खड़गे के 'बाप भी जाएगा' बयान पर बवाल, पटना में शिकायत दर्ज, BJP आज देशभर में करेगी प्रदर्शन

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता पर दिए बयान को लेकर विवाद बढ़ गया है. पटना में उनके खिलाफ शिकायत दर्ज हुई है. BJP ने 26 अक्टूबर को देशभर में प्रदर्शन और पटना में पुतला दहन का ऐलान किया है. कांग्रेस नेताओं ने खड़गे का बचाव किया है.

ADVERTISEMENT

NewsTak
Google CTA

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर दिए गए बयान पर विवाद बढ़ गया है. इस मामले में पटना के कोतवाली थाने में उनके खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है. वहीं, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सोमवार, 26 अक्टूबर को देशभर में प्रदर्शन करने और खड़गे का पुतला जलाने का ऐलान किया है. दूसरी तरफ, कांग्रेस नेताओं ने बयान का बचाव करते हुए बीजेपी पर राजनीतिक बदले की कार्रवाई करने का आरोप लगाया है.

पटना में खड़गे के खिलाफ शिकायत दर्ज

मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ यह शिकायत बीजेपी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कृष्णा सिंह कल्लू ने दर्ज कराई है. उन्होंने पटना के कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दी है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कांग्रेस अध्यक्ष ने एक सार्वजनिक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके पिता को लेकर अभद्र और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया.

यह विवाद खड़गे के पटना दौरे के दौरान दिए गए बयान से जुड़ा है. एक कार्यक्रम में खड़गे ने कहा था कि SIR में गड़बड़ी करने वालों को जेल भेजा जाएगा. इस दौरान एक व्यक्ति ने कहा, 'मोदी नहीं जाएंगे.' इस पर खड़गे ने जवाब देते हुए कहा, 'मोदी का बाप भी जाएगा.' उनके इसी बयान को लेकर बीजेपी ने विरोध जताया है.

BJP देशभर में करेगी प्रदर्शन, पटना में फूंकेगी पुतला

बीजेपी ने खड़गे के बयान को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता के प्रति अपमानजनक और आपत्तिजनक बताया है. पार्टी ने घोषणा की है कि सोमवार को सभी राज्यों की राजधानियों में जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा. बीजेपी ने कांग्रेस अध्यक्ष का पुतला जलाने का भी ऐलान किया है. पार्टी के मुताबिक, 26 अक्टूबर को सुबह पटना के इनकम टैक्स सर्कल में खड़गे का पुतला फूंका जाएगा.

पवन खेड़ा ने बीजेपी पर लगाया बदसलूकी का आरोप

विवाद पर कांग्रेस ने भी पलटवार किया है. कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने कहा कि यह दूसरी बार है, जब संघ और बीजेपी के लोगों ने खड़गे के साथ बदसलूकी की है. उन्होंने उत्तराखंड की एक घटना का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि इससे पहले दलित होने के कारण खड़गे के खिलाफ कथित तौर पर शुद्धिकरण की कार्रवाई की गई थी.

पवन खेड़ा के मुताबिक, बिहार में खड़गे के भाषण के दौरान एक बीजेपी कार्यकर्ता ने चिल्लाकर कहा था कि मोदी कहीं नहीं जाएंगे, चाहे उनके पिता भी आ जाएं. खेड़ा ने कहा कि एक वरिष्ठ नेता के खिलाफ ऐसी भाषा के जवाब में खड़गे ने संघ और मोहन भागवत का संदर्भ देते हुए कहा था कि मोदी जरूर जाएंगे और उनके वैचारिक पिता भी जाएंगे.

खेड़ा ने इस पूरे मामले के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के सीधे निर्देश होने का आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा कि देश इसे कभी माफ नहीं करेगा.

भूपेश बघेल ने भी किया खड़गे का बचाव

कांग्रेस नेता भूपेश बघेल ने भी खड़गे के बयान का बचाव किया. उन्होंने सवाल उठाया कि इसमें गाली जैसी क्या बात है. बघेल के मुताबिक, भाषण के दौरान एक व्यक्ति चिल्ला रहा था और खड़गे ने जवाब में बोलने के सामान्य तरीके के तौर पर यह बात कही.

बघेल ने कहा कि किसी के देवता या पिता के जाने की बात कहना अपने आप में बेइज्जती नहीं है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भाषा पर भी सवाल उठाए. बघेल ने '50 करोड़ की गर्लफ्रेंड', 'जर्सी गाय' और 'मंगलसूत्र छीनने' जैसे बयानों का जिक्र करते हुए पूछा कि जब प्रधानमंत्री ऐसी बातें कहते हैं, तब बीजेपी के नेता चुप क्यों रहते हैं.

फिलहाल, खड़गे के बयान को लेकर बीजेपी और कांग्रेस आमने-सामने हैं. बीजेपी ने देशभर में विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है, जबकि कांग्रेस नेता इस बयान को लेकर पार्टी अध्यक्ष का बचाव कर रहे हैं.

पटना में खड़गे के भाषण पर बवाल, पीएम मोदी पर टिप्पणी के बाद भिड़े कांग्रेसी, युवक की पिटाई!