मोकामा: 25 नवंबर को होगी अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी, जानिए कौन हैं उनके होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार?
बिहार के मोकामा विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित से होगी. अमेरिका में रहने वाले दूल्हे के स्वागत के लिए पैतृक गांव लदमा में करीब 10 बीघा जमीन पर भव्य आयोजन की तैयारी चल रही है. इसी दिन छोटे बेटे अभिनव का उपनयन संस्कार भी होगा.
ADVERTISEMENT

JDU से निष्कासित और मोकामा विधायक अनंत सिंह के घर जल्द ही शहनाई गूंजने वाली है. उनके पैतृक गांव लदमा में परिवार में होने वाले बड़े समारोह की तैयारियां शुरू हो गई हैं. अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी 25 नवंबर को ऋषिकेश कुमार उर्फ अंकित के साथ होने जा रही है. इस शादी को यादगार बनाने के लिए गांव में बड़े स्तर पर इंतजाम किए जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि विवाह समारोह के आयोजन के लिए करीब 10 बीघा जमीन पर विशेष व्यवस्था की जा रही है. इस शादी की खास बात यह है कि दूल्हा ऋषिकेश कुमार अमेरिका में रहते हैं. उन्होंने जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से एमबीए की पढ़ाई की है. शादी के लिए उनके अमेरिका से बिहार आने की तैयारी है. परिवार इस विवाह समारोह को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भव्य तरीके से आयोजित करने में जुटा है.
10 बीघा जमीन पर होगा शादी का आयोजन
अनंत सिंह के पैतृक गांव लदमा में शादी को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. समारोह के लिए बड़े क्षेत्र में आयोजन स्थल तैयार किया जा रहा है. मेहमानों के ठहरने, स्वागत और अन्य व्यवस्थाओं पर काम चल रहा है. शादी में देश-विदेश से मेहमानों के पहुंचने की संभावना है. हालांकि, अभी तक विशिष्ट अतिथियों की आधिकारिक सूची सामने नहीं आई है.
20 नवंबर से शुरू होंगे शादी के कार्यक्रम
शादी से जुड़े कार्यक्रम 20 नवंबर से शुरू होने की संभावना है. इसके बाद 25 नवंबर को मुख्य विवाह समारोह आयोजित होगा. आयोजन को खास बनाने के लिए घुड़दौड़ और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी योजना है. ग्रामीण परिवेश और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच होने वाला यह समारोह लदमा गांव में आकर्षण का केंद्र बनने वाला है.
बेटी की शादी के साथ बेटे का उपनयन संस्कार
25 नवंबर की तारीख अनंत सिंह के परिवार के लिए दोहरी खुशियां लेकर आएगी. इसी दिन उनकी छोटी बेटी शिवांगी सिंह की शादी होगी और छोटे बेटे अभिनव का उपनयन संस्कार भी संपन्न कराया जाएगा. उपनयन संस्कार को आमतौर पर जनेऊ संस्कार के नाम से जाना जाता है. हिंदू परंपरा में इसे महत्वपूर्ण धार्मिक अनुष्ठान माना जाता है. एक ही दिन विवाह और उपनयन संस्कार होने से परिवार में तैयारियां और भी खास हो गई हैं. फिलहाल लदमा गांव में इस पारिवारिक समारोह को लेकर उत्साह का माहौल है. अब सबकी नजरें 25 नवंबर पर हैं, जब अनंत सिंह के घर एक साथ दो बड़े आयोजन होंगे.
यह भी पढ़ें: अनंत सिंह के खिलाफ JDU की शिकायत के बाद हुआ एक्शन! क्या चली जाएगी उनकी विधायकी?
