परिसीमन से बढ़ेंगे सांसद-विधायकों की संख्या, आवास से भत्तों तक कितना बढ़ेगा सरकारी खर्च? समझिए पूरा गणित

Delimitation Bill 2026: परिसीमन के प्रस्ताव से लोकसभा और विधानसभाओं की सीटें 50 फीसदी तक बढ़ सकती हैं. महिला आरक्षण लागू करने का रास्ता भी खुलेगा. लेकिन नए सांसदों और विधायकों की सैलरी, भत्ते, आवास, स्टाफ और प्रशासनिक सुविधाओं पर सरकार को अतिरिक्त खर्च करना होगा. पांच साल में खर्च का अनुमान कितना है?

ADVERTISEMENT

सांसदों की संख्या बढ़ने से सरकारी खर्च में आएगा उछाल
सांसदों की संख्या बढ़ने से सरकारी खर्च में आएगा उछाल
Google CTA

Delimitation Bill 2026: परिसीमन के जरिए लोकसभा और विधानसभा सीटों की संख्या बढ़ाने की तैयारी है. सरकार का प्रस्ताव लागू हुआ तो देश में सांसदों और विधायकों की संख्या में बड़ा इजाफा हो सकता है. इससे महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण लागू करने का रास्ता भी तैयार होगा. लेकिन प्रतिनिधियों की संख्या बढ़ने के साथ सरकारी खजाने पर भी अतिरिक्त बोझ पड़ेगा. नए सांसदों की सैलरी, भत्ते, आवास, स्टाफ और अन्य सुविधाओं से लेकर संसद चलाने तक का खर्च बढ़ेगा. आखिर सीटें बढ़ने पर कितना अतिरिक्त पैसा खर्च हो सकता है और पांच साल में यह आंकड़ा कहां पहुंचेगा? समझिए पूरा हिसाब.

30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र, पेश होंगे दो विधेयक

दरअसल, सरकार 30 नवंबर 2026 से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में संविधान का 132वां संशोधन विधेयक, 2026 और परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 लोकसभा में पेश करने जा रही है. अप्रैल 2026 में लाया गया पहला प्रस्ताव पारित नहीं हो पाया था. ऐसे में अब नए प्रस्ताव के जरिए सीटों की संख्या बढ़ाने और महिला आरक्षण लागू करने की दिशा में आगे बढ़ने की तैयारी है.

लोकसभा की सीटें 543 से बढ़कर 816 होने का प्रस्ताव

इस प्रस्ताव के मुताबिक, राज्यों में लोकसभा सीटों की मौजूदा संख्या में 50 फीसदी तक बढ़ोतरी की जाएगी. इसके हिसाब से लोकसभा की सीटें 543 से बढ़कर करीब 814-816 हो सकती हैं. वहीं, लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 रखने का प्रस्ताव है. इसमें राज्यों से करीब 815 और केंद्रशासित प्रदेशों से 35 सदस्य होने की संभावना जताई गई है. नए सीट आवंटन को 2051 तक स्थिर रखने का भी प्रस्ताव है.

विधानसभा सीटें भी बढ़ेंगी, महिलाओं को मिलेगा 33% आरक्षण

इस प्रस्ताव का असर सिर्फ लोकसभा तक सीमित नहीं रहेगा. राज्यों की विधानसभाओं में भी मौजूदा सीटों की संख्या 50 फीसदी बढ़ाने की तैयारी है. लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू करने का रास्ता भी परिसीमन के बाद तैयार किया जाएगा. नए निर्वाचन क्षेत्रों के नक्शे को 2029 के चुनाव से पहले तैयार करने की योजना है.

816 सीटें होने पर बहुमत का आंकड़ा 409 तक पहुंचेगा

लोकसभा में सीटें बढ़ने के साथ सरकार बनाने के लिए जरूरी बहुमत का आंकड़ा भी बदल जाएगा. अभी 543 सीटों वाली लोकसभा में बहुमत के लिए 272 सीटें चाहिए. प्रस्तावित 816 सीटों के हिसाब से यह आंकड़ा बढ़कर 409 हो जाएगा. यानी राजनीतिक दलों को सरकार बनाने के लिए पहले के मुकाबले ज्यादा सीटों की जरूरत होगी.

इन 6 राज्यों के पास रहेगी सत्ता की चाबी

सीटों के प्रस्तावित बंटवारे के हिसाब से देश के छह राज्य ऐसे होंगे, जिनकी सीटें मिलकर सरकार बनाने के लिए पर्याप्त संख्या तक पहुंच सकती हैं. इनमें सबसे ज्यादा सीटें उत्तर प्रदेश के पास होंगी. इसके बाद महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, बिहार, तमिलनाडु और मध्य प्रदेश का नंबर आएगा. मौजूदा व्यवस्था में भी इन राज्यों का राष्ट्रीय राजनीति में बड़ा प्रभाव माना जाता है.

नए सांसदों पर हर साल करीब 100 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च
सीटें बढ़ने का सीधा असर सरकारी खर्च पर भी पड़ सकता है. उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, एक सांसद की सैलरी, भत्ते और अन्य सुविधाओं पर सालाना करीब 34.32 लाख रुपये खर्च होते हैं. प्रस्ताव के तहत करीब 270 से 300 नए सांसद जुड़ सकते हैं. ऐसे में केवल वेतन और कुछ भत्तों पर ही अतिरिक्त खर्च बढ़ने का अनुमान है.

