दीपिंदर गोयल के TEMPLE का प्री-ऑर्डर 1 नवंबर से, कीमत सुनकर चौंक जाएंगे, खासियत जानें
जोमाटो के सह-संस्थापक दीपिंदर गोयल के ब्रेन मॉनिटरिंग गैजेट TEMPLE की कीमत 85,000 रुपये सामने आई है, जिसमें लाइफटाइम सब्सक्रिप्शन शामिल है. माथे पर चिपकने वाला यह डिवाइस दिमाग के ब्लड फ्लो को ट्रैक करता है. 6 कलर वेरिएंट्स वाले इस गैजेट के सीमित बैच के प्री-ऑर्डर 1 नवंबर 2026 से शुरू होंगे.
ADVERTISEMENT

जोमाटो के सह-संस्थापक दीपिंदर गोयल का नया हेल्थ गैजेट TEMPLE जल्द ही बाजार में दस्तक देने वाला है. इस अनोखे ब्रेन मॉनिटरिंग डिवाइस की कीमत 85 हजार रुपये तय की गई है. इस कीमत में यूज़र्स को डिवाइस के साथ लाइफटाइम का सब्सक्रिप्शन भी दिया जा रहा है.
स्मार्टवॉच से अलग है काम करने का तरीका
TEMPLE गैजेट आम स्मार्टवॉच या फिटनेस बैंड से काफी अलग है. इसे माथे के पास लगाया जाता है. यह डिवाइस 'ब्रेन फ्लो' नाम की आधुनिक तकनीक पर काम करता है. इसका मुख्य काम दिमाग में खून के बहाव यानी ब्लड फ्लो को ट्रैक करना है, जिससे इंसान की दिमागी सेहत और ओवरऑल हेल्थ का सटीक डेटा मिलता है.
6 आकर्षक रंगों में उपलब्ध होगा डिवाइस
कंपनी इस डिवाइस को छह खूबसूरत कलर ऑप्शन्स में पेश करने जा रही है. इसमें ट्रू गोल्ड, रोज गोल्ड और ब्लैक मिरर जैसे प्रीमियम कलर्स शामिल हैं. इससे पहले दीपिंदर गोयल को कई मौकों पर इस डिवाइस को पहने हुए देखा गया है. इतना ही नहीं, भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु भी एक लाइव मैच के दौरान इस गैजेट को पहने नजर आ चुकी हैं.
1 नवंबर से प्री-ऑर्डर और अर्ली इनवाइट
इस डिवाइस के शुरुआती चरण यानी बैच 01 के लिए प्री-ऑर्डर 1 नवंबर 2026 से शुरू होंगे. TEMPLE की कीमत और प्री-ऑर्डर से जुड़ी यह जानकारी उन लोगों के जरिए सामने आई है, जिन्हें कंपनी की ओर से अर्ली बर्ड इनवाइट्स मिले हैं. सोशल मीडिया पर एक यूज़र ने इस इनवाइट का स्क्रीनशॉट शेयर किया है. इनवाइट पाने वाले यूज़र्स TEMPLE ऐप के ज़रिये आम प्री-ऑर्डर शुरू होने से पहले ही अपना ऑर्डर बुक कर सकते हैं. पहले बैच में इस डिवाइस की संख्या काफी सीमित रखी गई है.
