नौवीं के एग्जाम में आए अच्छे नंबर तो पिता ने गिफ्ट की 2.30 करोड़ की BMW, कभी मुंबई में करते थे लाइटमैन का काम
पश्चिम बंगाल के कारोबारी शम्सुद्दीन मिद्या ने नौवीं कक्षा में अच्छे नंबर लाने पर अपने 15 वर्षीय बेटे मोहम्मद तलहा को 2.30 करोड़ रुपये की BMW M4 कॉम्पिटिशन गिफ्ट की. शम्सुद्दीन कभी मुंबई में लाइटमैन थे. आज उनकी तीन चावल मिल हैं और वह विदेशों में भी चावल एक्सपोर्ट करते हैं.
ADVERTISEMENT

पश्चिम बंगाल में एक पिता ने अपने बेटे की पढ़ाई में अच्छे प्रदर्शन पर ऐसा तोहफा दिया है, जिसकी चर्चा पूरे इलाके में हो रही है. नौवीं कक्षा में पढ़ने वाले 15 साल के मोहम्मद तलहा को हाफ ईयरली एग्जाम में अच्छे नंबर मिले तो पिता शम्सुद्दीन मिद्या ने उसे करीब 2.30 करोड़ रुपये की BMW M4 कॉम्पिटिशन कार गिफ्ट कर दी. खास बात यह है कि कभी मुंबई में फिल्मों के लिए लाइटमैन का काम करने वाले शम्सुद्दीन आज चावल के बड़े कारोबारी हैं.
बेटे की पुरानी ख्वाहिश पिता ने की पूरी
शम्सुद्दीन मिद्या पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्दवान जिले के गलसी इलाके के पराज गांव में रहते हैं. उनका 15 साल का बेटा मोहम्मद तलहा स्थानीय स्कूल में नौवीं कक्षा का छात्र है. तलहा लंबे समय से BMW M4 कॉम्पिटिशन कार लेना चाहता था.
शम्सुद्दीन के मुताबिक, बेटे ने उनसे काफी पहले BMW खरीदने की इच्छा जताई थी. उसने कहा था, 'अब्बा, मुझे एक BMW चाहिए.' हाफ ईयरली एग्जाम में अच्छे नंबर आने के बाद पिता ने उसकी यह ख्वाहिश पूरी करने का फैसला किया.
इसके लिए शम्सुद्दीन मुंबई पहुंचे और अंधेरी के एक शोरूम से नई BMW M4 कॉम्पिटिशन खरीद ली. शुक्रवार को कार को एक खास कंटेनर में रखकर पराज गांव लाया गया. इसकी कीमत करीब 2.30 करोड़ रुपये बताई गई है.
कभी मुंबई में फिल्मों के लिए करते थे लाइटमैन का काम
शम्सुद्दीन की कामयाबी के पीछे संघर्ष की कहानी भी है. आज वह चावल के बड़े कारोबारी हैं, लेकिन एक समय मुंबई में फिल्म इंडस्ट्री के लिए लाइटमैन का काम करते थे.
साल 2003 में वह काम की तलाश में मुंबई गए थे. वहां करीब सात साल बिताने के बाद 2010 में अपने गांव लौट आए. इसके बाद उन्होंने चावल का कारोबार शुरू किया. धीरे-धीरे उनका कारोबार बढ़ता गया और आज गलसी इलाके में उनकी तीन चावल मिल हैं. उनका बिजनेस सिर्फ पश्चिम बंगाल तक सीमित नहीं है. वह वियतनाम, मलेशिया, सिंगापुर और दुबई जैसे देशों में भी चावल का निर्यात करते हैं.
रेंज रोवर से थार तक, पहले से है महंगी गाड़ियों का कलेक्शन
शम्सुद्दीन को लग्जरी गाड़ियों का काफी शौक है. उनके पास पहले से रेंज रोवर, वोल्वो, महिंद्रा थार और हुंडई अल्काजार जैसी गाड़ियां मौजूद हैं. अब BMW M4 कॉम्पिटिशन भी उनके कार कलेक्शन का हिस्सा बन गई है. उनकी गाड़ियों के नंबर प्लेट भी खास हैं. कई गाड़ियों के रजिस्ट्रेशन नंबर के आखिरी तीन अंक 555 हैं. यही नंबर बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान की गाड़ियों के साथ भी जुड़ा हुआ है. शम्सुद्दीन अपनी इस सफलता का श्रेय ऊपरवाले को देते हैं. उनका कहना है कि जो कुछ भी हासिल हुआ है, वह उसी की मेहरबानी है.
BMW मिल गई, लेकिन अभी ड्राइव नहीं कर पाएगा तलहा
15 साल के तलहा के लिए BMW मिलना किसी सपने के पूरा होने जैसा है. हालांकि, वह फिलहाल खुद इस कार को नहीं चला सकता. उसकी उम्र अभी 18 साल से कम है और उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं है.
तलहा का कहना है कि वह अभी अपनी पढ़ाई पर ध्यान देना चाहता है. उसने तय किया है कि हफ्ते में एक दिन इस कार में सफर करेगा. उस दिन उसके पिता गाड़ी चलाएंगे और वह बगल वाली सीट पर बैठेगा.
जरूरतमंदों की भी मदद करते हैं शम्सुद्दीन शम्सुद्दीन के मुताबिक, वह जरूरतमंद लोगों की मदद भी करते हैं. कई बार वह बिना किसी को बताए चुपचाप लोगों की सहायता करते हैं.
फिलहाल बेटे को BMW M4 कॉम्पिटिशन गिफ्ट करने का उनका फैसला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है. एक समय मुंबई में लाइटमैन का काम करने वाले शम्सुद्दीन आज चावल के कारोबार में बड़ी पहचान बना चुके हैं.
