बिहार में 12 नवंबर को कैसा रहेगा मौसम? ठंड बढ़ेगी या मिलेगी राहत, जानिए अपने जिले का हाल
Bihar Weather Update: बिहार में सुबह-शाम हल्की ठंड के बीच दोपहर की धूप अभी भी गर्मी का अहसास करा रही है. इस बीच मौसम विभाग ने 12 नवंबर और आने वाले दिनों के लिए ताजा पूर्वानुमान जारी किया है. कहीं सुबह कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है तो कहीं आसमान साफ रहेगा. जानिए अपने जिले के मौसम का पूरा हाल.
ADVERTISEMENT

बिहार में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदल रहा है. सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस होने लगी है, जबकि दोपहर में तेज धूप के चलते गर्मी का असर बना हुआ है. मौसम में हो रहे इस बदलाव के बीच लोगों की नजरें आने वाले दिनों के पूर्वानुमान पर टिकी हैं. इस बीच मौसम विभाग ने ताजा बुलेटिन जारी कर राज्य के अलग-अलग जिलों के मौसम की स्थिति बताई है. आइए जानते हैं, मौसम विभाग के अनुसार बिहार के अलग-अलग जिलों में मौसम कैसा रहने वाला है.
बिहार में 12 नवंबर को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 12 नवंबर को बिहार के ज्यादातर जिलों में मौसम शुष्क रहने और आसमान साफ रहने की संभावना है. हालांकि, सुबह के समय कई इलाकों में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छा सकता है. इसके चलते सुबह के वक्त विजिबिलिटी प्रभावित होने की आशंका है. खबर लिखे जाने तक मौसम विभाग ने प्रदेश के किसी भी जिले के लिए कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया है.
वहीं अगर तापमान की बात करें तो उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य बिहार के जिलों में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. इन जिलों में पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर और मधुबनी शामिल हैं. इसके साथ ही दक्षिण और पूर्वी बिहार के जिलों में भी तापमान का रुख लगभग ऐसा ही रहने की संभावना है.
आने वाले दिनों में बिहार के मौसम का हाल
वहीं आने वाले दिनों में बिहार के मौसम की बात करें तो अगले 4 से 5 दिनों तक राज्य के अधिकांश इलाको में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. ऐसे में तापमान लगभग स्थिर बना रह सकता है. हालांकि, दोपहर के समय हल्की गर्मी, जबकि सुबह और शाम को गुलाबी ठंड का अहसास जारी रहेगा. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 48 घंटों तक सुबह के समय कुछ इलाकों में कोहरा छा सकता है. इसके बाद आसमान साफ रहने की संभावना है. वहीं, तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने के साथ आने वाले दिनों में ठंड का असर भी बढ़ सकता है.
यह भी पढ़ें: अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी का कार्ड आया सामने, जानिए कब होगी हल्दी और मेहंदी
