परिसीमन बिल: 360 वोट जुटाने में जुटी सरकार, रास्ता रोकने के लिए खड़गे ने बनाई रणनीति

परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक को लेकर कांग्रेस ने विपक्षी दलों को एकजुट करने की कोशिश तेज कर दी है. मल्लिकार्जुन खड़गे ने डीएमके, AAP, BJD और एनसीपी (शरद पवार गुट) समेत कई दलों को बैठक में बुलाया है. सरकार को लोकसभा में 360 और राज्यसभा में 162 वोटों की जरूरत है.

ADVERTISEMENT

kharge
kharge
Google CTA

संसद के विशेष सत्र से पहले परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. मोदी सरकार जहां संविधान संशोधन विधेयक को पास कराने के लिए जरूरी दो-तिहाई बहुमत जुटाने में लगी है, वहीं कांग्रेस ने सरकार की राह रोकने के लिए विपक्ष को एकजुट करना शुरू कर दिया है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इसके लिए विपक्षी दलों के नेताओं को बैठक का न्योता भेजा है.

खड़गे ने शनिवार को अपने राजाजी मार्ग स्थित आवास पर विपक्षी दलों के फ्लोर लीडर्स की बैठक बुलाई है. यह बैठक सुबह 11:30 बजे होगी. इसमें 'INDIA' गठबंधन के सहयोगियों के अलावा डीएमके, आम आदमी पार्टी, बीजू जनता दल और एनसीपी (शरद पवार गुट) के नेताओं को भी आमंत्रित किया गया है.

कांग्रेस की कोशिश है कि संसद में विधेयक पर वोटिंग से पहले उन दलों को साथ लाया जाए, जिनका रुख अभी स्पष्ट नहीं है. पार्टी चाहती है कि सभी विपक्षी दल मिलकर सरकार के विधेयक के खिलाफ साझा रणनीति बनाएं.

इन दलों को साथ लाने की कोशिश में कांग्रेस

खड़गे ने इस बैठक के लिए डीएमके, आम आदमी पार्टी, एनसीपी (एसपी) और बीजेडी समेत कई दलों को निमंत्रण भेजा है. कांग्रेस के सामने सबसे बड़ी चुनौती इन पार्टियों को एक साथ रखने की है. दरअसल, ये क्षेत्रीय दल संसद में अहम भूमिका निभा सकते हैं. अगर कांग्रेस इन्हें अपने साथ बनाए रखने में सफल रहती है तो सरकार के लिए संविधान संशोधन विधेयक पास कराना मुश्किल हो सकता है. कांग्रेस चाहती है कि इन दलों के नेताओं के साथ बातचीत कर उनकी आशंकाएं दूर की जाएं. साथ ही सदन के भीतर एक साझा रुख अपनाने पर सहमति बनाई जाए.

अप्रैल में गिर गया था सरकार का संविधान संशोधन विधेयक

अप्रैल 2026 में भी मोदी सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक लेकर आई थी. उस समय विपक्षी एकजुटता के चलते यह विधेयक लोकसभा में पास नहीं हो पाया था.

हालांकि, अप्रैल से नवंबर के बीच संसद का राजनीतिक गणित बदल गया है. विपक्षी खेमे को कई बड़े झटके लगे हैं. टीएमसी के 20 सांसदों के बागी होने और शिवसेना (यूबीटी) के छह सांसदों के पाला बदलने से विपक्ष की ताकत प्रभावित हुई है. इसके अलावा आम आदमी पार्टी के सात राज्यसभा सांसद भी पाला बदलकर बीजेपी में शामिल हो गए हैं. इससे विपक्ष के सामने अपनी एकजुटता बनाए रखने की चुनौती और बढ़ गई है.

डीएमके और शरद पवार गुट के रुख से बढ़ी कांग्रेस की चिंता

कांग्रेस के लिए सबसे बड़ी परेशानी कुछ क्षेत्रीय दलों का बदला हुआ रुख है. डीएमके ने दक्षिण भारत की हिस्सेदारी सुरक्षित रखने के संभावित नए फॉर्मूले पर अभी अपना फैसला नहीं किया है. पार्टी बिल का मसौदा देखने के बाद ही अपना रुख तय करना चाहती है.

वहीं, शरद पवार गुट की सांसद सुप्रिया सुले के नरम बयान से कांग्रेस की चिंता बढ़ी हुई है. दूसरी तरफ, बीजेडी संसद में अक्सर मुद्दों के आधार पर सरकार का समर्थन या विरोध करती रही है. ऐसे में कांग्रेस इन दलों को अपने साथ बनाए रखना चाहती है. खड़गे की बैठक को इसी कोशिश का अहम हिस्सा माना जा रहा है.

लोकसभा में सरकार को चाहिए 360 सांसदों का समर्थन

परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को पास कराने के लिए सरकार को दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत की जरूरत होगी. 540 प्रभावी सदस्यों वाली लोकसभा में इस विधेयक को पास कराने के लिए 360 सांसदों का समर्थन जरूरी है. फिलहाल एनडीए के पास करीब 319 से 321 सांसद हैं. यानी सरकार को बहुमत के आंकड़े तक पहुंचने के लिए 39 से 41 अतिरिक्त सांसदों के समर्थन की जरूरत है.

यही वजह है कि सरकार क्षेत्रीय दलों का समर्थन जुटाने में लगी है. डीएमके के 22 सांसदों और दक्षिण भारत के दूसरे क्षेत्रीय दलों का समर्थन मिलने से सरकार का रास्ता आसान हो सकता है.

राज्यसभा में भी एनडीए बहुमत से पीछे

राज्यसभा में भी सरकार के सामने नंबर जुटाने की चुनौती है. यहां एनडीए के पास 151 सांसद हैं, जबकि कुल 243 सांसद वोट करेंगे. विधेयक पास कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत यानी 162 वोटों की जरूरत होगी. इस तरह एनडीए को राज्यसभा में भी 11 अतिरिक्त वोट चाहिए. टीडीपी, वाईएसआर कांग्रेस और बीआरएस जैसे दलों का समर्थन मिलने पर सरकार इस आंकड़े तक पहुंच सकती है.

तमिलनाडु में सत्ता परिवर्तन के बाद डीएमके का रुख भी पहले जैसा नहीं माना जा रहा है. वहीं, टीएमसी और शिवसेना (यूबीटी) के सांसदों के पाला बदलने से विपक्ष की संख्या कमजोर हुई है. राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि सरकार को डीएमके के 22 और शरद पवार गुट के आठ सांसदों से समर्थन की उम्मीद है. अगर ये दल सरकार के साथ जाते हैं तो लोकसभा में 360 का आंकड़ा हासिल करना एनडीए के लिए आसान हो सकता है.

ऐसे में कांग्रेस की कोशिश है कि डीएमके, एनसीपी (शरद पवार गुट) और दूसरे क्षेत्रीय दल सरकार के पक्ष में न जाएं. अब सबकी नजरें शनिवार को खड़गे के आवास पर होने वाली बैठक पर हैं. इसमें शामिल होने वाले दलों का रुख तय करेगा कि विपक्ष सरकार के सामने कितनी मजबूत चुनौती पेश कर पाता है.

परिसीमन बिल को कैबिनेट की मंजूरी, लोकसभा में 50% बढ़ेंगी सीटें! कौन सरकार के साथ और कौन विरोध में?