. उन्होंने बताया कि साक्ष्य संकलन के दौरान दो आरोपियों ने पुलिस की गिरफ्त से भागने का प्रयास किया था. पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें मौके पर ही दोबारा दबोच लिया. इसी बीच वहां मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने आरोपियों के साथ मारपीट कर दी. पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद हालात को नियंत्रित किया और आरोपियों को सुरक्षित अपने कब्जे में लिया.
यह भी पढ़ें: कौन हैं मणिका राणा... जिनके जंतर-मंतर जाने पर वायरल हुई पद से हटाने की खबर, खुद बताई पूरी सच्चाई?
ADVERTISEMENT


