उत्तराखंड में 2 सितंबर को भारी बारिश की चेतावनी, 3 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी, इस जिले में बंद रहेंगे स्कूल

न्यूज तक डेस्क

01 Sep 2026 (अपडेटेड: Sep 1 2026 8:45 PM)

Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड में मानसून का असर लगातार बना हुआ है. कई इलाकों में बारिश के चलते नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है. अब मौसम विभाग ने 2 सितंबर के लिए कई जिलों में अलर्ट जारी किया है. भारी बारिश की आशंका को देखते हुए नैनीताल प्रशासन ने स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को लेकर भी बड़ा फैसला लिया है.

उत्तराखंड में 2 सितंबर को भारी बारिश की चेतावनी (फाइल फोटो)
उत्तराखंड में 2 सितंबर को भारी बारिश की चेतावनी (फाइल फोटो)
Google CTA

Uttarakhand Weather Update: उत्तराखंड के पर्वतीय और मैदानी इलाकों में मानसूनी बारिश का दौर लगातार जारी है. बारिश के चलते राज्यभर में कई नदी-नाले उफान पर हैं. वहीं, अलग-अलग जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की स्थिति बनी हुई है. इस बीच मौसम विभाग ने ताजा बुलेटिन जारी किया है, जिसके मुताबिक 2 सितंबर को प्रदेश के कई जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए नैनीताल के जिलाधिकारी ने 2 सितंबर को जिले के सभी स्कूलों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है.

Read more!

जानें उत्तराखंड में 2 सितंबर को कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, 2 सितंबर को उत्तराखंड के नैनीताल, बागेश्वर और देहरादून में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. साथ ही गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज बारिश का दौर भी देखने को मिल सकता है. भारी बारिश की वजह से पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और चट्टान गिरने का खतरा है.वहीं नदी-नालों में अचानक पानी बढ़ने और निचले इलाकों में जलभराव या बाढ़ की स्थिति बनने की भी आशंका है.

वहीं, उत्तराखंड के बाकी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है. पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और चट्टान गिरने से सड़कें और हाईवे प्रभावित हो सकते हैं. इसके अलावा कुछ जगहों पर नदी-नालों का पानी बढ़ने और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है.

मौसम में आए इस बदलाव और भारी बारिश की संभावनाओं को देखते हुए शासन-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है. ऐसे में सुरक्षात्मक कदम उठाते नैनीताल के जिलाधिकारी  ने कक्षा 01 से 12 तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केन्द्रों में अवकाश घोषित करने का आदेश जारी किया है.

जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल ने आदेश में क्या कहा?

जिला मजिस्ट्रेट ललित मोहन रयाल ने अपने आदेश में कहा कि नैनीताल में मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए 2 सितंबर को जिले के कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी स्कूलों में एक दिन का अवकाश रहेगा. इसके साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे. स्कूलों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक और कार्यालय स्टाफ को भी अवकाश दिया गया है. हालांकि, नैनीताल शहर के ऐसे आवासीय स्कूल, जहां बच्चों के रहने और पढ़ाई की सुविधा एक ही परिसर में है, इस आदेश के दायरे में नहीं आएंगे.

आने वाले दिनों में उत्तराखंड के मौसम का हाल

उत्तराखंड में आने वाले दिनों में भी बारिश का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है. मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, 3 सितंबर को देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, नैनीताल, चम्पावत, उधम सिंह नगर, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है, जबकि अन्य जिलों में गर्जन के साथ बिजली चमकने और तीव्र बौछारें पड़ सकती हैं. इसके बाद 4 सितंबर को नैनीताल, चम्पावत, देहरादून, हरिद्वार और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है. वहीं 5 सितंबर को देहरादून, हरिद्वार और पौड़ी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान जताया गया है. 6 और 7 सितंबर को भी राज्य के सभी जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का दौर बना रहेगा.

यह भी पढ़ें: MOTN Survey: उत्तराखंड में अगर आज हुए लोकसभा चुनाव तो भाजपा और कांग्रेस की क्या होगी स्थिति? सर्वे में जानिए जनता का मूड