Shesh Bharat: क्या बंगलों का इतिहास देखकर DK ने बदला अपना ठिकाना? 160 साल पुराने 'गंगा' बंगले की कहानी

डीके शिवकुमार ने बेंगलुरु के 160 साल पुराने कुमारकृपा बंगले को नया सीएम आवास बनाया है. इसका नाम 'गंगा' रखा गया है. महात्मा गांधी भी 1927 में यहां ठहरे थे. कावेरी और अनुग्रह बंगले से दूरी बनाने के फैसले के पीछे वास्तु, अंधविश्वास और कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति की चर्चा है.

ADVERTISEMENT

Shesh Bharat
Shesh Bharat
Google CTA

पिछले कुछ सालों में कर्नाटक की राजनीति ने कई बड़े उलटफेर देखे हैं. राज्य में मुख्यमंत्री तो कई बदले, लेकिन किसी का भी कार्यकाल पूरा नहीं हो पाया, एचडी कुमारस्वामी से लेकर बीएस येदियुरप्पा, बसवराज बोम्मई और सिद्धारमैया तक, हर किसी की कुर्सी समय से पहले ही बदल गई. दिलचस्प बात यह है कि पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया आज भी पारंपरिक सीएम हाउस 'कावेरी' में ही रहते हैं, लेकिन नए मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने सत्ता संभालने के बाद भी आज तक अपना निजी घर नहीं छोड़ा था. अब जाकर शिवकुमार ने इस राजनीति और वास्तु के पेंच का ऐसा तोड़ निकाला है कि उन्होंने अपने लिए एक नया ऑफिशियल सीएम हाउस ही तैयार कर दिया है.

160 साल पुराने बंगले को बनाया नया सीएम हाउस

सीएम पद पर रहने तक डीके शिवकुमार ने जो नया घर ढूंढा है, वो दरअसल 160 साल पुराना है. East-facing 12 कमरों वाला कुमारकृपा बंगला शिवकुमार की वास्तु प्राथमिकताओं के बिल्कुल अनुकूल था. आध्यात्मिक गुरु नोनाविनाकेरे अज्जय्या के कहने पर डीके ने कावेरी की राजनीति के बीच गंगा नाम रखते हुए गृहप्रवेश कर लिया. शिवकुमार ने बंगले के अंदर के कमरों और मीटिंग हॉल के नाम कर्नाटक की नदियों पर ही रखे हैं. ऐतिहासिक इमारत कुमारकृपा का नाम बदलकर गंगा करने के बाद डीके शिवकुमार ने पत्नी उषा के साथ गृहप्रवेश की पूजा की. पूजा करने के बाद वे सोनिया गांधी के बुक लॉन्च के लिए दिल्ली रवाना हुए.

आखिर क्यों डीके को नए सीएम हाउस की जरूरत पड़ी?

आखिर डीके शिवकुमार को नया सीएम हाउस बनाने की जरूरत क्यों पड़ी? इसके पीछे कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति और बंगलों से जुड़े अंधविश्वास की बड़ी कहानी है. परंपरागत रूप से बेंगलुरु का 'कावेरी' (Cauvery) बंगला मुख्यमंत्री का सरकारी घर रहा है. लेकिन जून 2026 में सत्ता हस्तांतरण के दौरान हुए समझौते के तहत पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया 2028 तक कावेरी बंगले में ही बने रहेंगे. शिवकुमार ने सिद्धारमैया से बंगला खाली कराने के बजाय अपने लिए नया रास्ता चुना. हो सकता है, उन्होंने यह भी सोचा हो कि जिस बंगले में सिद्धारमैया 5 साल का कार्यकाल पूरा नहीं कर पाए, उसमें शिफ्ट होने का रिस्क क्यों लिया जाए.

अनुग्रह बंगले से भी बनाई दूरी

कावेरी के ठीक बगल में अनुग्रह बंगला भी सीएम का घर रहा है, लेकिन डीके शिवकुमार ने वहां जाना मंजूर नहीं किया. अनुग्रह बंगले को कर्नाटक की राजनीति में अशुभ माना जाता है. 'कावेरी' के बगल वाला 'अनुग्रह' बंगला इसलिए बदनाम हुआ क्योंकि वहां रहने वाले एसएम कृष्णा ने 2004 में समय से पहले चुनाव कराए और हार गए, डीवी सदानंद गौड़ा की 11 महीने में कुर्सी चली गई और एचडी कुमारस्वामी की 14 महीने में सरकार गिर गई. ये सभी अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर पाए. हालांकि, डीके शिवकुमार भी बीच कार्यकाल में सीएम बने हैं. ढाई साल से ज्यादा समय तक सिद्धारमैया सीएम रहे. बचे हुए समय के लिए डीके को सीएम पद संभालना है. बंगले की परीक्षा है कि 2028 में डीके शिवकुमार सीएम बनकर वापसी कर पाते हैं या नहीं.

