मोदी सरकार के लिए आसान हुई परिसीमन की राह? 7 महीने में बदल गए 7 सियासी समीकरण
मोदी सरकार महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक को फिर संसद में लाने की तैयारी में है. अप्रैल में दो-तिहाई बहुमत नहीं मिलने से बिल गिर गया था. लेकिन सात महीने में टीएमसी, शिवसेना और AAP में टूट के साथ अकाली दल की NDA में वापसी हुई है. अब सरकार को नए समर्थन की उम्मीद है.
ADVERTISEMENT

सात महीने पहले जिस परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक को लेकर मोदी सरकार को लोकसभा में हार का सामना करना पड़ा था, अब उसी मुद्दे पर सरकार एक बार फिर बड़ा दांव खेलने की तैयारी में है. अप्रैल 2026 में संविधान संशोधन विधेयक जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं मिलने के कारण गिर गया था. लेकिन नवंबर आते-आते संसद का राजनीतिक गणित काफी बदल चुका है.
इन सात महीनों में विपक्षी दलों के भीतर कई बदलाव हुए हैं. कुछ सांसदों ने अपनी पार्टी छोड़ दी, तो कुछ दलों के रुख में नरमी दिखाई देने लगी है. बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए का कुनबा भी बढ़ा है. ऐसे में सरकार को उम्मीद है कि इस बार वह विपक्ष के कुछ क्षेत्रीय दलों का समर्थन हासिल कर सकती है.
संसद की बैठक 30 नवंबर से दोबारा शुरू होने जा रही है. लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से प्रस्तावित है. ऐसे में बड़ा सवाल है कि अप्रैल में बहुमत से दूर रह गई मोदी सरकार के लिए सात महीने में ऐसा क्या बदल गया कि वह परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक पर फिर से दांव खेलने जा रही है.
अप्रैल में क्यों गिर गया था मोदी सरकार का संविधान संशोधन विधेयक?
मोदी सरकार बजट सत्र के दूसरे चरण में 16 अप्रैल 2026 को लोकसभा में तीन विधेयक लेकर आई थी. इनमें संविधान का 131वां संशोधन विधेयक, परिसीमन विधेयक और केंद्रशासित प्रदेश कानून संशोधन विधेयक शामिल थे. सरकार इन विधेयकों के जरिए लोकसभा की सीटें बढ़ाकर 850 तक करना चाहती थी. इसके साथ ही परिसीमन का रास्ता खोलने और 2029 के लोकसभा चुनाव से महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने की व्यवस्था करने का प्रस्ताव था.
सरकार ने तीनों विधेयकों को आगे बढ़ाने की कोशिश की लेकिन 17 अप्रैल को संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में गिर गया. वोटिंग में सरकार के पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े. जबकि विधेयक पास कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत यानी 352 वोटों की जरूरत थी. बहुमत नहीं मिलने के बाद सरकार ने बाकी दोनों विधेयकों को भी आगे नहीं बढ़ाया. अब करीब सात महीने बाद सरकार फिर से इस मुद्दे को संसद में उठाने की तैयारी कर रही है.
सात महीने में कैसे बदल गया संसद का नंबर गेम?
अप्रैल में सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती विपक्ष की एकजुटता थी. लेकिन नवंबर तक विपक्षी खेमे में कई बड़े बदलाव हो चुके हैं. टीएमसी के सांसदों का पार्टी से अलग होना, उद्धव ठाकरे की शिवसेना में दोबारा टूट और आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसदों का बीजेपी में जाना सरकार के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है.
इसके अलावा अकाली दल की एनडीए में वापसी हुई है. वहीं डीएमके और शरद पवार की पार्टी के रुख में भी बदलाव के संकेत मिले हैं. इन सात राजनीतिक घटनाक्रमों ने परिसीमन विधेयक को लेकर सरकार की उम्मीदें बढ़ा दी हैं.
1. लोकसभा और राज्यसभा में कितना मजबूत हुआ NDA?
लोकसभा में परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को पास कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत जरूरी है. 543 सदस्यीय लोकसभा में तीन सीटें खाली हैं. ऐसे में फिलहाल 540 सांसद वोटिंग में हिस्सा ले सकते हैं. इस हिसाब से दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा 360 है.
बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए के पास फिलहाल 319 सांसद बताए जा रहे हैं. यानी सरकार को बहुमत के लिए अभी 41 सांसदों के समर्थन की जरूरत है. राज्यसभा में भी सरकार को अतिरिक्त वोट जुटाने होंगे. यहां कुल 243 सांसद वोट करेंगे. विधेयक पास कराने के लिए 162 वोटों की जरूरत है. एनडीए के पास 151 सांसद हैं. इस तरह उच्च सदन में भी सरकार 11 वोट पीछे है.
हालांकि, अप्रैल के मुकाबले अब विपक्षी खेमे की स्थिति कमजोर हुई है. टीएमसी के 20 बागी सांसदों और शिवसेना (यूबीटी) के 6 सांसदों के पाला बदलने से विपक्ष की संख्या घटी है. राजनीतिक चर्चाओं के मुताबिक, सरकार की नजर डीएमके के 22 और शरद पवार गुट के 8 सांसदों पर भी है. इन क्षेत्रीय दलों का समर्थन मिला तो सरकार के लिए बहुमत जुटाना आसान हो सकता है.
2. टीएमसी की टूट से विपक्ष को लगा बड़ा झटका
अप्रैल में टीएमसी विपक्षी खेमे की बड़ी ताकत थी. पार्टी के सांसद एकजुट होकर सरकार के खिलाफ खड़े थे. लेकिन पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में हार के बाद पार्टी में बड़ा विभाजन हो गया. टीएमसी के 27 लोकसभा सांसदों में से 20 बागी सांसदों ने पार्टी छोड़कर नेशनलिस्ट सिटिजंस पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) में विलय की राह पकड़ी. इन सांसदों ने एनडीए को समर्थन देने का ऐलान भी किया.
इस बदलाव से विपक्ष की ताकत सीधे प्रभावित हुई है. टीएमसी के साथ खड़े कल्याण बनर्जी संसद से सस्पेंड चल रहे हैं. वहीं इंजीनियर राशिद और अमृतपाल सिंह जेल में हैं. ऐसे में विपक्षी खेमे के तीन सांसद वोटिंग में हिस्सा नहीं ले पाएंगे. परिसीमन विधेयक पर वोटिंग के दौरान यह स्थिति सरकार के लिए फायदेमंद हो सकती है.
3. केजरीवाल की AAP के 7 राज्यसभा सांसद बीजेपी में गए
आम आदमी पार्टी को भी संसद में बड़ा झटका लगा है. अरविंद केजरीवाल की पार्टी के 7 राज्यसभा सांसदों ने इस्तीफा देकर बीजेपी में विलय कर लिया. इस घटनाक्रम से राज्यसभा में आम आदमी पार्टी की ताकत काफी कम हो गई. वहीं बीजेपी को उच्च सदन में मजबूती मिली है. परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को राज्यसभा से भी दो-तिहाई बहुमत के साथ पास कराना होगा. ऐसे में AAP के सांसदों का पाला बदलना सरकार के लिए अहम राजनीतिक बदलाव माना जा रहा है.
4. पहले परिसीमन का विरोध कर रही थी DMK, अब बदला रुख
परिसीमन को लेकर डीएमके पहले सरकार के खिलाफ मजबूती से खड़ी थी. पार्टी को आशंका थी कि परिसीमन से दक्षिण भारतीय राज्यों के हित प्रभावित हो सकते हैं. लेकिन तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद बदले राजनीतिक हालात में पार्टी के रुख को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है. डीएमके प्रवक्ता टीकेएस एलंगोवन ने कहा है कि पार्टी ने पहले वाले परिसीमन विधेयक का विरोध किया था. हालांकि, नए विधेयक को देखने के बाद ही अंतिम फैसला लिया जाएगा.
