"कहां थे वो 10 लाख लोग?" रामलीला मैदान की खाली कुर्सियों और राहुल के बयानों पर बीजेपी का करारा हमला
दिल्ली के रामलीला मैदान में हुई 'इंडिया' गठबंधन की रैली पर बीजेपी ने कांग्रेस के 10 लाख लोगों के जुटने के दावे को सिरे से खारिज करते हुए इसे झूठा करार दिया है. साथ ही, बीजेपी नेताओं ने राहुल गांधी की भीड़ जुटाने की क्षमता और उनके बयानों पर तीखे तंज कसे हैं.
ADVERTISEMENT

दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में हुई ‘इंडिया’ (INDIA) ब्लॉक की रैली के बाद से सियासी पारा सातवें आसमान पर है. रैली के तुरंत बाद बीजेपी ने आक्रामक तेवर अपनाते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखे हमले किए. बीजेपी प्रवक्ता और सांसद संबित पात्रा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस के दावों की धज्जियां उड़ा दीं. उन्होंने वीडियो और तस्वीरों के जरिए सवाल उठाया कि कांग्रेस जिस 10 लाख लोगों की भीड़ का ढोल पीट रही थी, वे आखिर कहां गायब थे?
10 लाख का दावा और खाली कुर्सियों का सच
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान संबित पात्रा ने रामलीला मैदान के गणित और वहां की तस्वीरों का कच्चा-चिट्ठा खोलकर रख दिया. उन्होंने कहा कि करीब 10 से 12 एकड़ में फैले इस मैदान का सिर्फ 15 फीसदी हिस्सा ही स्टेज और आगे के घेरे (डी) में इस्तेमाल हुआ था.
पात्रा ने तंज कसते हुए कहा, "मैदान का करीब 40 फीसदी हिस्सा पूरी तरह खाली पड़ा था. वहां न तो लोग थे और न ही बैठने की व्यवस्था. हमने जो वीडियो दिखाया है, वह दोपहर साढ़े तीन से चार बजे के बीच का है. कुल मिलाकर मैदान में 28 हजार कुर्सियां लगाई गई थीं, जिनमें से 5 से वीडियो में साफ दिख रहा था कि 7 हजार कुर्सियां खाली थीं. जो सफेद-सफेद नजर आ रहा था, वो और कुछ नहीं बल्कि खाली पड़ी कुर्सियां थीं."
बीजेपी नेता ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पार्टी को 'वोट कटने' का रोना रोने से पहले यह हिसाब लगाना चाहिए कि उनके बुलावे पर आखिर लोग पहुंचे क्यों नहीं?
राहुल गांधी के 'शॉपिंग' वाले बयान पर तंज
रैली के दौरान राहुल गांधी की ओर से लोगों से थोड़ी बहुत खरीदारी करने की अपील पर संबित पात्रा ने जमकर चुटकी ली. उन्होंने राहुल के विदेशी दौरों का जिक्र करते हुए कहा कि क्या कोई कल्पना कर सकता है कि राहुल गांधी कभी चांदनी चौक में लोकल मार्केट से खरीदारी करेंगे?
पात्रा ने हंसते हुए कहा, "राहुल गांधी के पासपोर्ट पर वियतनाम और थाईलैंड के स्टाम्प लगे मिलेंगे. वो रैली खत्म होते ही शाम की फ्लाइट पकड़ेंगे और शॉपिंग करने विदेश निकल जाएंगे. उन्होंने खुद तो चांदनी चौक या लोकल बाजारों से कुछ खरीदने की बात कही नहीं, और सबको पता है कि उनकी शॉपिंग के ठिकाने देश के बाहर कहां हैं."
इसके साथ ही, बीजेपी ने कांग्रेस पर 'ट्रिक फोटोग्राफी' (Trick Photography) का इस्तेमाल करने का गंभीर आरोप भी लगाया. पार्टी का कहना है कि कम भीड़ को कैमरों के एंगल बदलकर ऐसे दिखाया जाता है जैसे समंदर उमड़ आया हो, जबकि ज़मीनी हकीकत कुछ और ही होती है.
अमित शाह और अन्य नेताओं का भी कड़ा वार
सिर्फ संबित पात्रा ही नहीं, बल्कि बीजेपी के तमाम दिग्गज नेता इस रैली को लेकर हमलावर नजर आए.
अमित शाह का निशाना: केंद्रीय गृह मंत्री ने राहुल गांधी पर सीधा प्रहार करते हुए कहा कि अगर उन्हें प्रधानमंत्री बनने का शौक है, तो वह जिंदगीभर 'मॉक पार्लियामेंट' (प्रतीकात्मक संसद) में ही पीएम बने रहें, असल राजनीति में उनका नंबर कभी नहीं आने वाला.
नितिन नवीन का पलटवार: बीजेपी नेता ने तंज कसते हुए कहा कि जिन लोगों को दिल्ली, हरियाणा, यूपी (अखिलेश यादव), बिहार (आरजेडी) और पश्चिम बंगाल (टीएमसी) की जनता ने नकार दिया है और चुनाव हरा दिए हैं, वे सभी आज अपनी हताशा मिटाने के लिए देश में अराजकता का माहौल पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं.
रामलीला मैदान की इस महारैली के बहाने बीजेपी ने विपक्ष को एक बार फिर पुरजोर तरीके से घेर लिया है, और सियासी गलियारों में जुबानी जंग तेज हो गई है.
ये भी पढ़ें: Ramlila Maidan Rally Live: रामलीला मैदान में विपक्ष का महाजुटान, चुनाव आयोग के खिलाफ आज आर-पार की लड़ाई
