करनाल: पुलिस हिरासत में जितेंद्र की मौत के मामले में बड़ा एक्शन, CIA-2 के दो कर्मचारियों पर हत्या का केस दर्ज

Karnal Jitendra Jackie Death Case: हरियाणा के करनाल में जितेंद्र उर्फ जैकी की पुलिस हिरासत में मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है. परिजनों और ग्रामीणों के विरोध के बाद अग्रसेन चौक पर जाम लगाया गया. इसके बाद पुलिस ने CIA-2 के इंचार्ज प्रवीण और संदीप के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है. अब सबकी नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर है.

ADVERTISEMENT

पुलिस हिरासत में जितेंद्र की मौत के मामले में बड़ा एक्शन,
पुलिस हिरासत में जितेंद्र की मौत के मामले में बड़ा एक्शन,
Google CTA

Karnal Jitendra Jackie Death Case: हरियाणा के करनाल में पुलिस हिरासत के दौरान बीजना गांव निवासी जितेंद्र उर्फ जैकी की मौत का मामला गरमा गया है. परिजनों के कड़े विरोध और अग्रसेन चौक पर लगाए गए जाम के बाद पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है. इस मामले में अब CIA-2 के दो पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है. इससे पहले पुलिस ने तीन कर्मियों को सस्पेंड किया था, लेकिन परिजन FIR दर्ज करने की मांग पर अड़े हुए थे.

सस्पेंड के बाद अब दो पुलिसकर्मियों पर केस दर्ज

बीजना गांव के रहने वाले जितेंद्र की दो दिन पहले पुलिस कस्टडी में मौत हो गई थी. इस मामले में विभाग ने पहले कार्रवाई करते हुए CIA-2 के इंचार्ज प्रवीण समेत संदीप और रजिंदर को सस्पेंड कर दिया था. हालांकि, केवल निलंबन से संतुष्ट न होते हुए परिवार और समाज के लोगों ने उचित कार्रवाई की मांग तेज कर दी. इसके बाद अब पुलिस ने इंचार्ज प्रवीण और संदीप के खिलाफ हत्या (धारा 302) का मुकदमा दर्ज कर लिया है. मामले में सामने आए अन्य नामों की भूमिका की जांच भी पुलिस कर रही है.

अग्रसेन चौक पर जाम के बाद झुका प्रशासन

कार्रवाई में देरी से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने अग्रसेन चौक पर कुछ देर के लिए जाम लगा दिया और आरोपी पुलिसकर्मियों पर केस दर्ज करने की मांग की. मृतक का शव पिछले दो दिनों से कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखा हुआ है. परिजनों ने चेतावनी दी थी कि जब तक एफआईआर दर्ज नहीं होगी, वे शव नहीं उठाएंगे. अब मुकदमा दर्ज होने के बाद परिवार और पुलिस के बीच सहमति बन गई है और परिजन शव लेकर जाने के लिए तैयार हैं.

अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

परिवार के लोगों ने CIA पुलिस पर जितेंद्र को टॉर्चर करने का गंभीर आरोप लगाया था. गौरतलब है कि जितेंद्र की मौत के बाद एक पुलिसकर्मी ने भी खुद को गोली मार ली थी, जिसका फिलहाल अस्पताल में इलाज चल रहा है. जितेंद्र के शव का पोस्टमार्टम मजिस्ट्रेट की निगरानी में मेडिकल बोर्ड द्वारा किया गया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा.

डीएसपी ने क्या बताया?

इस पूरे प्रकरण पर डीएसपी गोरखपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रवीण और संदीप के खिलाफ धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस कप्तान तय करेंगे कि इस मामले की जांच किसे सौंपी जाएगी. डीएसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि परिजनों से बातचीत हो गई है और वे फिलहाल पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट हैं. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी.

क्या है पूरा मामला?

परिजनों के मुताबिक, 11 नवंबर को CIA-2 के पांच से छह कर्मचारी जितेंद्र को उसके घर से अपने साथ ले गए थे. जितेंद्र के चचेरे भाई रिंकू का आरोप है कि पुलिसकर्मी उसे किसी हथियार से जुड़े मामले में पूछताछ के लिए ले गए थे. परिवार ने जब जितेंद्र के बारे में जानकारी लेने और उससे मिलने की कोशिश की तो पुलिसकर्मियों ने उसे हिरासत में लेने की बात से ही इनकार कर दिया. बताया जा रहा है कि जितेंद्र हत्या के एक मामले में 10 साल की सजा काटकर जेल से बाहर आया था.

यह भी पढ़ें: गुरुग्राम: रात को फोन आने पर घर से निकला था हिस्ट्रीशीटर दीपक, सुबह हाईवे की सर्विस लेन पर मिला शव!