उनका कहना है कि पहले यह समझना जरूरी है कि सरकार नए विधेयक में क्या बदलाव लेकर आई है. अगर राज्यों की चिंताओं और उनके सुझावों को जगह दी गई होगी, तो पार्टी इस पर विचार कर सकती है. लोकसभा में डीएमके के 22 सांसद हैं. ऐसे में सरकार के लिए पार्टी का रुख काफी महत्वपूर्ण हो सकता है. दक्षिण भारतीय राज्यों की सीटों में संभावित बदलाव को लेकर चल रही चर्चा के बीच डीएमके के फैसले पर नजर रहेगी.
5. उद्धव ठाकरे की शिवसेना में फिर पड़ी फूट
उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना को एक बार फिर संसदीय स्तर पर झटका लगा है. अप्रैल में परिसीमन विधेयक पर वोटिंग के दौरान पार्टी के 9 सांसद उद्धव ठाकरे के साथ थे. सभी ने सरकार के खिलाफ वोट किया था. लेकिन अब पार्टी के 6 सांसदों ने पाला बदल लिया है. इससे उद्धव ठाकरे के खेमे की संसदीय ताकत कमजोर हुई है.
इन सांसदों के अलग होने से विपक्ष के संभावित वोट कम हुए हैं. वहीं एनडीए के लिए समर्थन जुटाने की राह कुछ आसान हुई है. संविधान संशोधन विधेयक पर हर वोट महत्वपूर्ण होने के कारण इस घटनाक्रम को काफी अहम माना जा रहा है.
6. छह साल बाद अकाली दल की NDA में वापसी
शिरोमणि अकाली दल करीब छह साल बाद फिर से एनडीए का हिस्सा बन गया है. पहले बीजेपी और अकाली दल के बीच गठबंधन टूट गया था, लेकिन पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दलों ने फिर साथ आने का ऐलान किया. अकाली दल की वापसी से लोकसभा में एनडीए का संख्याबल बढ़ा है. हरसिमरत कौर बादल के साथ गठबंधन का आंकड़ा 321 तक पहुंच गया है.
हालांकि, लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत के लिए जरूरी 360 के आंकड़े से एनडीए अभी पीछे है. इसके बावजूद पुराने सहयोगी की वापसी से सरकार को राजनीतिक और संसदीय स्तर पर मजबूती मिली है.
7. शरद पवार की पार्टी के बदले सुर से बढ़ी सरकार की उम्मीद
परिसीमन विधेयक को लेकर शरद पवार की एनसीपी (शरदचंद्र पवार) के रुख में भी नरमी के संकेत मिले हैं. पार्टी सांसद सुप्रिया सुले के बयान से साफ हुआ है कि पार्टी बिना विधेयक का मसौदा देखे विरोध करने के पक्ष में नहीं है. पार्टी का रुख है कि विधेयक के प्रावधानों को समझने और देशहित में चर्चा करने के बाद ही कोई फैसला लिया जाएगा.
लोकसभा में शरद पवार गुट के 8 सांसद हैं. ऐसे में इन सांसदों का समर्थन सरकार के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है. अगर पार्टी विधेयक पर सकारात्मक रुख अपनाती है, तो मोदी सरकार को जरूरी बहुमत जुटाने में मदद मिल सकती है.
अब 30 नवंबर से शुरू होने वाले सत्र पर नजर
अप्रैल में लोकसभा में जरूरी दो-तिहाई बहुमत नहीं जुटा पाने वाली मोदी सरकार अब बदले राजनीतिक समीकरणों के बीच फिर से परिसीमन और महिला आरक्षण का मुद्दा लेकर आ सकती है. टीएमसी और शिवसेना में टूट, AAP के राज्यसभा सांसदों का बीजेपी में जाना और अकाली दल की एनडीए में वापसी ने सरकार की स्थिति मजबूत की है. वहीं डीएमके और शरद पवार गुट के रुख में बदलाव की संभावना भी सरकार की उम्मीद बढ़ा रही है.
हालांकि, लोकसभा में अभी भी बहुमत के लिए अतिरिक्त 41 सांसदों और राज्यसभा में 11 सांसदों के समर्थन की जरूरत है. ऐसे में असली परीक्षा संसद में वोटिंग के दौरान होगी. अब देखना होगा कि सात महीने बाद बदले इन सियासी समीकरणों का फायदा मोदी सरकार को मिल पाता है या नहीं.
