Cyber Fraud: Gwalior में वर्क फ्रॉम होम जॉब के नाम पर तंजानियाई की छात्रा के साथ बड़ा कांड हो गया, दर्ज कराई FIR
ग्वालियर में वर्क फ्रॉम होम जॉब के नाम पर तंजानिया की 22 वर्षीय छात्रा हेरियथ जस्टीना से 50 हजार रुपये की साइबर ठगी हो गई. पढ़ाई का खर्च निकालने के लिए ऑनलाइन काम तलाश रही छात्रा को ठगों ने रजिस्ट्रेशन, फाइल चार्ज और वेरिफिकेशन के नाम पर पैसे ट्रांसफर करवाए। 15 और 16 अक्टूबर को कुल 13 UPI ट्रांजैक्शन किए गए. नौकरी नहीं मिलने पर छात्रा को ठगी का पता चला. शिकायत के बाद सिरोल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT

मध्य प्रदेश के ग्वालियर में ऑनलाइन पार्ट-टाइम नौकरी के लालच में तंजानिया की एक 22 साल की विदेशी छात्रा साइबर ठगी का शिकार हो गई. ठगों ने घर बैठे अच्छी कमाई का झांसा देकर छात्रा से अलग-अलग बहानों से लगभग 50 हजार रुपये ठग लिए. महज दो दिनों में UPI के जरिए 13 बार ट्रांजैक्शन कराए गए. नौकरी नहीं मिलने पर छात्रा को अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला. मामले में सिरोल थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पढ़ाई के खर्च के लिए तलाश रही थी ऑनलाइन काम
जानकारी के मुताबिक, तंजानिया की रहने वाली 22 साल की हेरियथ जस्टीना ग्वालियर के एक विश्वविद्यालय में स्टूडेंट वीजा पर पढ़ाई कर रही हैं. वह अपने भाई के साथ ग्वालियर में रहती हैं. पढ़ाई का खर्च निकालने के लिए वह ऑनलाइन पार्ट-टाइम जॉब की तलाश कर रही थीं. इसी दौरान 15 अक्टूबर को उनके पास घर बैठे काम करने और अच्छी कमाई का लालच देने वाला मैसेज आया. छात्रा को लगा कि पढ़ाई के साथ कमाई करने का यह अच्छा मौका है. इसी भरोसे का फायदा साइबर ठगों ने उठाया.
रजिस्ट्रेशन, फाइल चार्ज और वेरिफिकेशन के नाम पर ठगी
ऑनलाइन नौकरी दिलाने के नाम पर आरोपियों ने छात्रा से अलग-अलग बहाने बनाकर पैसे मांगने शुरू कर दिए. कभी रजिस्ट्रेशन फीस, कभी फाइल चार्ज तो कभी वेरिफिकेशन के नाम पर भुगतान कराया गया. नौकरी मिलने की उम्मीद में छात्रा आरोपियों के बताए तरीके से पैसे ट्रांसफर करती रहीं. 15 और 16 अक्टूबर को UPI के जरिए कुल 13 ट्रांजैक्शन किए गए. इस तरह छात्रा के खाते से 50 हजार रुपये निकल गए. जब पैसे देने के बाद भी नौकरी नहीं मिली, तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ.
साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत, पुलिस ने दर्ज किया केस
पीड़िता ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद ग्वालियर के सिरोल थाना क्षेत्र में मामला दर्ज किया गया. पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच कर रही है. CSP रॉबिन जैन के मुताबिक, पुलिस ट्रांजैक्शन, चैट हिस्ट्री और उन बैंक खातों की पड़ताल कर रही है, जिनमें ठगी की रकम ट्रांसफर की गई. आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं.
ऑनलाइन जॉब ऑफर के नाम पर ठगी से रहें सावधान
यह घटना ऑनलाइन नौकरी की तलाश कर रहे लोगों के लिए एक चेतावनी है. साइबर ठग अक्सर घर बैठे कमाई, पार्ट-टाइम जॉब और आकर्षक वेतन का लालच देकर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं. इसके बाद रजिस्ट्रेशन, ट्रेनिंग, फाइल चार्ज या वेरिफिकेशन के नाम पर पैसे मांगते हैं.ऐसे में किसी भी अनजान व्यक्ति या संस्था को पैसे भेजने से पहले उसकी विश्वसनीयता की जांच जरूर करें. नौकरी पाने के लिए अग्रिम भुगतान मांगने वाले संदिग्ध ऑफर से सावधान रहें. साइबर ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं.
यह खबर भी पढ़े : MP में बड़ा हादसा: क्रासिंग पर नहीं था फाटक, अचानक आई मालगाड़ी और पिकअप के उड़ा दिए परखच्चे
