MP: बर्ड फ्लू के खिलाफ भोपाल में बना सुरक्षा कवच, शिवराज सिंह चौहान ने लॉन्च की देश की पहली वैक्सीन

भोपाल के ICAR-NIHSAD वैज्ञानिकों ने H5N1 बर्ड फ्लू के खिलाफ देश की पहली स्वदेशी वैक्सीन बनाई है. कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इसे लॉन्च किया. एक डोज से 6 महीने तक सुरक्षा का दावा.

ADVERTISEMENT

Shivraj Singh Chouhan
Shivraj Singh Chouhan
Google CTA

भोपाल: बर्ड फ्लू के खतरनाक H5N1 वायरस से निपटने के लिए भारत ने अपनी पहली स्वदेशी वैक्सीन तैयार कर ली है. इस टीके को भोपाल स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (ICAR-NIHSAD) के वैज्ञानिकों ने विकसित किया है. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार, 20 नवंबर को भोपाल में इस वैक्सीन को लॉन्च किया.

एक डोज से 6 महीने तक सुरक्षा का दावा 

दावा किया गया है कि इस स्वदेशी वैक्सीन की एक डोज मुर्गियों को 6 महीने तक सुरक्षा प्रदान कर सकती है. इससे बार-बार टीकाकरण की जरूरत कम होगी और पोल्ट्री फार्म संचालकों को बड़ी राहत मिलेगी.

दुनिया के कई देशों—जैसे चीन, मिस्र और वियतनाम—में बर्ड फ्लू के टीके मौजूद हैं, लेकिन वायरस के स्ट्रेन अलग-अलग होने के कारण हर देश की वैक्सीन हर जगह उतनी प्रभावी नहीं होती. भोपाल के वैज्ञानिकों ने भारत में पाए जाने वाले H5N1 वायरस के क्लेड 2.3.2.1a को ध्यान में रखते हुए यह टीका तैयार किया है, जिससे यह भारतीय परिस्थितियों के लिए ज्यादा उपयुक्त माना जा रहा है.

पोल्ट्री उद्योग को करोड़ों के नुकसान से बचाने की उम्मीद  

H5N1 वायरस का प्रकोप पोल्ट्री फार्मों के लिए बेहद घातक साबित होता है. संक्रमण फैलने पर मुर्गियों में मृत्यु दर 100 फीसदी तक पहुंच सकती है, और वायरस को फैलने से रोकने के लिए बड़े पैमाने पर मुर्गियों को मारना पड़ता है. इससे पशुपालकों और कारोबारियों को करोड़ों रुपये का नुकसान उठाना पड़ता है तथा अंडा और चिकन सप्लाई पर भी असर पड़ता है.

ICAR के डायरेक्टर जनरल एमएल जाट के अनुसार, भारत में 2006 से बर्ड फ्लू के प्रकोप सामने आते रहे हैं और अब तक 500 से अधिक बार संक्रमण दर्ज किया जा चुका है. शुरुआती प्रकोप में ही पोल्ट्री उद्योग को 2200 से 3000 करोड़ रुपये तक के नुकसान का अनुमान लगाया गया था. यह वैक्सीन विशेष रूप से अधिक जीवनकाल वाली लेयर्स (अंडा देने वाली मुर्गियां) और ब्रीडर्स (प्रजनन वाली मुर्गियां) के लिए ज्यादा उपयोगी साबित हो सकती है, जिन्हें लंबे समय तक सुरक्षा की आवश्यकता होती है. स्वदेशी होने के कारण इसके किफायती रहने की उम्मीद है.

इंसानों में संक्रमण का खतरा कम करने में भी मददगार 

ICAR डीजी एमएल जाट ने बताया कि बर्ड फ्लू केवल पक्षियों तक सीमित खतरा नहीं है, बल्कि H5N1 इंसानों को भी संक्रमित कर सकता है. संक्रमित पक्षियों के संपर्क में आने पर लोगों में तेज बुखार, सांस लेने में परेशानी और गंभीर निमोनिया जैसी स्थिति बन सकती है. विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के आंकड़ों के मुताबिक, 2003 से अब तक इंसानों में H5N1 के 1003 मामले सामने आए हैं, जिनमें 479 लोगों की मौत हो चुकी है. मुर्गियों में संक्रमण घटने से इंसानों तक वायरस पहुंचने की आशंका भी कम हो सकती है.

अर्जी लेकर पहुंचे शख्स से अजयपार धाम बाबा बोला, 'बच्चा तुम्हारा नहीं, पत्नी का किसी और से संबंध'