इंदौर कॉन्सर्ट में दिलजीत दोसांझ का धमाकेदार अंदाज, राहत इंदौरी का शेर पढ़कर किसको दिया जवाब ?
इंदौर में हुए दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में राहत इंदौरी का शेर वायरल हो गया. धमकियों और प्रशासन की आपत्तियों के बीच हुए इस शो में 7 करोड़ रुपये से ज्यादा के टिकट बिके. पढ़ें पूरी खबर.
ADVERTISEMENT

इंदौर: मशहूर पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ ने रविवार को इंदौर में आयोजित अपने लाइव कॉन्सर्ट में शानदार परफॉर्मेंस देकर समां बांध दिया. कार्यक्रम के दौरान दिलजीत ने मशहूर शायर राहत इंदौरी का चर्चित शेर सुनाया, "सभी का खून है शामिल यहां की मिट्टी में, किसी के बाप का हिन्दोस्तान थोड़ी है." उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
धमकियों पर दिलजीत का बेबाक जवाब
इंदौर में इस आयोजन से पहले अलग-अलग संस्थानों को करीब 9 धमकी भरे ई-मेल प्राप्त हुए थे, जिनमें RDX विस्फोट करने की बात कही गई थी. इन धमकियों और विरोध पर मंच से प्रतिक्रिया देते हुए दिलजीत ने कहा कि उनके इंदौर आने और कार्यक्रम को रोकने के लिए कई प्रयास किए गए. उन्होंने आगे कहा कि यह महाकाल की धरती है और उन्हें यहां आने से कोई नहीं रोक सकता.
प्रशासन की आपत्ति के बावजूद गाए तीन गाने
कॉन्सर्ट से पहले इंदौर जिला प्रशासन ने दिलजीत के चार गानों, 'पटियाला पैग', '5 तारा ठेके', 'जेब विचों अफीम' और 'जट्ट फायर करदा' पर आपत्ति जताते हुए इन्हें न गाने के निर्देश दिए थे. हालांकि, दिलजीत ने शो के दौरान इनमें से तीन गाने, 'पटियाला पैग', '5 तारा ठेके' और 'जट्ट फायर करदा' गाए. इसके अलावा उन्होंने 'खुदा गवाह', 'सांसों की माला' और 'किन्नी किन्नी' जैसे अपने हिट गानों पर भी दर्शकों को खूब झुमाया. रात 10 बजे आखिरी गाना गाकर शो का समापन किया गया.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम और 7 करोड़ की टिकट बिक्री
धमकियों को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए थे. मौके पर बम डिस्पोजल टीम को तैनात किया गया था और ड्रोन के जरिए पूरे इलाके की निगरानी की जा रही थी.
टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म BookMyShow के अनुसार, इंदौर शो के लिए 7 करोड़ रुपये से अधिक के टिकट बिके. कॉन्सर्ट के शुरुआती टिकट की कीमत 1,500 रुपये थी, जबकि सबसे महंगी 'GOAT टेबल' 8 लाख रुपये और 'Born To Shine टेबल' 5 लाख रुपये में बिकी. इस भव्य आयोजन से नगर निगम को भी 60 लाख रुपये से ज्यादा का टैक्स प्राप्त हुआ है.
रद्द होने की अफवाहों पर पहले ही लगाया था विराम
गौरतलब है कि कॉन्सर्ट से पहले इसके रद्द होने की खबरें भी सामने आई थीं, जिस पर दिलजीत ने लाइव आकर फैंस को भरोसा दिलाया था. उन्होंने कहा था कि वे 15 तारीख को इंदौर जरूर आएंगे और सबसे पहले वहां का मशहूर पोहा खाकर पूरी ऊर्जा के साथ 'चट्ट दे फट्टे' करेंगे. उन्होंने फैंस से किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की थी.