महात्मा गांधी से भी जुड़ा है इस बंगले का इतिहास

करीब 14 एकड़ में फैली ऐतिहासिक इमारत 1856 से 1880 के बीच मैसूर रियासत के दीवान रहे सर के. शेषाद्री अय्यर के रहने के लिए बनी थी. भगवान कुमारस्वामी (कार्तिकेय) के भक्त होने के कारण उन्होंने इसका नाम 'कुमारकृपा' रखा था. इस बंगले से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की यादें भी जुड़ी हैं. 1927 में बेंगलुरु दौरे के दौरान तबीयत खराब होने पर महात्मा गांधी इसी बंगले में करीब दो से तीन महीने तक रुके थे और परिसर में लगे पीपल के पेड़ के नीचे रोज शाम प्रार्थना सभा करते थे. आजादी के बाद इसे VVIP सरकारी गेस्ट हाउस बना दिया गया था, जिसे अब स्थायी रूप से मुख्यमंत्री आवास का रूप दे दिया गया है.

सदाशिवनगर का निजी बंगला रहा कांग्रेस का पावर सेंटर

नए सरकारी बंगले में शिफ्ट होने से पहले तक डीके शिवकुमार बेंगलुरु के सबसे पॉश इलाके सदाशिवनगर के अपने निजी आलीशान बंगले से ही काम कर रहे थे. 1990 के दशक के आखिर और 2000 के शुरुआत में बने इस निजी घर के लिए उन्होंने बैंक से करोड़ों का हाउसिंग लोन भी लिया था. पिछले दो दशकों से यह बंगला कर्नाटक कांग्रेस का सबसे बड़ा 'वॉर रूम' और पावर सेंटर रहा है. यही वह घर है जहां अगस्त 2017 में गुजरात राज्यसभा चुनाव के दौरान आयकर विभाग (IT) ने तीन दिनों तक मैराथन छापेमारी की थी और अक्टूबर 2020 में CBI ने भी तलाशी ली थी. हालांकि, मुख्यमंत्री बनने के बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल और रोजाना मिलने आने वाले हजारों समर्थकों और अधिकारियों की भीड़ के कारण इस निजी घर में जगह कम पड़ने लगी थी, जिसके चलते उन्हें एक बड़े सरकारी आवास में शिफ्ट होना पड़ा.

बीजेपी-जेडीएस ने उठाए सवाल, शिवकुमार ने दी सफाई

बीजेपी और जेडीएस ने सरकार को घेरते हुए इसे "इतिहास के साथ विश्वासघात" करार दिया है. विपक्ष का आरोप है कि मुख्यमंत्री ने अपनी निजी सुविधा और वास्तु के लिए महात्मा गांधी से जुड़ी 160 साल पुरानी सार्वजनिक धरोहर में बदलाव कर उसे निजी आवास बना दिया है. रेनोवेशन पर भारी सरकारी खर्च के आरोपों पर खुद मुख्यमंत्री शिवकुमार ने सामने आकर सफाई दी है कि इमारत के मूल ढांचे में केवल 10 फीसदी बदलाव किया गया है और सरकारी खजाने पर बोझ न पड़े, इसलिए उन्होंने अपने सदाशिवनगर वाले निजी घर से ही 80 से 90 फीसदी फर्नीचर, यहां तक कि निजी बिस्तर भी मंगवाया है. आज शिवकुमार ने सत्ता पक्ष और विपक्ष के सभी 224 विधायकों, MLC और सांसदों को 'गंगा' में आमंत्रित किया है, जिसे विपक्ष के आरोपों को शांत करने और मुख्यमंत्री के रूप में अपनी मजबूत पकड़ दिखाने के एक बड़े दांव के तौर पर देखा जा रहा है.

Shesh Bharat: मां को बचपन में खोया, फिर लॉटरी किंग की बेटी से हुआ प्यार, अब 14 साल बाद टूटी शादी, जानें कौन हैं थलपति विजय के करीबी आढव अर्जुन?