Uttarkashi Babita Pandey Missing News: उत्तरकाशी जिले में स्थित दयारा बुग्याल ट्रेक से 29 तारीख से लापता बबीता पांडे का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है. बबीता अपने दो साथियों के साथ रथल गांव पहुंची थी और इसके बाद दयारा की ट्रैकिंग के लिए गोई नामक बेस कैंप में रुकी थी. इसी के बाद से वो रहस्यमय तरीके से गायब है. स्थानीय प्रशासन-पुलिस की टीम के साथ कई सुरक्षा एजेंसियां लगातार पूरे दयारा क्षेत्र के चप्पे-चप्पे में बबीता की तलाश कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उनके सफलता हाथ नहीं लगी है.
ADVERTISEMENT
इस बड़े सर्च ऑपरेशन में NDRF, ITBP के जवान लगातार जुटे हुए हैं. इसके साथ ही SDRF की विशेष डीप ड्राइव टीम भी मौके पर पहुंच चुकी है. यह टीम गोई झील के अंदर भी तलाश करने की कोशिश कर रही है. रेस्क्यू टीमों द्वारा लगातार की जा रही कोशिशों के बावजूद अभी तक बबीता पांडे के बारे में कोई भी पुख्ता जानकारी या संकेत नहीं मिल सका है. इस बीच अब इंडिया टुडे ने बबीता ने मां से बातचीत की है.
खुद ग्राउंड जीरो पर पहुंची मां
बबीता का पता लगाने के लिए उसकी मां रामनगर से खुद ग्राउंड जीरो यानी रथल गांव पहुंच चुकी हैं. अपनी बेटी के लापता होने से परेशान मां की आंखें सिर्फ इस टकटकी में लगी हैं कि कब रेस्क्यू टीम या पुलिस के आला अधिकारियों की तरफ से बबीता की कोई अच्छी खबर सुनने को मिलेगी. बबीता के गायब होने वाले दिन शाम को जब परिजनों ने रिपोर्ट लिखवाई, उसके बाद से ही परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. बबीता के भाई और मां अब रथल गांव में हैं.
मां से ये बात कहकर घर से निकली थी बबीता
रथल गांव पहुंची बबीता की मां ने बताया कि बबीता वर्तमान में एमबीए की पढ़ाई कर रही थी. इसके साथ ही वो पार्ट टाइम एक कंपनी में काम भी कर रही थी. बबीता अपने भाई-बहनों में सबसे बड़ी है. मां के मुताबिक, बबीता बीती 25 तारीख की शाम को अपने घर से यह कहकर निकली थी कि वो सहेलियों के साथ गढ़वाल साइड घूमने जा रही है और परसों तक वापस आ जाएगी. मां ने बताया कि बबीता पहले भी एक बार इस क्षेत्र में घूमने के लिए आ चुकी थी.
साथ आए दो युवकों के बारे में पुलिस कर रही है जांच
बबीता की मां से पूछा गया कि क्या वो बबीता के साथ आए अन्य लोगों को जानती हैं तो उन्होंने कहा कि बबीता ने सहेलियों की बात कही थी, लेकिन किसी का नाम नहीं बताया था. बबीता के साथ आए दो युवकों के बारे में बात करने पर मां ने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी पुलिस ने दी है कि बबीता दो लड़कों के साथ यहां आई थी. मां ने कहा कि वो उन युवकों को नहीं पहचानती हैं. ऊधमसिंह नगर के रहने वाले इन युवकों के बारे में भी उन्हें कोई जानकारी नहीं है.
युद्ध स्तर पर जारी है सर्च ऑपरेशन
बता दें कि इस समय पूरा प्रशासनिक अमला और रेस्क्यू टीमें लापता बबीता की तलाश में जुटी हुई हैं. NDRF, SDRF, आपदा प्रबंधन और आर्मी के जवानों के साथ-साथ अर्धसैनिक बल ITBP के जवान भी पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन को अंजाम दे रहे हैं. पूरे इलाके में युद्ध स्तर पर ये सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
ADVERTISEMENT


