टाइगर श्रॉफ पर हमले के लिए 2 महीने से प्लानिंग कर रहा था बेगूसराय का ऋतिक, हुलिया भी बदला था!
Hrithik Kumar Begusarai News Update: टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में बेगूसराय के ऋतिक कुमार उर्फ रोशन को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है. ऋतिक ने करीब दो महीने पहले सिर मुंडवाया था और इसे हमले की कथित प्लानिंग से जोड़कर देखा जा रहा है. फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों की भूमिका और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कथित संपर्क की जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT

बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बीते कल राजस्थान के कोटा से 3 शूटरों को गिरफ्तार कर लिया था. इनमें एक आरोपी ऋतिक कुमार उर्फ रोशन बिहार के बेगूसराय के रहने वाला है. इनकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और इसी बीच आरोपी ऋतिक को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है. बताया जा रहा है कि शूटर ऋतिक करीबन 2 महीने पहले से ही हमले के प्लानिंग कर रहा था और इसके लिए उसने अपना हुलिया तक बदल लिया था. आइए विस्तार से जानते हैं पूरी बात.
ऋतिक ने बदल लिया था अपना हुलिया
मिली जानकारी के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ पर हमले के लिए ऋतिक ने पूरी प्लानिंग की थी और इसी के तहत सबसे पहले उसने अपना हुलिया बदला था. बताया जा रहा है कि पहले ऋतिक के बाल लंबे-लंबे हुआ करते थे, लेकिन बाद में उसने अपना पूरा सिर ही मुंडवा लिया था, ताकि इलाके के लोग उससे आसानी से पहचान ना सकें. हालांकि जब ऋतिक टाइगर श्रॉफ के घर फायरिंग करने के लिए पहुंचा था तब उसके सिर पर हल्के-हल्के बाल आ गए थे.
करीबन 2 महीने से चल रही थी प्लानिंग
इस मामले में एक और बड़ी जानकारी सामने आई है कि ऋतिक ने 2 महीने पहले ही अपने बाल मुंडवाए थे. इसे हमले की प्लानिंग से भी जोड़ कर देखा जा रहा है और कहा जा रहा कि ऋतिक पिछले 2 महीने से ही हमले की प्लानिंग कर रहा था. हालांकि, अभी आरोपी के सिर मुंडवाने के पीछे की मंशा और इससे कितना फायदा हुआ इसकी जानकारी सामने नहीं आई है. फिलहाल पुलिस इस मामले में हर एंगल और आरोपियों की भूमिका से जुड़े तथ्यों की जांच-पड़ताल कर रही है.
मुंबई लाए जा रहे शूटर्स
टाइगर श्रॉफ केस में राजस्थान के कोटा में पकड़े गए तीनों आरोपी, ऋतिक कुमार उर्फ रोशन, फूल सिंह और रेहान को फिलहाल मुंबई लाया जा रहा है. पहले रेहान को अलग वाहन से मुंबई लाया जा रहा था, लेकिन मंदसौर में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर तीनों आरोपियों को एक ही गाड़ी बिठाया गया और फिर पुलिस टीम मुंबई के लिए रवाना हुई है. बताया जा रहा कि तीनों आरोपियों में से रेहान ही लॉरेंस बिश्नोई गैंग के अनिल पंडित के साथ सीधे संपर्क में था और टाइगर श्रॉफ पर हमले के लिए उसने ही अनिल पंडित से बातचीत की थी.
