Bihar Weather Update: बिहार के मौसम पर कितना पड़ेगा तूफान अकवान का असर? IMD ने जारी किया पूर्वानुमान
Bihar Weather Update: बिहार में सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ने लगा है, जबकि दिन में धूप से गर्मी का एहसास बना हुआ है. इस बीच बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान अकवान सक्रिय है. मौसम विभाग ने 19 नवंबर से अगले पांच दिनों तक का पूर्वानुमान जारी किया है. जानिए आपके जिले में मौसम कैसा रहेगा.
ADVERTISEMENT

बिहार में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदल रहा है. सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ने लगा है, जबकि दिन में धूप निकलने से लोगों को अभी भी गर्मी से पूरी तरह राहत नहीं मिली है. इस बीच बंगाल की खाड़ी में गंभीर चक्रवाती तूफान 'अकवान' सक्रिय है. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए पूर्वानुमान जारी किया है. इसके मुताबिक, राज्य के कई जिलों में सुबह के समय कोहरा छा सकता है, जबकि पूरे बिहार में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. ऐसे में जानिए 19 नवंबर को आपके जिले में कैसा रहेगा मौसम, कितना रहेगा तापमान और कहां बारिश के आसार हैं. वहीं, तूफान 'अकवान' का बिहार पर कितना असर पड़ने की संभावना है.
बिहार में 19 नवंबर को कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, 19 नवंबर को बिहार के अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है. राज्य के किसी भी जिले में बारिश की संभावना नहीं जताई गई है. हालांकि, सुबह के समय कई जगहों पर हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छा सकता है. ऐसे में सुबह घर से निकलने वाले लोगों को कुछ इलाकों में कम दृश्यता का सामना करना पड़ सकता है. खबर लिखें जाने तक मौसम विभाग ने प्रदेश के किसी भी जिले के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की है. हालांकि, अगले 72 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने की संभावना है. पटना, गया, भागलपुर, पूर्णिया, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, सुपौल, अररिया और किशनगंज समेत कई जिलों में सुबह के वक्त कोहरा देखने को मिल सकता है. ऐसे में वाहन चालकों को सुबह के समय सावधानी बरतने की जरूरत है. हालांकि, कोहरे को लेकर किसी जिले के लिए अलग से चेतावनी जारी नहीं की गई है.
बिहार के मौसम पर तूफान अकवान का कितना असर?
बंगाल की खाड़ी में गंभीर चक्रवाती तूफान 'अकवान' सक्रिय है. मौसम विभाग की 18 नवंबर को जारी रिपोर्ट के मुताबिक, तूफान दक्षिण बंगाल की खाड़ी के मध्य हिस्से और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर मौजूद था. 18 नवंबर की सुबह 8:30 बजे यह 12.9 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 85.4 डिग्री पूर्वी देशांतर के पास केंद्रित था. पिछले छह घंटों के दौरान यह करीब 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तरपश्चिम दिशा में आगे बढ़ा.
IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक, तूफान के उत्तर-उत्तरपश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है. इसके 20 नवंबर की दोपहर तक मछलीपट्टनम और पुरी के बीच उत्तर आंध्र प्रदेश, यनम और दक्षिणी ओडिशा के तटों को गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में पार करने का अनुमान है. इस दौरान हवा की अधिकतम लगातार रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों की रफ्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
हालांकि, तूफान अकवान का बिहार के मौसम पर फिलहाल कोई बड़ा असर पड़ने का अनुमान नहीं है. मौसम विभाग ने राज्य के लिए जारी पूर्वानुमान में बारिश या किसी अन्य खराब मौसम की आशंका नहीं जताई है. 19 नवंबर को बिहार में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. तूफान को देखते हुए भी बिहार के किसी जिले के लिए अलग से चेतावनी जारी नहीं की गई है.
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा बिहार का मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक, 20 नवंबर को बिहार के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है और कहीं भी बारिश के आसार नहीं हैं. वहीं, 21 नवंबर को दक्षिण-मध्य बिहार के पटना, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, लखीसराय, शेखपुरा और बेगूसराय के अलावा दक्षिण-पूर्व बिहार के जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर में एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है. 22 नवंबर को भी जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर में कहीं-कहीं बारिश होने का अनुमान है, जबकि राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा. इसके बाद 23 और 24 नवंबर को बिहार के सभी जिलों में मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है. हालांकि, सुबह के समय कोहरा और रात में ठंड का असर बना रह सकता है.
यह भी पढ़ें: अनंत सिंह की बेटी शिवांगी को नीरज कुमार ने दिया आशीर्वाद, जानें क्या कहा