अगर 270 नए सांसदों के वेतन और दो भत्तों का अनुमान लगाया जाए तो करीब 7.72 करोड़ रुपये हर महीने खर्च होंगे. सालाना यह राशि लगभग 92.66 करोड़ रुपये बैठती है. यह अनुमान केवल वेतन और संबंधित भत्तों का है. अन्य सुविधाओं को शामिल करने पर खर्च और बढ़ सकता है.

सांसदों के आवास, स्टाफ और दफ्तर पर भी खर्च बढ़ेगा

नए सांसदों के लिए आवास की व्यवस्था करनी होगी. इसके अलावा कार्यालय, कर्मचारियों, यात्रा और प्रशासनिक सुविधाओं पर भी केंद्र सरकार को अतिरिक्त पैसा खर्च करना पड़ेगा. अनुमान है कि नए सांसदों की सैलरी, सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्था को मिलाकर सालाना खर्च करीब 600 करोड़ रुपये या उससे अधिक तक बढ़ सकता है. हालांकि यह कोई आधिकारिक अंतिम आंकड़ा नहीं है.

850 सांसद हुए तो हर महीने 8.72 करोड़ रुपये अतिरिक्त खर्च

अगर लोकसभा में सांसदों की संख्या 545 से बढ़कर 850 हो जाती है, तो कुल 305 सांसद बढ़ेंगे. 2.86 लाख रुपये प्रति सांसद के मासिक अनुमान के आधार पर खर्च का गणित इस तरह होगा.

  • 850 सांसदों पर मासिक खर्च: 24 करोड़ 31 लाख रुपये
  • 545 सांसदों पर मासिक खर्च: 15 करोड़ 58 लाख 70 हजार रुपये
  • 305 नए सांसदों का अतिरिक्त मासिक खर्च: 8 करोड़ 72 लाख 30 हजार रुपये
  • एक साल में अतिरिक्त खर्च: 104 करोड़ 67 लाख 60 हजार रुपये
  • पांच साल में अतिरिक्त खर्च: 523 करोड़ 38 लाख रुपये

यह गणना सैलरी और बताए गए भत्तों के आधार पर है. आवास, स्टाफ, कार्यालय और अन्य सुविधाओं को इसमें शामिल नहीं किया गया है.

यह पढ़ें: मोदी सरकार के लिए आसान हुई परिसीमन की राह? 7 महीने में बदल गए 7 सियासी समीकरण

दैनिक भत्ते पर भी बढ़ेगा सरकारी खर्च

सांसदों को संसद सत्र और समिति की बैठकों के दौरान दिल्ली में ड्यूटी पर रहने के लिए 2,500 रुपये प्रतिदिन का दैनिक भत्ता मिलता है. यह भुगतान पात्रता और उपस्थिति से जुड़े नियमों के अनुसार किया जाता है. अगर 305 नए सांसदों को एक दिन का भत्ता दिया जाए तो अतिरिक्त खर्च 7 लाख 62 हजार 500 रुपये होगा. मान लें कि एक सांसद साल में 100 दिन संसद या समिति की बैठकों में शामिल होता है, तो सभी नए सांसदों पर 7 करोड़ 62 लाख 50 हजार रुपये खर्च होंगे. पांच साल में यह राशि करीब 38 करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपये हो सकती है. वास्तविक खर्च संसद के कामकाज वाले दिनों और सांसदों की उपस्थिति पर निर्भर करेगा.

परिसीमन आयोग बनाने और कामकाज का खर्च भी जुड़ेगा

परिसीमन की प्रक्रिया के लिए आयोग का गठन किया जाएगा. आयोग के अध्यक्ष और सदस्यों के वेतन-भत्ते सहित उसके कामकाज से जुड़े खर्च केंद्र सरकार की Consolidated Fund of India से दिए जाएंगे. परिसीमन से जुड़े दूसरे खर्च भी होंगे. आयोग के काम में चुनाव आयोग की ओर से होने वाले खर्च को भी वहन किया जाएगा.

कितना बढ़ेगा सरकार का खर्च, अभी अंतिम आंकड़ा नहीं

लोकसभा और विधानसभा सीटें बढ़ाने से सरकारी खर्च में कितनी कुल बढ़ोतरी होगी, इसका अभी कोई आधिकारिक और अंतिम आंकड़ा जारी नहीं हुआ है. सांसदों की सैलरी, दैनिक भत्ते और अन्य सुविधाओं के अनुमान के आधार पर खर्च का आकलन किया जा रहा है. नए आवास, स्टाफ, कार्यालय और संसद की कार्यवाही से जुड़ा खर्च भी इसमें शामिल होगा. ऐसे में परिसीमन के बाद सरकारी खजाने पर पड़ने वाले कुल बोझ का वास्तविक आंकड़ा प्रक्रिया पूरी होने और व्यवस्थाएं तय होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.

यह भी पढ़ें: परिसीमन की चर्चा के बीच लोकसभा में बदली सीटिंग व्यवस्था, DMK को कांग्रेस से किया अलग, सुप्रिया सुले की सीटें भी बदलीं