Bihar Weather Update: बिहार में अब कब होगी बारिश? जानें IMD ने ताजा रिपोर्ट में क्या-कुछ बताया
Bihar Weather Update: बिहार में 6 से 9 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. IMD के मुताबिक, 10 और 11 नवंबर को सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया समेत उत्तर-पूर्व बिहार और भागलपुर, मुंगेर, बांका सहित दक्षिण-पूर्व बिहार के कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है. अगले कुछ दिनों तक तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है.
ADVERTISEMENT

बिहार में नवंबर की शुरुआत के साथ मौसम शुष्क बना हुआ है. 6 नवंबर को भी राज्य के किसी जिले में बारिश की संभावना नहीं है. मौसम विज्ञान केंद्र, पटना की ओर से 5 नवंबर को जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, बिहार के सभी मौसम विभागीय क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. राज्य में बारिश को लेकर किसी तरह की चेतावनी भी जारी नहीं की गई है. इसके साथ ही बिहार में अगले कुछ दिनों तक तापमान में भी किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है. मौसम विभाग ने राज्य के कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने का भी अनुमान जताया है. आने वाले दिनों में राज्य के कुछ जिलों में बारिश हो सकती है. विस्तार से जानिए मौसम का पूरा अपडेट.
6 नवंबर को कैसा रहेगा बिहार का मौसम?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 6 नवंबर को बिहार के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. उत्तर-पश्चिम बिहार से लेकर दक्षिण-पूर्व बिहार तकमौसम शुष्क रहने की संभावना है. तापमान की बात करें तो 6 नवंबर को उत्तर-पश्चिम और उत्तर-मध्य बिहार के जिलों में अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. उत्तर-पूर्व बिहार में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. दक्षिण-पश्चिम बिहार में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. दक्षिण-मध्य बिहार में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री, जबकि दक्षिण-पूर्व बिहार में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.
चक्रवात ‘मुरासु’ की क्या है स्थिति?
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्वी तेलंगाना और उससे सटे तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र भीषण चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ का अवशेष है. 5 नवंबर 2026 को सुबह 8:30 बजे तक यह कम चिह्नित हो गया था. हालांकि, इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण उसी क्षेत्र में बना हुआ है और समुद्र तल से करीब 3.1 से 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित है.
इसके अलावा, उत्तर हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों के ऊपर बना ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण अब दक्षिण-पश्चिमी उत्तराखंड के ऊपर स्थित है. यह समुद्र तल से 1.5 से 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई के बीच है. उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और आसपास के क्षेत्रों में भी समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. मौसम विभाग ने मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में एक ट्रफ के रूप में पश्चिमी विक्षोभ के बने रहने की जानकारी भी दी है. इसकी धुरी समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर है.
आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में अगले चार से पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है. वहीं, अगले तीन से चार दिनों तक न्यूनतम तापमान में भी विशेष बदलाव का अनुमान नहीं है.
बारिश के पूर्वानुमान के मुताबिक, 6 से 9 नवंबर तक राज्य के सभी सातों मौसम विभागीय क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. हालांकि, 10 और 11 नवंबर को उत्तर-पूर्व बिहार के सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा में एक या दो स्थानों पर बारिश हो सकती है. इसी तरह दक्षिण-पूर्व बिहार के जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर में भी इन दोनों दिनों में एक या दो स्थानों पर बारिश की संभावना जताई गई है. बाकी क्षेत्रों में 10 और 11 नवंबर को भी मौसम शुष्क रहने का अनुमान है.
Anant Singh को सुप्रीम कोर्ट से फिर मिली राहत, बेटी की शादी के बाद 4 दिसंबर तक करना होगा सरेंडर
