Uttarkashi: बीमार युवक को डंडी-कंडी पर लेकर निकले ग्रामीण, फिर 14 किलोमीटर का सफर ऐसे किया तय, देखें VIDEO

ओंकार बहुगुणा

• 07:25 PM • 18 Sep 2026

उत्तरकाशी के सीमांत गांव लिवाड़ी से फिर सामने आई पहाड़ के दर्द की तस्वीर. बीमार युवक को 14 किलोमीटर डंडी-कंडी पर उठाकर लाया गया अस्पताल. सड़क निर्माण में देरी, ठेकेदार के ब्लैकलिस्ट होने और खराब मौसम के बीच पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल का बयान भी सामने आया है. पढ़िए पूरी ग्राउंड रिपोर्ट.

बीमार युवक को डंडी-कंडी में बैठकर 14 किमी का सफर किया तय
बीमार युवक को डंडी-कंडी में बैठकर 14 किमी का सफर किया तय
Google CTA

Uttarkashi Liwari Village Viral Video: उत्तरकाशी जिले के सीमांत विकासखंड मोरी के लिवाड़ी गांव में सड़क सुविधा की मुश्किल एक बार फिर सामने आई. गांव के 27 वर्षीय नवीन पुत्र चैन सिंह की अचानक तबीयत बिगड़ गई. गांव तक वाहन पहुंचने का रास्ता नहीं होने के कारण ग्रामीणों ने उन्हें डंडी-कंडी के सहारे अस्पताल ले जाने का फैसला किया. इसके बाद करीब 14 किलोमीटर का पैदल सफर तय कर जखोल रोड हेड तक पहुंचे. वहां से निजी वाहन की मदद से नवीन को सीएचसी मोरी लाया गया. अस्पताल में डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं. इस घटना ने दूरस्थ गांवों में आपात स्थिति के दौरान होने वाली परेशानी को फिर सामने ला दिया.

Read more!

14 किलोमीटर पैदल चलकर रोड हेड पहुंचे ग्रामीण

नवीन की तबीयत बिगड़ने के बाद ग्रामीण उन्हें डंडी-कंडी पर लेकर गांव से निकले. करीब 14 किलोमीटर पैदल चलने के बाद वे जखोल रोड हेड तक पहुंचे. इसके बाद निजी वाहन की मदद से नवीन को सीएचसी मोरी ले जाया गया. यहां उनका उपचार चल रहा है.

आपात स्थिति में बढ़ जाती है परेशानी

ग्रामीणों का कहना है कि लिवाड़ी और आसपास के गांवों में सड़क और परिवहन की सुविधा नहीं होने से सबसे ज्यादा दिक्कत आपात स्थिति में होती है. मरीज को पहले पैदल सड़क तक पहुंचाना पड़ता है. इसमें लगने वाला अतिरिक्त समय परेशानी बढ़ा सकता है.

स्थानीय निवासी त्रेपन रावत ने बताया कि लिवाड़ी समेत आसपास के कई गांवों में संपर्क मार्ग की समस्या बनी हुई है. रोजमर्रा के आवागमन के साथ बीमारी और आपात स्थिति में भी लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ता है.

ग्रामीणों ने प्रशासन से की सड़क सुधार की मांग

ग्रामीणों ने प्रशासन से सीमांत गांवों की सड़क समस्या पर गंभीरता से काम करने की मांग की है. उनका कहना है कि दूरस्थ इलाकों में सड़क सुविधा केवल आने-जाने के लिए जरूरी नहीं है. आपात स्थिति में यही सुविधा मरीज को समय पर अस्पताल पहुंचाने में अहम भूमिका निभाती है.

20 किलोमीटर तक सड़क कटिंग का काम पूरा

सड़क निर्माण से जुड़ी एजेंसी वाप्कोस लिमिटेड के स्थानिक अभियंता आशीष चौधरी ने फोन पर बताया कि लिवाड़ी गांव तक करीब 20 किलोमीटर सड़क की कटिंग पूरी हो चुकी है. हालांकि, ठेकेदार के ब्लैकलिस्ट होने और वर्षा काल के कारण अभी पेंटिंग का काम नहीं हो पाया है. उन्होंने बताया कि पुल का निर्माण भी अभी बाकी है.

ठेकेदार के ब्लैकलिस्ट होने से काम अटका

पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने बताया कि लिवाड़ी के एक युवक को डंडी-कंडी के जरिए रोड तक रेस्क्यू किए जाने की जानकारी उन्हें मिली थी. उन्होंने कहा कि बरसात के कारण क्षेत्र के कई रास्ते टूटे हैं. वहीं सड़क का काम कर रहे ठेकेदार के ब्लैकलिस्ट होने के बाद मामला कोर्ट में चला गया है. विधायक के मुताबिक इसे जल्द सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है. विधायक ने बताया कि लिवाड़ी तक सड़क कटवाने के लिए उन्होंने व्यक्तिगत स्तर पर भी पैसे दिए और डीएम कार्यालय से भी फंड दिलाया.

उनके मुताबिक वैकल्पिक मार्ग तैयार किया गया है. बरसात खत्म होने के बाद एक-दो दिन में इस मार्ग पर ट्रैफिक शुरू करने की कोशिश की जाएगी. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में लिवाड़ी तक वाहनों की आवाजाही शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है. साथ ही मुख्यमंत्री, विभागीय मंत्री और डीएम को भी सड़क की समस्या से अवगत कराया गया है.

हेलीकॉप्टर रेस्क्यू क्यों नहीं हो पाया?

विधायक ने बताया कि नवीन के लिए हेलीकॉप्टर की व्यवस्था कराने के प्रयास किए गए थे. उनके अनुसार दो दिन तक विजिबिलिटी खराब होने के कारण हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका. तीसरे दिन मौसम साफ हुआ, लेकिन उसी दौरान नौगांव के धारी कलोगी की एक गंभीर गर्भवती महिला के रेस्क्यू को प्राथमिकता दी गई.

विधायक के मुताबिक उस रेस्क्यू के बाद शाम करीब 5:30 बजे तक समय निकल गया. उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्या को लेकर मुख्यमंत्री, विभागीय मंत्री और डीएम से बात की गई है और जल्द सड़क पर यातायात शुरू कराने के प्रयास किए जा रहे हैं.

लिवाड़ी की सड़क समस्या फिर आई सामने

नवीन को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को 14 किलोमीटर पैदल चलना पड़ा. इस घटना के बाद ग्रामीणों ने एक बार फिर सड़क सुविधा की मांग उठाई है. वहीं संबंधित एजेंसी और विधायक की ओर से सड़क निर्माण और वैकल्पिक मार्ग को लेकर काम आगे बढ़ाने की बात कही गई है.

यह भी पढ़ें: उत्तरकाशी: 8 साल से सऊदी में फंसे इंद्रमणि नौटियाल कौन हैं? जानें आखिर उनके साथ ऐसा क्या हुआ जो उनकी बेटी दीपिका को छेड़नी पड़ी वतन वापसी की मुहिम