मध्य प्रदेश में बढ़ने लगी ठंड, कहीं 10 डिग्री तो कहीं 34 डिग्री पहुंचा तापमान, जानें मौसम अपडेट
मध्य प्रदेश में 13 नवंबर को मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. मौसम विभाग ने किसी भी जिले में बारिश या आंधी का अलर्ट जारी नहीं किया है. भोपाल में अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 12 डिग्री रह सकता है. अगले पांच दिनों तक मौसम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है.
ADVERTISEMENT

मध्य प्रदेश में नवंबर के दूसरे सप्ताह में मौसम का मिजाज मिला-जुला बना हुआ है. प्रदेश के कई शहरों में सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस होने लगी है, जबकि दोपहर में धूप निकलने से गर्मी का असर बना हुआ है. ऐसे में लोगों के मन में सवाल है कि 13 नवंबर को प्रदेश में मौसम कैसा रहेगा और किन जिलों में तापमान कितना रहने वाला है.
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के भोपाल केंद्र की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, 13 नवंबर को मध्य प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. प्रदेश में कहीं भी बारिश या आंधी-तूफान का अलर्ट जारी नहीं किया गया है. यानी अगले दिन भी मौसम साफ रहने वाला है. मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों में तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना भी नहीं जताई है.
13 नवंबर को सभी जिलों में मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 13 नवंबर को मध्य प्रदेश के सभी संभागों और जिलों में मौसम शुष्क रहेगा. बारिश की कोई संभावना नहीं है. इसके साथ ही आंधी, तेज हवाओं और बिजली गिरने को लेकर भी कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है.
पिछले 24 घंटों के दौरान भी प्रदेश के सभी संभागों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा. इस दौरान अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव दर्ज नहीं किया गया. चंबल संभाग के जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस तक कम रहा. जबकि बाकी संभागों में तापमान सामान्य के आसपास दर्ज किया गया.
इन शहरों में सबसे कम रहा न्यूनतम तापमान
प्रदेश में रात के तापमान में ठंडक का असर दिखाई देने लगा है. मौसम विभाग के 12 नवंबर के आंकड़ों के मुताबिक, कटनी जिले के करौंदी में सबसे कम 10.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया.
इसके अलावा दमोह में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री, इंदौर में 11.1 डिग्री, शहडोल के कल्याणपुर में 11.4 डिग्री और शाजापुर के गिरवर में 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
वहीं प्रदेश में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान सागर में 17.9 डिग्री सेल्सियस रहा. दतिया में 17.8 डिग्री, नर्मदापुरम में 17.6 डिग्री, टीकमगढ़ में 17 डिग्री और खरगोन में 16.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ.
दिन में खरगोन सबसे गर्म, अमरकंटक सबसे ठंडा
प्रदेश में दिन के तापमान की बात करें तो खरगोन सबसे गर्म शहर रहा. यहां अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. खंडवा में 34.1 डिग्री, रतलाम में 33 डिग्री, धार में 32.7 डिग्री और उज्जैन में 32.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा.
दूसरी तरफ अमरकंटक में सबसे कम अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. बालाघाट के मलाजखंड में 25.8 डिग्री, नर्मदापुरम के पचमढ़ी में 27 डिग्री, कटनी के करौंदी में 28.1 डिग्री और शहडोल के कल्याणपुर में 28.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा.
भोपाल में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी भोपाल में 13 नवंबर को आसमान साफ रहने का अनुमान है. हालांकि मौसम विभाग ने धुंध छाए रहने की संभावना जताई है. यहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. इस दौरान हवा की औसत गति 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे रहने का अनुमान है.
भोपाल में 12 नवंबर को अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था. सुबह 8:30 बजे आर्द्रता 51 फीसदी रही. पिछले 24 घंटों में यहां बारिश दर्ज नहीं की गई.
अगले पांच दिनों तक मौसम में बड़े बदलाव के आसार नहीं
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले पांच दिनों तक प्रदेश के मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. इस दौरान शुष्क मौसम बना रह सकता है. फिलहाल प्रदेश में बारिश को लेकर कोई चेतावनी नहीं है.
मौसम विभाग की रिपोर्ट में एक पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कश्मीर संभाग और आसपास के क्षेत्रों में बताया गया है. वहीं दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से 13 नवंबर के आसपास दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है. इसके आगे बढ़कर 14 नवंबर के आसपास और अधिक चिह्नित तथा 15 नवंबर के आसपास अवदाब में बदलने का अनुमान है.
