Ladli Behna Yojana: लाड़ली बहनों के खाते में कब आएंगे पैसे? जानिए इस बार 1,500 रुपए मिलेंगे या बढ़कर आएगी राशि
मध्य प्रदेश में लाड़ली बहना योजना की नवंबर महीने की किस्त की तारीख सामने आ गई है. सीएम मोहन यादव शिवपुरी से करेंगे राशि ट्रांसफर. जानें इस बार महिलाओं को 1,500 रुपये मिलेंगे या बढ़कर 1,750 रुपये आएंगे.
ADVERTISEMENT

Ladli Behna Yojana News : मध्य प्रदेश की महिलाओं के बीच बहुचर्चित 'मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना' की नवंबर महीने की किस्त को लेकर उत्सुकता बनी हुई है. राज्य की करीब 1.25 करोड़ लाड़ली बहनों को हर महीने नियमित रूप से 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है. इस बार यह किस्त 13 नवंबर को जारी की जाएगी. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शिवपुरी जिले के पिछोर से सिंगल क्लिक के माध्यम से महिलाओं के खातों में यह राशि ट्रांसफर करेंगे.
क्या इस बार बढ़कर मिलेंगे 1,750 रुपये?
योजना के तहत इस बात पर चर्चा तेज हो गई है कि क्या इस बार महिलाओं को केवल 1,500 रुपये मिलेंगे या राशि बढ़कर 1,750 रुपये हो सकती है. इसके पीछे पिछले वर्षों का तर्क दिया जा रहा है, क्योंकि मध्य प्रदेश सरकार त्योहारों के मौके पर अतिरिक्त 250 रुपये की राशि देती रही है. जैसे रक्षाबंधन पर और दीपावली के समय भाईदूज के मौके पर. हालांकि, शासन की तरफ से इसे लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन उम्मीद जताई जा रही है कि राशि में बढ़ोतरी हो सकती है.
3,000 रुपये तक राशि बढ़ाने का है लक्ष्य
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि सरकार चरणबद्ध तरीके से इस योजना की राशि को बढ़ाकर 3,000 रुपये तक लेकर जाएगी. वहीं दूसरी ओर, विपक्ष लगातार इस राशि को तुरंत 3,000 रुपये करने की मांग को लेकर सरकार को घेरता नजर आ रहा है.
नए रजिस्ट्रेशन पर क्या है स्थिति?
हाल ही में लाड़ली बहना योजना के नए फॉर्म और रजिस्ट्रेशन शुरू होने की चर्चाओं ने भी काफी जोर पकड़ा था, जब एक मंत्री द्वारा इस संबंध में बयान दिया गया था. हालांकि, बाद में महिला एवं बाल विकास मंत्री द्वारा इसका खंडन किए जाने के बाद राजनीतिक हलचल भी देखने को मिली थी. फिलहाल, सभी महिलाओं की निगाहें 13 नवंबर को होने वाले कार्यक्रम और ट्रांसफर होने वाली राशि पर टिकी हैं.
