Girdhari Lal Sahu Arrested: उत्तराखंड सरकार में महिला एवं बाल कल्याण कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी को देहरादून पुलिस ने उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार कर लिया है. इसके साथ ही उनके भतीजे सत्येंद्र राठौड़ को बरेली से पकड़ा गया है. अपनी गिरफ्तारी के दौरान गिरधारी लाल साहू ने कहा, "यदि मेरे जेल जाने से मेरी मंत्री पत्नी को खुशी मिल रही है तो यही सही, मैं निर्दोष हूं."
ADVERTISEMENT
15 अक्टूबर को दर्ज हुई थी गंभीर धाराओं में FIR
यह पूरा मामला 15 अक्टूबर 2026 को सामने आया था. कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने देहरादून के कैंट थाने में अपने ही पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में उन्होंने उत्पीड़न, जालसाजी, धोखाधड़ी, आपराधिक षड्यंत्र और जान से मारने की साजिश रचने जैसे कई संगीन आरोप लगाए थे. इस FIR के बाद से ही आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा था और उस पर करीब 40 से ज्यादा मुकदमे भी दर्ज बताए जा रहे हैं.
SIT का गठन और हाईकोर्ट से याचिकाएं खारिज
मामले की गंभीरता को देखते हुए देहरादून पुलिस ने 9 सदस्यीय एसआईटी (SIT) का गठन किया था. एसआईटी लगातार उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के तमाम संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी. इस बीच आरोपी की अग्रिम जमानत याचिका अदालत से खारिज हो गई. इसके बाद 4 नवंबर को उत्तराखंड हाईकोर्ट ने भी FIR निरस्त करने और गिरफ्तारी पर रोक लगाने से जुड़ी याचिका को सिरे से खारिज कर दिया. हाईकोर्ट से झटका मिलने के बाद पुलिस ने गैर-जमानती वारंट हासिल कर कार्रवाई तेज कर दी थी.
एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोभाल ने क्या बताया?
मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोभाल ने बताया कि पुलिस की शुरुआती जांच में लगाए गए आरोपों की पुष्टि हुई है. जांच में सामने आया कि 4 महत्वपूर्ण कंपनियों में गलत तरीके से हिस्सेदारी कम की गई और फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनका इस्तेमाल किया गया. इसके अलावा मारपीट, एससी-एसटी एक्ट और जान से मारने की धमकी देने जैसे आरोप भी सही पाए गए. इसी आधार पर मुख्य अभियुक्त गिरधारी लाल साहू और उनके साथी सत्येंद्र की गिरफ्तारी की गई है.
ऑडियो क्लिप की फॉरेंसिक जांच जारी
एसएसपी ने आगे बताया कि मामले से जुड़ी एक ऑडियो क्लिप जो कि कल्पना मिश्रा की बताई जा रही है उसकी फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है. उसकी सत्यता और उसके सोर्स का पता लगाया जा रहा है. अगर जांच में ऑडियो सही पाया जाता है तो आगे और सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे. इसके साथ ही प्रॉपर्टी विवाद से जुड़ी धाराओं 420, 467, 468 और 471 के तहत भी सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है. पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी अन्य लोग दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ भी जल्द कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
क्या था पूरा मामला?
उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच लंबे समय से संपत्ति और कंपनियों के मालिकाना हक को लेकर तनातनी चल रही थी. यह पारिवारिक विवाद तब कानूनी कार्रवाई में बदल गया जब मंत्री ने अपने ही पति पर धोखाधड़ी, जाली दस्तावेज बनाने और जान से मारने की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस जांच और कोर्ट से झटके मिलने के बाद अब इस हाई-प्रोफाइल मामले में गिरफ्तारी हुई है, जिससे प्रदेश की राजनीति में हड़कंप मच गया है.
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्या ने पति के खिलाफ दर्ज कराई FIR, वीडियो में रोते हुए बताई अपनी बात
ADVERTISEMENT


