'मिथिला अब विद्वानों की नहीं, मजदूरों की जगह बन चुकी है', दरभंगा की जनसभा में प्रशांत किशोर के तीखे सवाल
Prashant Kishor Darbhanga Rally: प्रशांत किशोर ने मिथिला की बदहाली, बेरोजगारी और जाति आधारित राजनीति पर सवाल उठाए. उन्होंने ब्राह्मण समाज से शिक्षा और ज्ञान को प्राथमिकता देने के साथ आत्मचिंतन करने की अपील की. विस्तार से जानिए पूरी बात.
ADVERTISEMENT

बिहार में जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर इन दिनों लगातार जनसभाओं और दौरों के जरिए सियासी पारा गर्म किए हुए हैं. हाल ही में दरभंगा और मधुबनी क्षेत्र में अपनी पदयात्रा और जनसभा के दौरान प्रशांत किशोर ने स्थानीय समाज, राजनीतिक समीकरणों और ब्राह्मण समुदाय की भूमिका पर बहुत ही बेबाक और कड़े अंदाज में अपनी बात रखी. उन्होंने जनता को आईना दिखाते हुए कहा कि मिथिला को जो कभी 'बुद्धिजीवियों की धरती' कहा जाता था, आज वहां की वास्तविक स्थिति चिंताजनक है.
'सांसद और विधायक ब्राह्मण होने के बावजूद मिथिला बदहाल क्यों?'
जनसभा के दौरान एक स्थानीय व्यक्ति की टिप्पणी का जवाब देते हुए प्रशांत किशोर ने सवाल उठाया कि दरभंगा क्षेत्र में सांसद और विधायक लंबे समय से ब्राह्मण समुदाय से ही चुनकर आते रहे हैं. इसके बावजूद यदि आम लोगों की समस्याएं और गरीबी दूर नहीं हुई, तो केवल जाति के आधार पर जनप्रतिनिधि चुनने से हालात नहीं बदलेंगे. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मिथिला जो कभी विद्वानों का गढ़ हुआ करती थी, आज वह मजदूरों का क्षेत्र बनती जा रही है, जहां अच्छे परिवारों के युवा भी 15-20 हजार की नौकरी के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं.
'सरस्वती का साथ छोड़कर फरसा उठाने की बात करना गलत'
प्रशांत किशोर ने समाज को नसीहत देते हुए कहा कि ब्राह्मण समाज की असली ताकत उसका ज्ञान, संस्कार और शिक्षा रही है, न कि बाहुबल या धनबल. उन्होंने कहा कि परशुराम के नाम पर फरसा उठाने की संस्कृति इस समाज का मूल स्वभाव नहीं है, और यदि बच्चे पढ़ेंगे-लिखेंगे नहीं तो केवल प्रतीकों की राजनीति से पेट नहीं भरेगा. उन्होंने दो टूक कहा कि इस समाज की ताकत हमेशा 'सरस्वती' (ज्ञान और शिक्षा) रही है, जिसे संभालकर रखने की जरूरत है.
राजनीतिक दूरियों और सोशल मीडिया की संस्कृति पर प्रहार
राजनीतिक समीकरणों पर बात करते हुए प्रशांत किशोर ने चेताया कि पहले जो अन्य वर्ग या समुदाय (जैसे मुस्लिम या अन्य समाज के लोग) वैचारिक रूप से साथ खड़े होकर सम्मान देते थे, उन्हें सोशल मीडिया पर बयानबाजी या गालियां देकर खुद से दूर कर लिया गया है. उन्होंने कहा कि सिर्फ सोशल मीडिया पर आक्रामक होने या चुनावी जीत की रीत बदलने से काम नहीं चलेगा, बल्कि आत्मचिंतन करने की आवश्यकता है कि समाज वास्तविक विकास के रास्ते से क्यों भटक रहा है.
