MP Weather Update: मध्य प्रदेश में ठंड के बीच बदलेगा मौसम, IMD ने अगले तीन दिनों में कुछ जिलों में जताई बारिश की संभावना

मध्य प्रदेश में सुबह और रात के समय ठंड बढ़ने लगी है, जबकि दोपहर में धूप के कारण गर्मी का एहसास हो रहा है. इस बीच मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए नया पूर्वानुमान जारी किया है. तापमान में गिरावट और बढ़ोतरी के बीच पूर्वी मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश के आसार हैं.

ADVERTISEMENT

MP Weather Update
MP Weather Update
Google CTA

MP Weather Update: मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज धीरे-धीरे बदल रहा है. सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ने लगा है, जबकि दोपहर में तज धूप के कारण लोगों को गर्मी महसूस हो रही है. प्रदेश के कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है. इस बीच मौसम विभाग ने ताजा अपडेट जारी किया है.  इसके अनुसार, आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव और पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश की संभावना जताई है.

मध्य प्रदेश में 19 नवंबर को कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक, 19 नवंबर को मध्य प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. कहीं भी बारिश की संभावना नहीं है. आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा, जबकि भोपाल में सुबह के समय धुंध छा सकती है. भोपाल में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है.

प्रदेश में दिन के समय गर्मी का असर बना हुआ है. 18 नवंबर को गुना में सबसे अधिक 32.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. वहीं, खंडवा में 32.1 और खरगोन में 32 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा. दूसरी ओर, रात में ठंड बढ़ रही है. कटनी के करौंदी में सबसे कम 8.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.

मौसम विभाग ने 19 नवंबर के लिए प्रदेश के किसी भी जिले में कोई चेतावनी जारी नहीं की है. सभी जिलों में मौसम सामान्य और शुष्क रहने का अनुमान है. बारिश, आंधी या बिजली गिरने को लेकर भी कोई अलर्ट नहीं है.

आने वाले दिनों में मध्य प्रदेश के मौसम का हाल

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने का अनुमान है. 20 नवंबर को पूर्वी मध्य प्रदेश के शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडोरी, मंडला, बालाघाट और आसपास के जिलों में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है. वहीं, पश्चिमी और मध्य मध्य प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है. 21 नवंबर को भी पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश की संभावना है. शहडोल, उमरिया, अनूपपुर, डिंडोरी, मंडला और बालाघाट के आसपास के इलाकों में बारिश हो सकती है. प्रदेश के बाकी हिस्सों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है. 22 नवंबर को मंडला, बालाघाट, डिंडोरी, सिवनी और छिंदवाड़ा समेत पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है. वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है. इस बीच बंगाल की खाड़ी में भीषण चक्रवाती तूफान 'अकवान' सक्रिय है. मौसम विभाग के मुताबिक, इसके 20 नवंबर को उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटों को पार करने की संभावना है. हालांकि, मध्य प्रदेश के लिए 19 नवंबर को इसका कोई सीधा असर या चेतावनी जारी नहीं की गई है.

यह भी पढ़ें: भोपाल: खुद को अधिकारी बताकर सरकारी बंगला और कमांडो सुरक्षा लेने वाला अमित तिवारी कौन है? जानें कैसे खुला उसका फर्जीवाड़ा