ग्वालियर शीतला माता मंदिर हादसा: श्योपुर के एक ही परिवार के उजड़े अरमान, हादसे में जान गंवाने वाले ताऊ और 15 साल के शौर्य का शव पहुंचते ही मचा कोहराम

ग्वालियर के शीतला माता मंदिर भीषण सड़क हादसे में श्योपुर के एक ही परिवार के दो सदस्यों (ताऊ-भतीजे) की मौत हो गई. धान से लदे अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से 15 साल के शौर्य और महेश शर्मा की जान चली गई, जिससे पूरे गांव में मातम पसरा है.

ADVERTISEMENT

NewsTak
तस्वीर: सर्वेश पुरोहित
Google CTA

ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास हुए भीषण सड़क हादसे ने श्योपुर जिले के सहसराम गांव के एक ही परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है. हादसे में जान गंवाने वाले 45 वर्षीय महेश शर्मा और 15 वर्षीय शौर्य शर्मा के शव रविवार को दोपहर गांव पहुंचे, जिसके बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. इस दर्दनाक हादसे में परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं.

रो-रो कर बिलखते पिता, बेसुध मां, जिसकी निगाहें सिर्फ अपने बेटे को तलाश रही हैं... जो होश में आते ही बेटे को लेकर सवाल करने लगती है और फिर बेसुध हो जाती है—किसी की भी आंखें नम कर देने वाली यह तस्वीर उस वक्त की है जब ग्वालियर के शीतला माता मंदिर त्रासदी में जान गंवाने वाले 15 साल के शौर्य शर्मा का शव उनके घर पहुंचा.

भाई से मिलने और मकान देखने गए थे महेश शर्मा

जानकारी के मुताबिक, संजय शर्मा ग्वालियर में निजी नौकरी करते हैं और अपनी पत्नी छाया शर्मा तथा दो बेटों के साथ वहीं रहते हैं. मृतक महेश शर्मा सहसराम गांव में खेती-किसानी का काम संभालते थे. वह ग्वालियर में रह रहे अपने छोटे भाई संजय शर्मा से मिलने और वहां बन रहे निर्माणाधीन मकान को देखने पहुंचे थे. किसी को अंदाजा नहीं था कि भाई से मिलने का यह सफर इस परिवार के लिए इतनी बड़ी त्रासदी बन जाएगा.

15 साल का शौर्य अपने ताऊ (महेश शर्मा) और परिवार के दूसरे सदस्यों के साथ शीतला माता मंदिर दर्शन करने गया था. इस हादसे में शौर्य और उनके ताऊ दोनों की मौत हो गई, जिससे परिवार ने एक साथ घर के दो सदस्यों को खो दिया. वहीं, परिवार के कई अन्य सदस्य इस दुर्घटना में घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.

गांव में छाया मातम

जैसे ही ग्वालियर से महेश शर्मा और शौर्य के शव सहसराम गांव पहुंचे, परिवार में कोहराम मच गया. अपनों को खोने का दर्द परिजनों के आंसुओं में साफ दिखाई दे रहा है. गांव के लोग भी इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं. एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है.

इस हादसे में संजय शर्मा, उनकी पत्नी छाया शर्मा और संजय शर्मा की बहन की दो बेटियां साक्षी शर्मा व जानवी शर्मा (दोनों सगी बहनें) भी घायल हुई हैं. पूरा परिवार नवरात्रि के अवसर पर शीतला माता मंदिर दर्शन करने और मेला घूमने गया था, लेकिन किसी को नहीं पता था कि यह सफर इतना दर्दनाक साबित होगा.

क्या था पूरा मामला?

उल्लेखनीय है कि ग्वालियर में धान से लदे ट्रक के अनियंत्रित होकर श्रद्धालुओं को कुचलने की इस घटना में कुल 15 लोगों की मौत और 26 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है. यह हादसा शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 1:30 बजे ग्वालियर के चीनोर रोड स्थित शीतला माता मंदिर के पास हुआ. नवरात्रि के चलते मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी. इसी दौरान धान से लदा ट्रक ढलान पर अनियंत्रित हो गया और श्रद्धालुओं को अपनी चपेट में लेते हुए मंदिर के प्रवेश द्वार की बाहरी दीवार से टकरा गया.

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई थी. पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया. हादसे में ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है. इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएम मोहन यादव ने सीएसपी समेत 8 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है.

ग्वालियर ट्रक हादसा: शीतला माता मंदिर के पास बेकाबू ट्रक ने 15 श्रद्धालुओं को कुचला. सीएम मोहन का सख्त एक्शन CSP समेत 8 पुलिसकर्मी निलंबित