दिल्ली: छठ से पहले यमुना का हाल कैसा? कालिंदी कुंज घाट से देखिए ग्राउंड रिपोर्ट

Delhi Chhath Puja Preparation: आगामी छठ महापर्व को देखते हुए राजधानी दिल्ली में तैयारियां तेज हो गई हैं. दिल्ली तक की ग्राउंड रिपोर्ट के अनुसार, कालिंदी कुंज यमुना घाट पर पानी से जहरीला झाग हटाने के लिए जल बोर्ड की टीमें बोट के जरिए केमिकल का छिड़काव कर रही हैं. साथ ही घाट पर साफ-सफाई का कार्य भी शुरू हो चुका है.

ADVERTISEMENT

छठ महापर्व से पहले यमुना नदी का ग्राउंड रियलिटी चेक
छठ महापर्व से पहले यमुना नदी का ग्राउंड रियलिटी चेक
Google CTA

Yamuna River Chhath Puja Preparation Delhi: लोक आस्था के महान पर्व छठ की शुरुआत जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे राजधानी दिल्ली में प्रशासनिक और सामाजिक स्तर पर तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं. इसी कड़ी में 'दिल्ली तक' की टीम ने कालिंदी कुंज यमुना घाट पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. पिछले कुछ दिनों से यमुना नदी में लगातार नजर आ रहे सफेद और जहरीले झाग को खत्म करने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है. घाट पर दिल्ली जल बोर्ड की विशेष टीमें और बोट तैनात की गई हैं, जो पानी के ऊपर बने झाग को हटाने के लिए एंटी-फोमिंग केमिकल का छिड़काव कर रही हैं.

कैसी है यमुना के पानी और जलस्तर की स्थिति?

कालिंदी कुंज घाट पर मौजूद रिपोर्टर के अनुसार, ओखला बैराज से पानी कम डिस्चार्ज होने के कारण फिलहाल यमुना नदी में पानी का स्तर काफी कम नजर आ रहा है. बैराज के कुछ गेट बंद होने की वजह से पानी का बहाव धीमा है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि छठ पूजा के मुख्य दिनों के दौरान पानी का डिस्चार्ज बढ़ा दिया जाएगा, जिससे घाट पर पर्याप्त जल उपलब्ध हो सके. पानी में अभी भी कुछ गंदगी जरूर दिखाई दे रही है, लेकिन जल बोर्ड द्वारा किए जा रहे लगातार छिड़काव के बाद पहले की तुलना में पानी के ऊपर तैरता हुआ भारी झाग काफी हद तक कम हुआ है.

कालिंदी कुंज घाट पर साफ-सफाई और प्रशासन की तैयारी

गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों से प्रतिबंध के बाद पिछले साल से कालिंदी कुंज घाट पर एक बार फिर छठ पूजा का आयोजन शुरू हुआ था. इस बार भी यहां वृहद स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं, जिसके तहत घाट के आसपास समतलीकरण और रास्तों को ठीक करने का कार्य किया जा रहा है. आगामी 13 नवंबर को 'नहाय-खाय' के साथ चार दिवसीय इस महापर्व की शुरुआत होगी, जिसके बाद 14 नवंबर को खरना, 15 नवंबर को पहला अर्घ्य और 16 नवंबर को दूसरे अर्घ्य के साथ इस पर्व का समापन होगा. दिल्ली सरकार द्वारा इस बार लगभग 1400 से अधिक घाट तैयार किए जा रहे हैं ताकि व्रतियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो.

यह भी पढ़ें: दिल्ली-NCR में GRAP-3 लागू, अब क्या-क्या बंद रहेगा और किन पर लगी पाबंदी? जानिए पूरी डिटेल