बिहार में मौसम का बदलेगा मिजाज, सुबह छाएगा कोहरा, 3-4 दिन बाद बढ़ेगी ठंड, जानें अपने जिले का हाल
बिहार में सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ने लगा है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले सात दिनों तक राज्य में बारिश की संभावना नहीं है. हालांकि, सुबह के समय कई जिलों में कोहरा छा सकता है. अगले कुछ दिनों तक तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद न्यूनतम तापमान गिर सकता है.
ADVERTISEMENT

बिहार में मौसम में बदलाव का दौर जारी है. सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस होने लगी है, जबकि दिन में तापमान अभी भी कई जगहों पर सामान्य रूप से बना हुआ है. इस बीच मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए पूर्वानुमान जारी किया है. इसके मुताबिक, राज्य में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है. हालांकि, सुबह के समय कोहरा छा सकता है. रिपोर्ट के अनुसार अगले कुछ दिनों बाद तापमान में गिरावट आने के आसार हैं. ऐसे में आइए जानते हैं कि बिहार के अलग-अलग जिलों में अगले सात दिनों तक मौसम कैसा रहने वाला है.
बिहार में 14 नवंबर को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, 14 नवंबर को बिहार के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. किसी भी जिले में बारिश का अनुमान नहीं है. हालांकि, सुबह के समय राज्य के अधिकांश स्थानों पर हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छा सकता है. इस दिन किसी भी जिले के लिए मौसम विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों के दौरान बिहार के अधिकांश स्थानों पर सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने की संभावना है. वहीं, अगले 4-5 दिनों तक राज्य के अनेक स्थानों पर अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव होने की उम्मीद नहीं है. वहीं तापमान की बात करें तो अगले 3-4 दिनों तक न्यूनतम तापमान इसमें भी खास परिवर्तन की संभावना नहीं है. इसके बाद तापमान में गिरावट आ सकती है.
बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 13 नवंबर की सुबह दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना. इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है. 14 नवंबर को यह और स्पष्ट कम दबाव का क्षेत्र बन सकता है, जबकि 15 नवंबर की सुबह के आसपास इसके डिप्रेशन में बदलने की संभावना जताई गई है. इसके बाद 16 नवंबर की शाम के आसपास मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर इसके चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है.
आने वाले दिनों में मौसम का क्या है हाल
बिहार में आने वाले दिनों में मौसम शुष्क बना रहेगा और राज्य के किसी भी जिले में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 4 से 5 दिनों तक ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, जबकि 3 से 4 दिनों बाद न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आ सकती है. उत्तर पश्चिम बिहार के पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण में न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. वहीं, उत्तर मध्य बिहार के मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा, समस्तीपुर और मधुबनी में मौसम साफ रहेगा. उत्तर पूर्व बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा में सुबह हल्का कोहरा छा सकता है.
इसके अलावा दक्षिण पश्चिम बिहार के रोहतास, भभुआ, भोजपुर, बक्सर, अरवल और औरंगाबाद तथा दक्षिण मध्य बिहार के पटना, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, लखीसराय, शेखपुरा और बेगूसराय में न्यूनतम तापमान 16 से 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. दक्षिण पूर्व बिहार के बांका, जमुई, मुंगेर, खगड़िया और भागलपुर में भी अगले एक हफ्ते तक मौसम शुष्क रहेगा. कुल मिलाकर, तापमान में गिरावट के साथ आने वाले दिनों में सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ सकता है.
यह भी पढ़ें: ग्रामीण की हत्या कर फरार ASI चंद्र मोहन सिंह का मिला शव, पास से सर्विस पिस्टल बरामद
