केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित, बीजेपी अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने लिया सर्टिफिकेट
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिए गए हैं. नाम वापसी की आखिरी तारीख के बाद उनके खिलाफ कोई उम्मीदवार नहीं बचा था.
ADVERTISEMENT

भोपाल: मध्य प्रदेश राज्यसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रत्याशी और केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी निर्विरोध राज्यसभा सदस्य चुन लिए गए हैं. गुरुवार (5 नवंबर) को नामांकन वापसी की समय-सीमा समाप्त होने के बाद रिटर्निंग ऑफिसर ने उनकी जीत की औपचारिक घोषणा कर दी.
निर्दलीय उम्मीदवारों के पर्चे हुए खारिज
इस सीट के लिए केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी के अलावा दो निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था. इनमें से एक उम्मीदवार को कांग्रेस का समर्थन प्राप्त था. हालांकि, स्क्रूटनी के दौरान नामांकन पत्रों में पाई गई त्रुटियों के कारण दोनों निर्दलीय प्रत्याशियों के पर्चे रद्द कर दिए गए. ऐसे में मैदान में केवल हरदीप सिंह पुरी ही एकमात्र उम्मीदवार बचे थे. यदि मुकाबला होता तो 12 नवंबर को मतदान कराया जाना तय था.
बीजेपी नेताओं ने प्राप्त किया सर्टिफिकेट
जीत की आधिकारिक घोषणा के समय हरदीप सिंह पुरी भोपाल में उपस्थित नहीं थे. उनकी अनुपस्थिति में मध्य प्रदेश बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा विधानसभा पहुंचे और रिटर्निंग ऑफिसर से हरदीप सिंह पुरी का निर्वाचन प्रमाणपत्र (Certificate) प्राप्त किया.
एल मुरुगन के इस्तीफे से खाली हुई थी सीट
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश से राज्यसभा सांसद एल मुरुगन के पद से इस्तीफा देने के बाद यह सीट रिक्त हुई थी. इसके बाद बीजेपी केंद्रीय नेतृत्व ने हरदीप सिंह पुरी को मध्य प्रदेश से अपना उम्मीदवार बनाया था.
