परिसीमन बिल को कैबिनेट की मंजूरी, लोकसभा में 50% बढ़ेंगी सीटें! कौन सरकार के साथ और कौन विरोध में?

केंद्रीय कैबिनेट ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी है. प्रस्ताव के तहत लोकसभा की सीटें 50 फीसदी बढ़ेंगी और राज्यों की मौजूदा हिस्सेदारी 2051 तक स्थिर रहेगी. कांग्रेस और सपा विरोध में हैं, जबकि DMK, BRS और AAP ने शर्तें रखी हैं.

ADVERTISEMENT

NewsTak
Google CTA

केंद्र सरकार ने परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर बड़ा कदम उठाया है. केंद्रीय कैबिनेट ने इससे जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी है. प्रस्ताव के मुताबिक, लोकसभा की मौजूदा सीटों की संख्या में 50 फीसदी बढ़ोतरी की जाएगी. वहीं, राज्यों के बीच लोकसभा सीटों के बंटवारे की मौजूदा व्यवस्था अगले 25 साल तक यानी 2051 तक स्थिर रखने का प्रस्ताव है.

कैबिनेट की मंजूरी के बाद अब इस मुद्दे पर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने के साथ ही अलग-अलग राजनीतिक दलों ने परिसीमन को लेकर अपना रुख स्पष्ट करना शुरू कर दिया है. समाजवादी पार्टी और कांग्रेस इसका विरोध कर रही हैं. वहीं, DMK, BRS और आम आदमी पार्टी ने कुछ शर्तों के साथ समर्थन की संभावना जताई है. NCP(SP) ने विधेयक देखने के बाद फैसला लेने की बात कही है.

अब सवाल है कि परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े इस विधेयक पर कौन-सी पार्टी सरकार के साथ आ सकती है और कौन इसका विरोध करेगी? साथ ही, संसद में इसे पास कराने के लिए सरकार के पास कितने सांसदों का समर्थन है?

लोकसभा की सीटें 50 फीसदी बढ़ाने का प्रस्ताव, 2051 तक नहीं बदलेगा राज्यों का हिस्सा

केंद्रीय कैबिनेट ने परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को मंजूरी दे दी है. इसके तहत लोकसभा की सीटों की संख्या में 50 फीसदी बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा गया है. इसके अलावा राज्यों के बीच लोकसभा सीटों के बंटवारे की मौजूदा व्यवस्था को अगले 25 साल तक बनाए रखने की बात कही गई है. यानी 2051 तक राज्यों की मौजूदा हिस्सेदारी स्थिर रखने का प्रस्ताव है.

कैबिनेट की मंजूरी के बाद अब इस विधेयक पर संसद में चर्चा और राजनीतिक दलों के रुख पर नजर रहेगी. हालांकि, कैबिनेट की मंजूरी का मतलब विधेयक का संसद से पारित होना नहीं है. इसे कानून बनने के लिए संसद की जरूरी प्रक्रिया पूरी करनी होगी.

परिसीमन बीजेपी की सबसे बड़ी भूल: अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने परिसीमन को लेकर अपना विरोध साफ कर दिया है. उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'परिसीमन बीजेपी की राजनीति की सबसे बड़ी भूल साबित होगा.' अखिलेश यादव के इस बयान से स्पष्ट है कि समाजवादी पार्टी इस मुद्दे पर सरकार के साथ खड़ी नहीं है. पार्टी परिसीमन की मौजूदा पहल का विरोध कर रही है.

DMK ने रखीं दो शर्तें, नए विधेयक पर समर्थन की संभावना

DMK अध्यक्ष एमके स्टालिन ने कहा कि उनकी पार्टी अपने स्टैंड पर कायम है. उनका कहना है कि लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा 7.18% सीटों की हिस्सेदारी घटनी नहीं चाहिए. स्टालिन चाहते हैं कि 1971 की जनगणना के आधार पर मिली सीटों का मौजूदा हिस्सा अगले 25 साल तक स्थिर रहे. उन्होंने इन दोनों मांगों पर किसी समझौते से इनकार किया.

