मुंगेर में फुटबॉल टूर्नामेंट के दौरान भड़के सीएम सम्राट चौधरी, सुरक्षा घेरा टूटने पर पुलिस को लगाई फटकार

मुंगेर के संग्रामपुर में फुटबॉल टूर्नामेंट के दौरान भीड़ बेकाबू होने और पुलिस द्वारा रोके जाने पर सीएम सम्राट चौधरी भड़क गए. मंच से पुलिस को लगाई फटकार.

ADVERTISEMENT

NewsTak
Google CTA

बिहार के मुख्यमंत्री सह स्थानीय विधायक सम्राट चौधरी अपने कड़े तेवरों के लिए एक बार फिर चर्चा में हैं. मुंगेर जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के कहुआ गांव में आयोजित एक फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले के दौरान उस वक्त अफरा-तफरा मच गई, जब मुख्यमंत्री को देखने के लिए भारी भीड़ ने सुरक्षा घेरा और बैरिकेडिंग तोड़ दी. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस अधिकारियों द्वारा अपनाए जा रहे तरीकों से नाराज होकर सीएम सम्राट चौधरी खुद मंच से उठ खड़े हुए और माइक संभालते हुए पुलिसकर्मियों को कड़ी फटकार लगा दी.

फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचे थे सीएम सम्राट चौधरी

रविवार को कहुआ गांव में एक ग्रामीण फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खेला जा रहा था. इस हाई-प्रोफाइल मैच में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होने पहुंचे सम्राट चौधरी को विजेता और उपविजेता टीमों को अपने हाथों से ट्रॉफी प्रदान करनी थी. अपने चहेते नेता को देखने और सुनने के लिए मैदान के चारों ओर हजारों की संख्या में खेलप्रेमी और स्थानीय ग्रामीण जुटे हुए थे. जैसे ही मुख्यमंत्री मंच पर पहुंचे और खिलाड़ियों से मिलने का सिलसिला शुरू हुआ, वैसे ही बेकाबू भीड़ उन्हें करीब से देखने के लिए मंच की तरफ दौड़ पड़ी और बैरिकेडिंग के पास पहुंच गई.

पुलिस की मशक्कत और सीएम का गुस्सा

भीड़ को वीआईपी मंच के करीब आने से रोकने के लिए एसपी सैयद इमरान मसूद, उप विकास आयुक्त अजीत कुमार और तारापुर एसडीपीओ समेत तमाम वरीय अधिकारी खुद मौके पर मुस्तैद थे. पुलिस और जवान रस्सियों का सहारा लेकर भीड़ को पीछे धकेलने और नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे थे.

हालात को इस तरह संभालते देख मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का गुस्सा फूट पड़ा. वह अचानक अपनी कुर्सी से उठे और मंच पर रखा माइक अपने हाथ में ले लिया. पुलिसकर्मियों पर भड़कते हुए उन्होंने सार्वजनिक रूप से कह दिया, 'कॉमन सेंस नाम की चीज नहीं है बेवकूफ! क्या नाटक कर रहा है, अरे छोड़ो. क्या नौटंकी कर रहा है, यह रस्सी वाला सब छोड़ो.'
मुख्यमंत्री के इन तीखे तेवरों और आदेश के बाद वहां मौजूद प्रशासनिक अमला सकते में आ गया। सीएम के निर्देश के तुरंत बाद पुलिस ने रस्सियों से भीड़ को रोकने की कवायद बंद कर दी। इसके बाद मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और उत्साहित भीड़ ने बैरिकेडिंग को पूरी तरह पार करते हुए 'मुख्यमंत्री जिंदाबाद' के नारे लगाने शुरू कर दिए.

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: बेगूसराय के ऋतिक पर सस्पेंस, परिवार ने फोटो देखकर पहचानने से किया इनकार