जेल में बंद CJP नेताओं की मुश्किलें बढ़ीं, सौरव-आशुतोष से जुड़े एक और केस की जांच करेगी क्राइम ब्रांच
CJP Latest Update: कॉकरोच जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका से जुड़े एक और मामले की जांच दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को सौंपे जाने की जानकारी सामने आई है. जंतर-मंतर पर पहुंचने के मामले में दर्ज दो FIR की जांच अब क्राइम ब्रांच करेगी. दोनों नेता 14 अक्टूबर से न्यायिक हिरासत में हैं और उन्होंने हिरासत बढ़ाने के आदेश को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी है.
ADVERTISEMENT

कॉकरोच जनता पार्टी(CJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरव दास और आशुतोष रांका को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है. 14 अक्टूबर से जेल में बंद सौरव-आशुतोष की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है. ताजा जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को दोनों के खिलाफ दर्ज एक और मामले को क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया है. सूत्रों के मुताबिक, आगे अब क्राइम ब्रांच ही इन CJP के नेताओं के खिलाफ दर्ज मामलों की जांच करेगी. वहीं इससे पहले जंतर-मंतर पर सौरव-आशुतोष के प्रवेश करने के मामले को सोमवार को ही क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया था. विस्तार से जानिए मामले की पूरी कहानी.
किन मामलों की जांच करेगी CBI?
दरअसल 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP ने विरोध प्रदर्शन बुलाया था. लेकिन जैसे ही अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका मुंबई से दिल्ली पहुंचे, उन्हें पुलिस ने फ्लाइट के अंदर से ही डिटेन कर लिया था. फिर उन्हें लगभग 24 घंटे एहतियातन हिरासत में रखा गया और फिर 11 अक्टूबर को पीस बॉन्ड(शांति ना भंग करने) पर साइन करके छोड़ दिया गया था.
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, इस बॉन्ड के बावजूद 13 अक्टूबर को सौरव दास, आशुतोष रांका, अजिंक्य शिंदे और CJP के 11 लोग जंतर-मंतर पहुंचे थे. सभी 14 लोग निजी परिसर से होते हुए वहां पहुंचे थे. लेकिन तब तक जंतर-मंतर को आधिकारिक तौर प्रदर्शन स्थल के रूप से डीनोटिफाई कर दिया गया था. ऐसे में वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने मामले में हस्तक्षेप किया और उन्हें रोकने की कोशिश की. लेकिन जब वे लोग नहीं माने तो पुलिस ने 14 लोगों को हिरासत में ले लिया. इसी मामले में दो FIR दर्ज की गई, जो कि अब क्राइम ब्रांच के हाथों में चली गई है और वहीं जांच करेंगे.
14 अक्टूबर से न्यायिक हिरासत में आशुतोष-सौरव
पीस बॉन्ड भंग करने की वजह से 14 अक्टूबर को SEM(स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट) ने उन्हें 5 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था. फिर 19 अक्टूबर को इस दिल्ली पुलिस ने कोर्ट से दो दिन की न्यायिक हिरासत बढ़ाने की मांग की थी, जिसके बाद मामले में सुनवाई करते हुए उनकी न्यायिक हिरासत को 2 दिन के लिए और बढ़ा दिया गया था. आज यानी 21 अक्टूबर को इस मामले में सुनवाई होनी है.
सौरव-आशुतोष ने खटखटाया HC का दरवाजा
इसी बीच सौरव दास और आशुतोष रांका ने हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. उन्होंने अपनी न्यायिक हिरासत बढ़ाने के आदेश को हाइकोर्ट में चुनौती दी है. उनकी ओर से यह दलील दी गई है कि SEM का आदेश कानूनी तौर पर सही नहीं है.(विस्तार से पढ़िए पूरी खबर)