DMK प्रवक्ता टीकेएस एलंगोवन ने कहा कि पार्टी ने पहले के परिसीमन बिल का विरोध किया था. अब नया बिल आने के बाद ही फैसला होगा. वे देखेंगे कि सरकार ने क्या बदलाव किए हैं और राज्यों के हितों पर क्या असर पड़ेगा. उनके मुताबिक, राज्यों की चिंताओं और सुझावों को जगह मिलने पर विचार हो सकता है.

कांग्रेस सांसद मनोज कुमार ने दावा किया कि बुधवार को स्टैंडिंग कमेटी की बैठक में उनकी DMK के कुछ सांसदों से बात हुई. उनके अनुसार, उन सांसदों ने कहा कि वे कुछ शर्तों के साथ सरकार का समर्थन कर सकते हैं.

सुप्रिया सुले का इंतजार

NCP(SP) महासचिव सुप्रिया सुले ने कहा कि वे पहले बिल देखेंगी और फिर तय करेंगी. उनके मुताबिक, सत्र का एजेंडा अभी जारी नहीं हुआ है. एजेंडा साफ होने तक वे कोई टिप्पणी नहीं करेंगी. हालांकि उन्होंने कहा कि बिल देश हित में होने पर वे समर्थन करेंगी.

BRS की 24 प्रतिशत हिस्सेदारी की मांग

तेलंगाना की भारत राष्ट्र समिति BRS ने समर्थन के लिए शर्त रखी है. BRS का कहना है कि लोकसभा में दक्षिण भारतीय राज्यों की मौजूदा 24 फीसदी हिस्सेदारी सुरक्षित रहनी चाहिए. पार्टी नेता रावुला श्रीधर रेड्डी ने कहा कि वे परिसीमन की प्रक्रिया के खिलाफ नहीं हैं. उनकी चिंता दक्षिण भारतीय राज्यों के हितों और राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर है.

उन्होंने 1971 की जनगणना को आधार बनाने की मांग की. उनका कहना है कि दक्षिण भारतीय राज्यों की 24 फीसदी हिस्सेदारी में जरा भी कमी न हो. सरकार गारंटी दे तो BRS बिल का समर्थन करेगी.

AAP की बराबर प्रतिनिधित्व की शर्त

आम आदमी पार्टी ने भी अपना रुख रखा है. पंजाब के मंत्री और AAP नेता अमन अरोड़ा ने कहा कि मसौदे में सबको बराबर प्रतिनिधित्व मिले तो ठीक है. लेकिन बीजेपी फिर से सिर्फ अपने और समर्थकों के हितों को आगे रखेगी तो विरोध होगा. उन्होंने कहा कि मसौदा सामने आने से पहले टिप्पणी जल्दबाजी होगी.

कांग्रेस का विरोध और महिला आरक्षण की मांग

संसद सत्र की घोषणा के बाद विपक्ष में हलचल बढ़ गई है. कांग्रेस खुलकर विरोध में खड़ी दिख रही है. वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने एक्स पर लिखा कि यह संविधान पर हमले की तैयारी है. उन्होंने याद दिलाया कि अप्रैल 2026 में भी यह बिल आया था. तब दो-तिहाई बहुमत न मिलने से वह गिर गया था. विपक्ष चाहता है कि महिला आरक्षण को परिसीमन की शर्त से अलग किया जाए. उनकी मांग है कि इसे मौजूदा 543 सीटों वाली लोकसभा में ही तुरंत लागू किया जाए.

संसद में नंबर गेम की तस्वीर

अप्रैल में सरकार परिसीमन बिल और महिला आरक्षण संशोधन बिल पास नहीं करा सकी थी. जरूरी दो-तिहाई नंबर न होने से दोनों अटक गए थे. इस बार सरकार पूरी तैयारी के साथ उतरने की कोशिश में है.

लोकसभा में 543 सदस्य हैं और बिल पास कराने के लिए 361 सांसदों का समर्थन चाहिए. तीन सीटें खाली होने से अभी 540 सांसद हैं. इस हिसाब से दो-तिहाई के लिए 360 वोट चाहिए.

बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए के पास अभी 319 सांसद हैं. इनमें बीजेपी के 241 सांसद शामिल हैं, जिनमें 2026 में नगांव लोकसभा सीट जीतने के बाद की संख्या जुड़ी है. बाकी में एनसीपीआई के 20, टीडीपी के 16, शिवसेना के 13, जेडीयू के 12, एलजेपी-रामविलास के 5, आरएलडी के 2, जनसेना पार्टी के 2 और जेडीएस के 2 सांसद हैं.

इस तरह लोकसभा में दो-तिहाई आंकड़े से एनडीए 41 सांसद पीछे है. राज्यसभा में कुल 243 सांसद वोट करेंगे. वहां बिल पास कराने के लिए दो-तिहाई के 162 वोट चाहिए. एनडीए के पास अभी 151 सांसद हैं और वह 11 वोट कम है.

राज्यवार प्रस्तावित लोकसभा सीटें

राज्य/UT वर्तमान सीटें प्रस्तावित सीटें बढ़ोतरी
उत्तर प्रदेश 80 120 40
महाराष्ट्र 48 72 24
पश्चिम बंगाल 42 63 21
बिहार 40 60 20
तमिलनाडु 39 59 20
मध्य प्रदेश 29 44 15
कर्नाटक 28 42 14
गुजरात 26 39 13
आंध्र प्रदेश 25 38 13
राजस्थान 25 38 13
ओडिशा 21 32 11
केरल 20 30 10
तेलंगाना 17 26 9
असम 14 21 7
झारखंड 14 21 7
पंजाब 13 20 7
छत्तीसगढ़ 11 17 6
हरियाणा 10 15 5
जम्मू-कश्मीर 6 9 3
उत्तराखंड 5 8 3
दिल्ली 7 11 4
हिमाचल प्रदेश 4 6 2
त्रिपुरा 2 3 1
मणिपुर 2 3 1
मेघालय 2 3 1
गोवा 2 3 1
नागालैंड 1 2 1
पुडुचेरी 1 2 1
अरुणाचल प्रदेश 2 3 1
मिजोरम 1 2 1
चंडीगढ़ 1 2 1
सिक्किम 1 2 1
अंडमान और निकोबार 1 2 1
दादरा और नगर हवेली 1 2 1
दमन और दीव 1 2 1
लक्षद्वीप 1 2 1
कुल 543 815 272
(आंकड़े अनुमानित हैं)

अप्रैल में भी शाह ने दिया था प्रस्ताव

अप्रैल में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी सभी राज्यों में मौजूदा सीटों की संख्या 50 फीसदी बढ़ाने का प्रस्ताव रखा था. हालांकि, उस वक्त इस फॉर्मूले को संविधान संशोधन विधेयक में जगह नहीं मिली थी. अब सरकार इसे विधेयक में स्पष्ट रूप से शामिल करने की तैयारी में है.

अप्रैल में इस संविधान संशोधन विधेयक पर लोकसभा में वोटिंग हुई थी. इसे 298 सांसदों का समर्थन मिला, जबकि पास होने के लिए 352 वोट जरूरी थे. यानी सरकार को 54 वोट कम पड़े थे. अब 50 फीसदी सीटें बढ़ाने का फॉर्मूला लिखित तौर पर शामिल करने की तैयारी है.

इस प्रस्ताव पर मुहर लगती है तो लोकसभा की मौजूदा 543 सीटें बढ़कर 815 हो जाएंगी. यानी सदन में 272 सीटें और जुड़ेंगी. महिला आरक्षण के लिए भी इसी बढ़ी हुई संख्या को आधार बनाया जाएगा. 815 सीटों का एक-तिहाई हिस्सा 272 होगा. इस तरह महिलाओं के लिए लोकसभा में 272 सीटें आरक्षित हो सकती हैं.

परिसीमन बिल पर वोटिंग हुई तो क्या होगा? NDA के पास कितने वोट, समझिए लोकसभा के 3 समीकरण