तालाब में गोताखोर दो दिनों तक ढूंढते रहें... लेकिन जिस अंजलि को पुलिस ढूंढ रही थी, वह निकली प्रेमी के साथ!
मध्य प्रदेश के भिंड में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस जिस युवती को तालाब में दो दिनों से तलाश रही थी, वह असल में अपने प्रेमी के साथ अहमदाबाद में मिली. परिवार ने समाज में बदनामी के डर से पुलिस को गुमराह करने के लिए तालाब में कूदने की झूठी कहानी रची थी.
ADVERTISEMENT

मध्य प्रदेश के भिंड से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम जिस युवती को तालाब में दो दिनों से तलाश रही थी, वह असल में अपने प्रेमी के साथ अहमदाबाद में निकली. परिवार ने समाज में बदनामी के डर से झूठी कहानी रची थी.
तालाब में छलांग लगाने की झूठी कहानी
मामला भिंड जिले का है. शनिवार शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि सीता नगर की रहने वाली अंजलि नाम की युवती ने गौरी तालाब में छलांग लगा दी है. यह सूचना देने वाला कोई और नहीं, बल्कि उसका अपना भाई था. भाई ने पुलिस को बताया था कि वह बहन को स्कूटी से बाजार लेकर जा रहा था, तभी उसने शनिदेव मंदिर के पास तालाब में छलांग लगा दी.
दो दिन तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई. शनिवार शाम से शुरू हुआ तलाश अभियान अंधेरा होने के कारण रोकना पड़ा, लेकिन रविवार सुबह 8 बजे से गोताखोरों ने फिर से तालाब खंगालना शुरू कर दिया. लगातार घंटों की मशक्कत और दो दिनों के रेस्क्यू के बाद भी जब युवती का कोई सुराग नहीं मिला, तो पुलिस का माथा ठनका.
सीसीटीवी फुटेज ने खोली पोल
शक होने पर पुलिस ने सीता नगर से लेकर गौरी तालाब तक के रास्ते के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. फुटेज में सामने आया कि भाई जो यह कह रहा था कि वह बहन को स्कूटी पर बैठाकर लाया था, वह अकेला ही स्कूटी से आ-जा रहा था. पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ की, तो भाई ने सारा सच उगल दिया.
बदनामी के डर से गढ़ी गई थी कहानी
पुलिस पूछताछ में पता चला कि अंजलि घटना से करीब 20 दिन पहले ही अपने प्रेमी के साथ अहमदाबाद जा चुकी थी. परिवार को इस बात की जानकारी थी, लेकिन समाज में नाक कटने और बदनामी के डर से उन्होंने पुलिस को गुमराह करने के लिए तालाब में कूदने की झूठी साजिश रची थी. पुलिस अब युवती की गुमशुदगी दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है.
ये भी पढ़ें: चिड़ियाघर के बाहर से 26 सेकंड में गायब हुई सुहाना 20 दिन बाद वापस लौटी, पुलिस के सामने बनी पहेली
