Vikasnagar Vinod Kumar Murder Case: विकासनगर के सहसपुर के बैरागीवाला में शनिवार की शाम बड़ा बवाल हो गया. यहां खेत में पानी चलाने के मामूली विवाद ने एक बड़े खूनी संघर्ष का रूप ले लिया. सिंचाई को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुए झगड़ा में एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. इस हमले में एक स्थानीय बीजेपी नेता विनोद कुमार बुरी तरह घायल हो गए. आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन यहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. विनोद कुमार की मौत की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में लोगों का गुस्सा भड़क उठा. इसके बाद बैरागीवाला समेत आसपास के इलाकों में लोगों ने भारी हंगामा शुरू कर दिया.
ADVERTISEMENT
खेत में पानी छोड़ने के लेकर शुरू हुआ विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला पुरानी रंजिश और खेत की सिंचाई के पानी को लेकर शुरू हुआ था. शनिवार की शाम को इसी बात पर दोनों पक्षों में बहस हुई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के करीब 30 से 40 से अधिक लोगों ने मिलकर विनोद कुमार और उनके दो भाइयों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. इस हमले में तीनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, इनमें से विनोद कुमार की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई.
बीजेपी नेता की मौत के बाद भड़का लोगों का गुस्सा
विनोद कुमार की मौत की खबर जैसे ही इलाके में पहुंची, वैसे ही बैरागीवाला और आसपास के क्षेत्रों में गुस्से का ज्वालामुखी फूट पड़ा. भारी बवाल और लगातार हंगामे के कारण पूरे इलाके का माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया. अब मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. सभी बैरागीवाला के रहने वाले वाले हैं.
देखें पकड़े गए आरोपियों के नाम
- रज्जाक पुत्र मासूम
- सलमान पुत्र युनुस
- जावेद पुत्र मासूम
- शहबाज पुत्र शहीद
पुलिस ने दर्ज किया 30 से 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस
इस खूनी संघर्ष के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस के अनुसार, इस मामले में कुल 12 नामजद और 30 से 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. पुलिस की अलग-अलग टीमें फरार चल रहे बाकी आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं. हत्याकांड के बाद बैरागीवाला और उसके आसपास के इलाकों में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनात कर दिया गया है. पुलिस प्रशासन लगातार हालात पर नजर रख रहा है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके.
एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
वहीं इस पूरे मामले में देहरादून के एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल ने बताया कि 13 जून की शाम को सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला में सिंचाई के पानी को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था. इसमें एक पक्ष ने हावी होकर दूसरे पक्ष पर जानलेवा हमला किया, जिसमें विनोद कुमार की मौत हो गई. उन्होंने बताया कि पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं. एसएसपी ने जनता से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया है कि पुलिस अदालत में प्रभावी पैरवी कर सभी दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाएगी.
यह भी पढ़ें: '24 घंटे में सब बदल गया'...डिलीवरी के लिए भर्ती महिला और बच्चे की मौत के बाद देहरादून में मचा बवाल!
ADVERTISEMENT


