आर्टिकल 370 हटने के बाद से जम्मू-कश्मीर में हो रहा पहला बड़ा चुनाव, जानिए 2019 से अब तक क्या-क्या बदला
आर्टिकल 370 के हटने के बाद यह पहला बड़ा मौका है जब इतने बड़े पैमाने पर जम्मू-कश्मीर चुनाव हो रहे है. वैसे इससे पहले तो कश्मीर में चुनाव एक दहशत भरी कहनी से कम नहीं रहा है.
ADVERTISEMENT

Jammu-Kashmir Election: 5 अगस्त 2019 को जम्मू-कश्मीर में एक बड़ा बदलाव हुआ. साल 1954 से संविधान के आर्टिकल 370 के तहत जम्मू-कश्मीर को मिले विशेष राज्य के दर्जे को इस दिन समाप्त कर दिया गया. जम्मू-कश्मीर से राज्य का दर्जा भी छिन लिया गया और उसे एक केंद्र शासित प्रदेश बना दिया गया. तब से लेकर अब तक प्रदेश में विधानसभा या लोकसभा का कोई चुनाव नहीं हुआ था. अब जाकर लोकसभा का चुनाव हो रहा है. जम्मू-कश्मीर में लोकसभा की 5 सीटें है. सात चरणों में होने वाले इस लोकसभा चुनाव के चार चरण संपन्न हो चुके है जिसमें प्रदेश की 4 सीटों पर वोटिंग हो चुकी है. बारामूला में वोटिंग होनी अभी बाकी है जो 20 मई को होगी. वैसे इस चुनाव में दिलचस्प बात ये रही कि बड़ी संख्या में वोटर बाहर निकले और मतदान किया जो इससे पहले के चुनावों में विरले ही देखने को मिला है.