Saran MLC Election Result: पहली बार चुनाव लड़े और बने MLC, कौन हैं डॉ. राहुल राज, जिन्होंने NDA और RJD के दिग्गजों को हराया? जानें पूरी कहानी
Dr Rahul Raj MLC: बिहार विधान परिषद चुनाव में सारण सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार डॉ. राहुल राज ने जीत दर्ज की है. उन्होंने जेडीयू के आनंद पुष्कर को हराया. पहली बार चुनाव लड़कर जीत हासिल करने वाले राहुल राज की पहचान एक शिक्षाविद और प्रखंड प्रमुख के रूप में भी है. उनकी जीत के पीछे सियासी समीकरणों की चर्चा हो रही है.
ADVERTISEMENT

Dr Rahul Raj MLC: बिहार विधान परिषद (MLC) चुनाव के परिणाम सामने आने के बाद सारण सीट से निर्दलीय उम्मीदवार डॉ. राहुल राज ने इतिहास रच दिया है. उन्होंने सत्ताधारी एनडीए (NDA) और विपक्षी आरजेडी (RJD) दोनों के दिग्गजों को करारी शिकस्त देते हुए जीत का परचम लहराया है. इस चुनाव में राहुल राज ने जेडीयू उम्मीदवार आनंद पुष्कर को हराया है. पहली बार चुनाव मैदान में उतरे डॉ. राहुल राज की इस बड़ी जीत के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म है.
कौन हैं डॉ. राहुल राज?
शैक्षणिक योग्यता: डॉ. राहुल राज पीएचडी होल्डर (PhD Holder) और एक शिक्षाविद हैं. वे मूल रूप से रिवरगंज प्रखंड के मुकरेरा गांव के रहने वाले हैं और उनके पिता का नाम विपिन सिंह है शिक्षा के साथ-साथ उनके अन्य कारोबारी हित भी हैं. राहुल वर्तमान में प्रखंड प्रमुख के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. अब उन्होंने अपने पहले ही MLC चुनाव में चुनावी मैदान में शानदार जीत हासिल की है.
राजनीतिक कनेक्शन और समीकरण
राहुल राज की पृष्ठभूमि पूर्व बाहुबली सांसद प्रभुनाथ सिंह के परिवार से जुड़ी बताई जाती है, जो वर्तमान में अशोक सिंह हत्याकांड में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं. राहुल राज को प्रभुनाथ सिंह के दामाद का चचेरा भाई बताया जाता है .दिलचस्प बात यह है कि प्रभुनाथ सिंह के बेटे और मांझी से जेडीयू विधायक रणधीर सिंह, जेडीयू उम्मीदवार आनंद पुष्कर के पक्ष में प्रचार कर रहे थे, लेकिन इसके बावजूद राहुल राज ने बाजी मार ली.
आनंद मोहन की बगावत और सियासी चर्चाएं
इस चुनाव परिणाम के पीछे पूर्व सांसद आनंद मोहन की नाराजगी और बगावत को एक बड़ा टर्निंग पॉइंट माना जा रहा है. राजनीतिक जानकारों के अनुसार, सारण सीट पर राजपूत समाज को टिकट नहीं मिलने के कारण आनंद मोहन नाराज चल रहे थे और उन्होंने राहुल राज के समर्थन में खुलकर हुंकार भरी थी. खास बात यह है कि आनंद मोहन की पत्नी लवली आनंद जेडीयू से सांसद हैं और बेटे चेतन आनंद जेडीयू से विधायक हैं, इसके बावजूद उन्होंने जेडीयू प्रत्याशी के खिलाफ जाकर निर्दलीय उम्मीदवार की जीत की जमीन तैयार करने में अहम भूमिका निभाई.
शिक्षकों के मुद्दों पर फोकस और आगे की चुनौती
जीत दर्ज करने के बाद डॉ. राहुल राज ने अपनी सफलता का श्रेय अपनी सालों की मेहनत को दिया है . चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने शिक्षकों की लंबित मांगों और समस्याओं को प्रमुखता से उठाया था . जीत के बाद उन्होंने शिक्षकों का आभार जताते हुए उनकी आवाज़ को विधान परिषद में मजबूती से उठाने का वादा किया है . अब देखना यह होगा कि वह विधान परिषद में शिक्षकों के मुद्दों को किस प्रकार आगे बढ़ाते हैं.
